Home Blog Page 172

टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद फिल्म निर्माता अमित जानी को मिली जवाबी फायरिंग की धमकी, गृह मंत्रालय और नोएडा पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

नित्य संदेश ब्यूरो

नोएडा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर पर हुए हमले के बाद लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़े 2 ऑडियो वायरल होने के मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। इस मामले में एंटी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप की तरफ से एक कथित ऑफर/धमकी भरा ऑडियो ‘काला हिरण’ फिल्म के निर्माता अमित जानी को मिला है।

अमित जानी के अनुसार, ऑडियो में कहा जा रहा है – “अगर तुम टाइगर श्रॉफ पे फायरिंग कर सकते हो तो हम भी तुमपे फायरिंग कर सकते है।” जानी ने इस ऑडियो की जानकारी गृह मंत्रालय और नोएडा पुलिस को दी है। अमित जानी ने बताया कि ‘काला हिरण’ फिल्म के निर्माण के समय से ही पूरा एंटी लॉरेंस ग्रुप उन्हें टारगेट बनाए हुए है। उन्हें शक है कि जानी के संबंध लॉरेंस बिश्नोई से हैं और वह उसकी फंडिंग से उसे हीरो बनाकर फिल्म बना रहे हैं। जानी ने स्पष्ट किया, “मेरा किसी भी गैंग से या उसके सरगना से कोई संबंध नहीं है। लेकिन टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद अब ऑडियो में कहा जा रहा है कि ‘तुम गोली चला सकते हो तो हम भी चला सकते है’। मेरा टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले से क्या लेना-देना है जो मुझे जवाबी गोलीबारी की धमकी दी जा रही है?”

उन्होंने कहा कि यह एंटी लॉरेंस ग्रुप की पुरानी धारणा है कि लॉरेंस उनका साथी है और वह उसको ‘काला हिरण’ फिल्म में हीरो के रूप में पेश कर रहे हैं और लॉरेंस जो करता है उसकी जानकारी उन्हें रहती है। अमित जानी के मुताबिक उन्हें पहले भी बम्बइया गैंग, नीरज गैंग, कौशल चौधरी गैंग, हिमांशु भाऊ गैंग, रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और शहजाद भट्टी की तरफ से धमकियां मिल चुकी हैं, जिनकी रिपोर्ट विभिन्न थानों में दर्ज है। फिलहाल उन्होंने प्रशासन से अपनी सुरक्षा बढ़ाने और इस नए धमकी भरे ऑडियो की जांच कराने की मांग की है।

बच्ची के समझदार होने तक मुस्कान की फांसी टाली जाए: कवि युगल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। जैनाचार्य सौरभ सागर महाराज के 56वें जन्म जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में जिला कारागार में कवि युगल सौरभ जैन सुमन एवं डॉ. अनामिका जैन अम्बर ने फल वितरित किए।इस मध्य उनकी भेंट कारागार में नीले ड्रम कांड की अभियुक्त मुस्कान से भी हुई। ज्ञात हो जबसे मुस्कान जेल में है, अभी तक कोई भी उससे मुलाकात करने नहीं आया है। ये पहला अवसर था, जबकि कारागार में उससे किसी ने भेंट की हो।

डॉ. अनामिका जैन अम्बर ने कहा कि उनसे बात करते हुए मुस्कान की आंखों में आंसू थे। पश्चाताप की अग्नि में झुलस रही मुस्कान को अब अपनी दुधमुंही बेटी के भविष्य की चिंता है।
सौरभ सुमन ने बताया कि फल देते हुए जब उन्होंने मुस्कान को कहा कि पूज्य श्री का जन्मदिन है, इसे प्रसाद समझ कर ग्रहण करो, जो भी पाप हुए हैं वो क्षय होंगे, ईश्वर सब अच्छा करेंगे। ये सुन कर मुस्कान की आँखें भर गई। वो कुछ नहीं बोली और प्रसाद स्वीकार किया।

