Home Blog Page 83

सशक्त महिलाएं ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला : सुभारती में नारा प्रतियोगिता आयोजित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद शोध पीठ की ओर से भगिनी निवेदिता जी की 159वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘महिला सशक्तिकरण एवं विकसित भारत’ विषय पर नारा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पोस्टर और प्रभावशाली नारों के माध्यम से महिला शिक्षा, लैंगिक समानता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी का संदेश दिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना तथा समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना था। महिला शिक्षा, सामाजिक उत्थान और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में भगिनी निवेदिता के योगदान से प्रेरित इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से महिला अधिकारों, समान अवसरों और महिलाओं की नेतृत्व क्षमता से जुड़े विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि विकसित भारत का सपना महिलाओं की समान भागीदारी, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्त नेतृत्व के बिना पूरा नहीं हो सकता। प्रतिभागियों ने अपने नारों के जरिए समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रो. (डॉ.) मोनिका मेहरोत्रा, प्रोफेसर एवं संयोजिका, स्वामी विवेकानंद शोध पीठ के मार्गदर्शन एवं समन्वय में किया गया। निर्णायकों ने नारों की मौलिकता, रचनात्मकता, विषयानुकूलता, संदेश की स्पष्टता और प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया, प्रतियोगिता के परिणामों में नीलिमा राणा, सुकृति कुमारी एवं श्रुति राठौर ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं श्वेता शर्मा ने द्वितीय तथा माही चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि महिलाओं को शिक्षा, समान अवसर और नेतृत्व के लिए प्रोत्साहित करना केवल सामाजिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के समग्र विकास की अनिवार्य शर्त है। समग्र रूप से यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, राष्ट्रीय चेतना और मूल्यपरक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में स्वामी विवेकानंद शोध पीठ की एक सार्थक पहल रही।

आयोजन ने इस विचार को और मजबूत किया कि सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं ही समावेशी, प्रगतिशील एवं विकसित भारत के निर्माण की वास्तविक आधारशिला हैं।

विद्यार्थियों को सिखाया राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण का पाठ

  • ‘रचना’ अभियान के तहत गुरुग्राम के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, घाटा में आयोजित हुआ प्रेरणादायक कार्यक्रम, 250 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

नित्य संदेश ब्यूरो

गुरुग्राम। विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय माध्यमिक विद्यालय, घाटा, गुरुग्राम में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान ‘रचना’ के अंतर्गत प्रेरणादायक एवं शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय पाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शोभा गुप्ता ने ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के उद्देश्यों से परिचित कराते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति, नैतिकता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने ‘जय हिंद’, ‘वंदे मातरम’ और ‘देश प्रथम-सदैव प्रथम’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।

डॉ. शोभा गुप्ता ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित देश के महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को ‘देश प्रथम-सदैव प्रथम’ की भावना के अनुरूप अपने आचरण और व्यवहार का निर्माण करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवन शैली के महत्व के बारे में भी बताया। साथ ही अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्री अमोद गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की आवश्यकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को एक विशेष संदेश देते हुए कहा कि वे अपने प्रत्येक जन्मदिवस पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे बड़ा करने की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से राष्ट्रीय चेतना, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए और अपनी सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम को रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं लगभग 250 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय चरित्र निर्माण के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में ‘उन्मुक्त भारत’ के अंतर्गत राष्ट्रीय चरित्र निर्माण योजना प्रारंभ की गई है, जिसे ‘रचना’ नाम दिया गया है।

इस अभियान की तीसरी इकाई का शुभारंभ 8 दिसंबर 2025 को गुरुग्राम के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, बहरामपुर में डॉ. अतुल कृष्ण की अध्यक्षता में किया गया था। अभियान की अन्य दो इकाइयां मेरठ एवं देहरादून में सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।

गुरुग्राम में इस अभियान के अंतर्गत अब तक विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें 17 दिसंबर को राजकीय उच्च विद्यालय, उल्लाहवास, 25 फरवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कादरपुर, 22 अप्रैल को आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा 5 जुलाई को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कादरपुर में आयोजित कार्यक्रम प्रमुख हैं।

कार्यक्रम के अंत में श्री अमोद गुप्ता ने विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विजय पाल, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं सभी विद्यार्थियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन ‘आज़ाद हिंद गान’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण : अश्विनी त्यागी

  • जिला स्तरीय युवा संसद में गूंजा विकसित भारत 2047 का संकल्प, युवाओं ने रखे वन नेशन, वन इलेक्शन पर विचार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शुक्रवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन विश्वविद्यालय के अटल सभागार में किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘यूथ लीडर डायलॉग : विकसित भारत 2047’ रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य एवं एमएलसी अश्विनी त्यागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. दुष्यंत चौहान के दिशा-निर्देशन में किया गया।

