Home Blog Page 84

बेसहारा मुजाहिद (काल्पनिक नाम) के लिए सहारा बनी जन कल्याण समिति, कराया हाथ की टूटी हड्डी का ऑपरेशन

नित्य संदेश ब्यूरो

अलीगढ़। इंसानियत और समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए जन कल्याण समिति ने आर्थिक रूप से कमजोर और बेसहारा मुजाहिद (काल्पनिक नाम) के हाथ की टूटी हड्डी का ऑपरेशन कराकर उसे बड़ी राहत पहुंचाई।

संस्था के सचिव मुज़फ़्फ़र इक़बाल ने बताया कि मुजाहिद के हाथ की हड्डी 10 अक्टूबर को टूट गई थी। वह इलाज कराने के लिए गए तो इलाज का खर्चा सुन मायूस होकर वापस अपने घर चले गए परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह समय पर अपना इलाज नहीं करा पा रहै थे। जब इस मामले की जानकारी मोहम्मद रेहान ने जन कल्याण समिति के अध्यक्ष इमरान खान को दी तो उन्होंने तत्काल मदद के लिए आगे आते हुए उसके ऑपरेशन की जिम्मेदारी उठाई और उसका ऑपरेशन कराया।

इस सराहनीय पहल पर समिति के अध्यक्ष इमरान खान ने कहा कि जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की मदद करना समिति का मुख्य उद्देश्य है। हमारी कोशिश है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब इंसान को इलाज से महरूम न रहना पड़े।

समिति के सचिव मुज़फ़्फ़र इक़बाल ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। इंसानियत की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। समिति आगे भी इसी तरह जरूरतमंदों की मदद करती रहेगी।

इस अवसर पर मोहम्मद रेहान ने संस्था का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि जन कल्याण समिति अपने कार्यों से एक अलग पहचान बना चुकी है। समिति ने आम लोगों से भी अपील की कि वे जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि किसी गरीब को मजबूरी में इलाज से वंचित न रहना पड़े।

केवी पब्लिक स्कूल में दीपावली के उपलक्ष्य में रामायण के प्रेरणादायक प्रसंगों का मंचन

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। केवी पब्लिक स्कूल में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रामायण के विभिन्न पात्रों का जीवंत चित्रण एवं उनके माध्यम से जीवन की महत्वपूर्ण सीख प्रस्तुत करना रहा।

विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी एवं रावण सहित रामायण के विभिन्न पात्रों की वेशभूषा धारण कर उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग, आज्ञाकारिता, भाईचारे, मित्रता एवं बुराई पर अच्छाई की विजय जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को समझाया।

विद्यार्थियों ने बताया कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, वहीं हनुमान जी का चरित्र निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव का संदेश देता है। रावण का प्रसंग हमें अहंकार और अधर्म के दुष्परिणामों से सीख लेने की प्रेरणा देता है।

विद्यालय के निदेशक इंजी. असीम गुप्ता ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों को समझने का भी माध्यम हैं। रामायण की शिक्षाएं आज भी हमारे जीवन में उतनी ही प्रासंगिक हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विनय गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सांस्कृतिक जागरूकता एवं अच्छे संस्कारों का विकास करते हैं।

कार्यक्रम का समापन सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देने तथा प्रेम, सद्भाव, खुशहाली और सकारात्मकता का संदेश देने के साथ हुआ।

रॉकलैंड इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली उत्सव

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। नगर के रॉकलैंड इंटरनेशनल स्कूल में दीपावली का पर्व बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चारों सदनों – आजाद हाउस, भगत हाउस, गांधी हाउस एवं सुभाष हाउस के विद्यार्थियों ने दीपावली थीम पर आकर्षक हाउस बोर्ड सजाए। साथ ही विद्यार्थियों ने फूलों एवं प्राकृतिक सामग्री से इको-फ्रेंडली रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आजाद हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अमित गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें ज्ञान, प्रेम, सद्भावना एवं सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है।उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने, शिक्षा एवं संस्कारों को जीवन में महत्व देने तथा पर्यावरण-अनुकूल एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में ऐसा प्रकाश फैलाना चाहिए, जिससे समाज और राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल बने। विद्यालय के निदेशक विनीत पराशर एवं अंशुल गर्ग ने भी सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं उत्साह की सराहना की। उपनिदेशक पदम सेन मित्तल ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा समस्त स्टाफ सदस्यों को दीपावली के उपहार भेंट किए गए।

चेयरमैन अमित गुप्ता ने विद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों को समाचार माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुँचाने के लिए मीडिया प्रतिनिधियों का विशेष आभार व्यक्त किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

डीएम पब्लिक स्कूल परीक्षितगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया गया दीपावली महोत्सव

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। डी एम पब्लिक स्कूल में दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक रंगोलियों, दीपों एवं मनमोहक सजावट से सुसज्जित किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विद्यालय के निदेशक रविंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दीपावली प्रकाश, ज्ञान, सद्भाव एवं सकारात्मकता का प्रतीक है। स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद सिंह ने सभी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सम्पूर्ण विद्यालय परिसर उत्सव की उमंग और उल्लास से आलोकित हो उठा। और इस अवसर पर स्कूल का समस्त स्टॉफ मौजूद रहा l

दीपावली एवं धनतेरस पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पद्मावती उमेशचंद सरस्वती शिशु मंदिर मेघराजपुर में दीपावली एवं धनतेरस का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथियों के रूप में डॉ. सुमित उपाध्याय (नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ ईएनटी सर्जन), पवन त्यागी (विभाग संयोजक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि), डॉ. प्रमोद कुमार महाजन (प्रबंधक, पराग डेयरी), श्री कृष्ण गोपाल भारद्वाज (केमिकल इंजीनियर एवं जुबिलेंट के पूर्व प्रबंधक) तथा अंकित शर्मा (विभाग संपर्क प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) उपस्थित रहे।

दीपावली एवं धनतेरस के पावन अवसर पर हवन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया गया तथा सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के जिन विद्यार्थियों एवं उनके भाई-बहनों का जन्मदिन था, उन्हें भी शुभकामनाएँ दी गईं। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा स्वदेशी वस्तुओं एवं स्वयं निर्मित सजावटी सामग्री से तैयार की गई आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।

बच्चों ने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, भारतीय संस्कृति एवं आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दीपावली से संबंधित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।अतिथियों ने सभी को पर्यावरण-अनुकूल, सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, प्रेम, सद्भाव एवं खुशियों का पर्व है। हमें इस पर्व को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाते हुए पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।