अनामिका जैन अम्बर ने जेल से बाहर आकर इच्छा जताई कि मुस्कान की बिटिया को हम अपने स्कूल में पढ़ाने को, उसका पढ़ाई का समस्त खर्च उठाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर मुस्कान ने अक्षम्य अपराध किया है तथापि उस बिटिया का क्या दोष जिसने जन्म भी कारवास में लिया। उससे उसकी मां को छीनना न्याय नहीं है। मैं माननीय न्यायालय से प्रार्थना करूंगी कि मुस्कान को तब तक फांसी न दी जाए जब तक उसकी बिटिया इस योग्य न हो जाए कि वो खुद का लालन पालन कर सके। सौरभ सुमन ने कहा कि हमारा स्कूल है। हम मुस्कान की बिटिया को निःशुल्क शिक्षा देना चाहते हैं। उसका विवाह तक शिक्षा पर जो भी व्यय होगा वह कवि युगल उठाने को तैयार है।

ऑल सेंट्स स्कूल में तीन दिवसीय आधार कार्ड शिविर का शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। ऑल सेंट्स स्कूल में गुरुवार को भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आधार कार्ड शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को आधार कार्ड में संशोधन तथा नए आधार कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर के आयोजन से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को काफी लाभ मिला।

कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रपति पदक से अलंकृत एवं पोस्ट फोरम सलाहकार समिति के सदस्य सरदार सरबजीत सिंह कपूर ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर आमजन को आवश्यक सरकारी सेवाएँ सरलता से उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. डॉली ऑगस्टीन एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। प्रधानाचार्या डॉ. डॉली ऑगस्टीन ने भारतीय डाक विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में इस प्रकार की सुविधाएँ उपलब्ध कराने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का समय और श्रम बचता है। उन्होंने इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को आधार कार्ड से संबंधित आवश्यक सेवाएँ विद्यालय परिसर में ही प्राप्त करने का अवसर मिला। इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षा संस्थानों और सरकारी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए समाज को सुविधाजनक सेवाएँ उपलब्ध कराना है। ऑल सेंट्स स्कूल परिवार ने भारतीय डाक विभाग के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की तथा शिविर के सफल संचालन में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।

युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी में गुरुवार तड़के एक युवक ने सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान शुभम श्रीवास्तव, निवासी श्रद्धापुरी फेस-2, कंकरखेड़ा के रूप में हुई है। वह तीन दिन पहले अपने चाचा राकेश के घर कैलाशपुरी आया था।

परिजनों के मुताबिक, शुभम ने रात करीब 3:30 बजे अपनी बहन कोमल को वॉट्सऐप पर मैसेज किया। बहन ने सुबह मैसेज देखा, तब तक देर हो चुकी थी। सुबह करीब 9:30 बजे चाचा ने कमरे में देखा तो घटना का पता चला। बताया गया कि शुभम ने करीब दो साल पहले प्रेम विवाह किया था और डेढ़ साल पहले तलाक हो गया था। इसके बाद से वह तनाव में था। दो महीने पहले वह काम के लिए दिल्ली चला गया था। पिता मनोज श्रीवास्तव गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। नौचंदी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सिविल लाइन दीक्षा भोरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भक्ति श्रृंगार एंपोरियम का फीता काटकर शुभारंभ किया

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मोदीपुरम स्थित पुरानी एलआईसी, नई कॉलोनी में भक्ति श्रृंगार एंपोरियम का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। व्यापारी देवेंद्र चौहान ने फीता काटकर दुकान का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने दुकान संचालक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कहा कि प्रतिष्ठान दिन-दोगुनी, रात-चौगुनी तरक्की करे और व्यापार निरंतर आगे बढ़े।कार्यक्रम में पूरन चंद सैनी, कृष्ण सैनी, धीरज चावला, जफर सैफी, डा. भूपेंद्र, विकास गुप्ता, लाल सिंह, बलजीत भाई, नवीन कंसल, फुरकान सैफी, राहुल मौतला, अंकुर सिवाया, बॉबी भाई आदि मौजूद रहे।