मुख्य अतिथि अश्विनी त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। आज का युवा केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान में देश की दिशा और दशा तय करने वाली शक्ति है। युवाओं में असीम ऊर्जा, नवीन विचार, तकनीकी दक्षता और नेतृत्व क्षमता है। आवश्यकता है कि वे अपनी इस क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण, सामाजिक परिवर्तन और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में करें।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हमारे लोकतंत्र की मजबूती जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिकों पर निर्भर करती है। युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों तथा राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे मंच युवाओं में तर्कपूर्ण विचार रखने, सकारात्मक संवाद करने, असहमति का सम्मान करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वन नेशन, वन इलेक्शन विषय पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश की लोकतांत्रिक और चुनावी व्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। इस पर युवाओं को तथ्यों, संवैधानिक प्रावधानों, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्रीय हित के दृष्टिकोण से गंभीरता से विचार करना चाहिए। लोकतंत्र में किसी भी विषय पर अलग-अलग विचार होना स्वाभाविक है, लेकिन विचारों की अभिव्यक्ति में संवैधानिक मर्यादा, तार्किकता और राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल डिग्री प्राप्त करने तक अपनी शिक्षा को सीमित न रखें, बल्कि अपने अंदर सामाजिक जिम्मेदारी, नवाचार, उद्यमिता, वैज्ञानिक सोच और नेतृत्व के गुण विकसित करें। आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत, डिजिटल भारत और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं को अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के ये युवा ही वर्ष 2047 के विकसित भारत के वास्तविक निर्माता होंगे।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. जूही अग्रवाल, असिस्टेंट प्रोफेसर, वर्धमान कॉलेज बिजनौर; डॉ. सत्येंद्र कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ; डॉ. मनोज श्रीवास्तव, प्रोफेसर, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय तथा डॉ. भूपेंद्र जी, असिस्टेंट प्रोफेसर, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ ने निभाई।

इस जिला स्तरीय युवा संसद में लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर तीन मिनट की निर्धारित समयावधि में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों में विषय के विभिन्न पहलुओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया तथा देश के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विचार रखे।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओम ठाकुर ने प्रथम स्थान, प्रीति कालरा ने द्वितीय स्थान तथा निशा रस्तोगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को आगामी चरण में लखनऊ स्थित विधान सभा में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।

कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल एवं आयोजन मंडल ने विजेता छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। साथ ही सभी प्रतिभागियों के उत्साह, विचारों और लोकतांत्रिक विमर्श में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

दीपावली पर विशेष सावधानी एवं स्वास्थ्य संदेश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दीपावली का त्योहार खुशियों, प्रकाश और उत्साह के साथ मनाएँ, लेकिन स्वास्थ्य एवं पर्यावरण का ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।दीपावली पर कुछ आवश्यक सावधानियाँ अपनाएँ—

1. पटाखों से बचें! पटाखों का प्रयोग न करें। ध्वनि एवं वायु प्रदूषण कम करने में अपना सहयोग दें।

2. मिठाइयों का सेवन सीमित करें! बाजार की बनी मिठाइयों का कम से कम सेवन करें। स्वास्थ्यवर्धक विकल्प अपनाएँ।

3. वाहनों का प्रयोग कम करें! त्योहार के दौरान अनावश्यक रूप से वाहन लेकर बाजार न जाएँ।

4. प्रदूषण कम करें! स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।

5. प्राथमिक उपचार की तैयारी रखें! घर में स्वच्छ पानी तथा प्राथमिक उपचार की आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखें।

दीपावली पर विशेष सावधानी एवं स्वास्थ्य संदेश

जले हुए अंग को तुरंत साफ, ठंडे बहते पानी के नीचे लगभग 30 मिनट तक रखें।- यदि बहता पानी उपलब्ध न हो, तो साफ ठंडे पानी में अंग को डुबोकर रखें।- पानी गर्म होने पर उसे बदलते रहें।- जले हुए स्थान पर सीधे बर्फ न लगाएँ।- टूथपेस्ट, घी, तेल या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएँ।- गंभीर जलन, बड़े घाव, चेहरे या आँखों के आसपास जलने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।?

सुरक्षित दीपावली • स्वस्थ दीपावली • प्रदूषण मुक्त दीपावली ?आपकी सावधानी, सबकी सुरक्षा!

प्रो. (डॉ ) अनिल नौसरान

Cyclomed Fit IndiaTwo Wheels • One Mission • A Healthy World

दिवाली पर 5 दिनों का अवकाश सुनिश्चित किया जाना चाहिए

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मुख्यमंत्री से विनम्र अपील! दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पारिवारिक एवं सांस्कृतिक त्योहार के अवसर पर प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में कम से कम 5 दिनों का अवकाश सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बच्चों को अपनी पढ़ाई के साथ-साथ परिवार के साथ घर जाने, रिश्तेदारों से मिलने तथा भारतीय त्योहारों को आनंदपूर्वक मनाने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।

त्योहार केवल छुट्टियाँ नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पारिवारिक एकता और संस्कारों से जुड़ने का अवसर हैं। अतः मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि दीपावली के अवसर पर सभी विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में न्यूनतम 5 दिनों का अवकाश सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें। बच्चों को पढ़ाई के साथ परिवार और संस्कृति से जुड़ने का अवसर दें।

प्रो (डॉ ) अनिल नौसरान