Home Blog Page 87

दीपावली पर नहीं होगी बिजली कटौती, एमडी ने किया निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। धनतेरस, दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी। पश्चिमांचल डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बुधवार सुबह ऊर्जा भवन स्थित 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को अलर्ट किया।

एमडी ने कहा कि मेरठ समेत सभी 14 जनपदों के कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे। कहीं भी ब्रेकडाउन होने पर मरम्मत गैंग तुरंत मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करेगी। इसके लिए पहले से ट्रॉली ट्रांसफार्मर और संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवर अभियंता और एसडीओ अपने बिजलीघर पर मौजूद रहकर निगरानी करेंगे। हेल्पलाइन नंबर 18004101912 पर आने वाली हर शिकायत का समय से निस्तारण होगा। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।

दीप जलें हर द्वार,तभी सजेगा समृद्धि का संसार

नित्य संदेश। दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं,बल्कि अपने भीतर झाँकने और समाज के प्रति अपने दायित्व को समझने का अवसर भी है। हर वर्ष हम अपने घरों को ज्योतिर्मय करते,माँ लक्ष्मी का स्वागत कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। लेकिन क्या कभी हमने विचार किया कि जिस समाज में हम समृद्धि का उत्सव मना रहे हैं,वहाँ कितने घर ऐसे हैं,जहाँ त्योहार की खुशियाँ भी आय और खर्च के गणित में उलझकर रह जाती हैं? जब बाजारों में करोड़ों की खरीदारी होती है,तब क्या हम उन परिवारों की चिंता करते हैं,जिनके लिए बच्चों को नए कपड़े दिलाना भी एक बड़ी उपलब्धि है? भारत की अर्थव्यवस्था आज विकास के नए आयाम छू रही है। बड़े उद्योगों का विस्तार हो रहा है,महँगी कारों और आलीशान मकानों का बाजार बढ़ रहा है तथा आधुनिक सुविधाओं का दायरा विस्तृत हो रहा है। लेकिन इसी चमक के बीच एक दूसरा भारत भी है,जहाँ छोटा दुकानदार ग्राहकों की प्रतीक्षा करता है,मजदूर नियमित रोजगार की उम्मीद में भटकता है और मध्यमवर्गीय परिवार बढ़ते खर्चों के बीच अपनी बचत बचाने की कोशिश करता है। अर्थशास्त्र में आर्थिक प्रगति की इस असमान तस्वीर को ‘K-Shaped Recovery’ कहा जाता है। इसमें अर्थव्यवस्था का एक हिस्सा तेजी से आगे बढ़ता है,जबकि दूसरा अपेक्षाकृत धीमी गति से आगे बढ़ता है या आर्थिक दबावों का सामना करता है।

एक ही देश में किसी के लिए दीपावली पर नई कार खरीदना सामान्य बात है,तो किसी के लिए घर में मिठाई लाना भी बजट बिगाड़ने वाला खर्च हो सकता है। यह अंतर केवल आय का नहीं,अवसरों और जीवन की परिस्थितियों का भी है। इसलिए आर्थिक विकास की सफलता को केवल GDP की वृद्धि,शेयर बाजार की चमक या बड़े कारोबारियों के मुनाफे से नहीं आँका जा सकता। वास्तविक कसौटी यह है कि विकास का लाभ आम आदमी की थाली, उसके रोजगार,उसकी बचत और उसके बच्चों के भविष्य तक कितना पहुँचा है।दीपावली के बाजारों में सबसे अधिक अनदेखे चेहरे उन लोगों के हैं,जिनकी मेहनत से त्योहार की शोभा दिखाई पड़ती है। मिट्टी के दीये बनाने वाला कुम्हार,मिठाई तैयार करने वाला कारीगर,सड़क किनारे सामान बेचने वाला छोटा व्यापारी और घरों को सजाने वाला श्रमिक ये सभी हमारी खुशियों के निर्माता हैं। विडंबना यह है कि दूसरों के घरों को प्रकाशमयी करने वाले इन हाथों के अपने घरों में कभी-कभी अभाव का अंधेरा बना रहता है। क्या यह उचित नहीं कि दीपावली पर दीये खरीदते समय हम उस कुम्हार के परिवार की आजीविका के बारे में भी सोचें? क्या हमारी खरीदारी किसी छोटे दुकानदार के घर में भी खुशियों का दीप जला सकती है?

यह प्रश्न अमीर और गरीब के बीच संघर्ष खड़ा करने का नहीं,बल्कि समृद्धि के प्रति हमारी समझ को व्यापक बनाने का है। किसी व्यक्ति का धनवान होना गलत नहीं है,उद्योगों का बढ़ना भी आवश्यक है और उद्यमियों की सफलता देश की प्रगति में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लेकिन एक स्वस्थ समाज वह है,जहाँ सफलता के अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित न रहें,जहाँ मेहनत करने वाला व्यक्ति सम्मानजनक जीवन जी सके और किसी परिवार की गरीबी उसके बच्चों के सपनों के मार्ग की स्थायी बाधा न बने। जिस समाज में धन का सम्मान हो,लेकिन श्रम का सम्मान न हो,जहाँ सफलता का उत्सव मनाया जाए,लेकिन अभाव से जूझते व्यक्ति की पीड़ा अनदेखी कर दी जाए,वहाँ विकास की कहानी अधूरी रह जाती है। आज आवश्यकता केवल आर्थिक विकास की नहीं,बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता की भी है। हमें अपने बच्चों को महँगे उपहार देने के साथ यह संस्कार भी देना चाहिए कि किसी वस्तु का मूल्य केवल उसकी कीमत से नहीं,बल्कि उसे बनाने वाले श्रमिक की मेहनत से भी तय होता है। हमें यह समझना होगा कि किसी जरूरतमंद की सहायता करना दया का प्रदर्शन नहीं,बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व है। किसी गरीब परिवार के साथ खुशियाँ बाँटते समय उसकी गरिमा और आत्मसम्मान बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।

इस दीपावली हम एक छोटा,लेकिन सार्थक संकल्प लें। स्थानीय कारीगरों से दीये खरीदें,छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करें,जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करें और उत्सव को दिखावे तथा अनावश्यक खर्च की प्रतिस्पर्धा न बनने दें। हमारी छोटी-सी पहल किसी परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकती है। समाज में परिवर्तन हमेशा बड़े भाषणों या बातों से नहीं आता,कभी-कभी वह हमारी छोटी-छोटी संवेदनशील आदतों से शुरू होता है। हमें यह भी याद रखना चाहिए कि किसी राष्ट्र की वास्तविक समृद्धि केवल ऊँची इमारतों,चमकते बाजारों और बढ़ती संपत्ति में नहीं बसती। वह उस मजदूर की सुरक्षित आजीविका में भी बसती है,उस किसान की संतुष्टि में भी,उस कर्मचारी की आर्थिक सुरक्षा में भी और उस बच्चे की आँखों में भी,जो बिना अभाव के भय के अपने भविष्य के सपने देख सके। दीपावली पर माँ लक्ष्मी का पूजन करते समय यदि हम अपने आसपास के लोगों के जीवन में खुशहाली लाने का संकल्प भी लें,तो त्योहार का सामाजिक अर्थ ओर गहरा हो जाएगा। आखिर प्रकाश का उद्देश्य केवल अपने घर का अंधेरा मिटाना नहीं,बल्कि जहाँ संभव हो,दूसरों के जीवन में भी उजाला पहुँचाना है।

इस दीपावली हमें केवल यह नहीं देखना चाहिए कि हमारे घर में कितने दीप जले,बल्कि यह भी सोचना चाहिए कि हमारे कारण से कितने चेहरों पर मुस्कान आई। क्योंकि किसी राष्ट्र की वास्तविक समृद्धि तब नहीं होती,जब उसके कुछ घर जगमगाते हैं,असली समृद्धि तब होती है,जब कोई घर अभाव के कारण अंधेरे में रहने को विवश न हो। आइए,इस दीपावली ऐसा समाज बनाने का संकल्प लें,जहाँ धन के साथ संवेदना,सफलता के साथ विनम्रता और समृद्धि के साथ साझेदारी भी बढ़े। जहाँ विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और खुशियाँ किसी की आर्थिक हैसियत की मोहताज न रहें। यही दीपावली का सच्चा संदेश है,अपने घर में दीप जलाइए,लेकिन अपने भीतर इतना प्रकाश भी जगाइए कि किसी दूसरे के घर का अंधेरा आपको दिखाई देने लगे।

शुभ दीपोंत्सव।

भवदीय
अमित राव पवार,,देवास (म.प्र.)
युवा लेखक-इतिहासविद


भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन प्रस्ताव को दी मंजूरी

नित्य संदेश ब्यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी 75 जनपदों के 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 1,200 मतदाताओं के निर्धारित मानक के आधार पर तैयार किए गए मतदेय स्थलों के सम्भाजन प्रस्ताव को 04 नवम्बर, 2026 को अनुमोदन प्रदान कर दिया है। प्रदेश में मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया 16 अक्टूबर, 2026 से प्रारम्भ की गई थी। सभी जनपदों से प्राप्त प्रस्तावों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग की स्वीकृति के लिए भेजा गया था।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सम्भाजन से पूर्व प्रदेश में मतदेय स्थलों की कुल संख्या 1,77,516 थी, जो अब घटकर 1,73,730 रह गई है। इस प्रकार सम्भाजन के बाद प्रदेश में कुल 3,786 मतदेय स्थल कम हुए हैं। अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन अब आयोग द्वारा अनुमोदित 1,73,730 मतदेय स्थलों पर किया जाएगा।

उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सम्भाजन के फलस्वरूप आयोग द्वारा अनुमोदित मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जिन मतदाताओं के मतदेय स्थल परिवर्तित हुए हैं, उन्हें संबंधित बीएलओ के माध्यम से लिखित रूप में इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इस कार्य की बीएलओ सुपरवाइजर द्वारा नियमित निगरानी की जाए तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) स्वयं इसकी जांच करें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि एक परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची के एक ही भाग में दर्ज हों। आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद यदि किसी मतदाता का नाम उसके परिवार के अन्य सदस्यों से अलग किसी अन्य मतदेय स्थल पर दर्ज पाया जाता है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक संशोधन कराया जाए।

उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सम्भाजन के फलस्वरूप आयोग द्वारा अनुमोदित सभी मतदेय स्थलों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, संबंधित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि प्रत्येक मतदाता को अपने नए अथवा परिवर्तित मतदेय स्थल की जानकारी समय से मिल सके और मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नोएडा शाखा के साथ रेलिगेयर फिनवेस्ट की दोबारा शुरुआत का पहला चरण पूरा

नित्य संदेश ब्यूरो

नोएडा। नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड ने गुरुवार को ग्राउंड फ्लोर, नोएडा बिजनेस सेंटर, ए-10बी, दीपक विहार कॉलोनी, खोड़ा, नोएडा में अपनी शाखा का उद्घाटन किया। यह शाखा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पूरे राष्ट्रीय राजधानी के नौकरीपेशा लोगों, छोटे कारोबारियों और स्वरोजगार करने वाले ग्राहकों को प्रॉपर्टी के बदले लोन, यूज्ड कार लोन, कमर्शियल लोन और बिजनेस लोन देगी। क्रिफ की हाउ इंडिया लेंड्स रिपोर्ट के अनुसार, जून 2026 तक भारत का रिटेल क्रेडिट सालाना आधार पर 19.2प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 178.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ कार्तिक श्रीनिवासन ने कहा, “नोएडा शाखा के साथ हम अपनी दोबारा शुरुआत का पहला चरण पूरा कर रहे हैं। इसके तहत उत्तर प्रदेश के ऐसे तीन शहरों में शाखाएं खुली हैं, जो देश के सबसे गतिशील क्रेडिट बाजारों में से हैं। हर बाजार कई तरह के रिटेल लोन देने वाली एनबीएफसी के रूप में हमारी नपी-तुली वापसी को दिखाता है, जो लोगों, रिस्क अनुशासन और टेक्नोलॉजी पर टिकी है। हम अपनी कामयाबी को ग्रोथ के साथ-साथ उसकी क्वालिटी और मजबूती से भी मापेंगे। साथ ही यह भी देखेंगे कि हम उन ग्राहकों को कितनी अच्छी तरह सेवा दे पाते हैं, जिन तक बैंकिंग सुविधाएं कम पहुंचती हैं और जिनके लिए ही हमारी स्थापना हुई थी।”

आरएफएल का पहला चरण उत्तर प्रदेश में है, जो लगभग हर रिटेल क्रेडिट श्रेणी में तेज ग्रोथ का इंजन बनकर उभरा है। राष्ट्रीय स्तर पर ऑटो लोन पोर्टफोलियो 18प्रतिशत बढ़कर 9.9 लाख करोड़ रुपये हो गया, और सोल प्रोप्राइटर को दिए गए लोन 24.4प्रतिशत बढ़े।

आरएफएल की दोबारा शुरुआत तीन प्रतिबद्धताओं पर आधारित है: लोग, रिस्क फ्रेमवर्क और टेक्नोलॉजी। इसके साथ कंपनी अपनी शाखाओं के नेटवर्क पर भी भरोसा करती है, जिससे क्रेडिट ग्राहकों के करीब पहुंचता है। इसी हफ्ते लखनऊ और कानपुर में शाखाएं खुल चुकी हैं। अब नोएडा शाखा के उद्घाटन के साथ कई तरह के रिटेल लोन देने वाली कंपनी के रूप में आरएफएल की दोबारा शुरुआत का पहला चरण पूरा हो गया है।

एनसीआरटीसी ने आईआईटी-दिल्ली के छात्रों के लिए आयोजित किया नमो भारत कॉरिडोर का दौरा, आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों और निर्माण संबंधी चुनौतियों से कराया परिचित

  • ओसीसी में ट्रेन परिचालन की कार्यप्रणाली से परिचित हुए छात्र, ‘अपरिमित’ में अत्याधुनिक तकनीकों का किया अनुभव

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। नमो भारत जैसी विशाल परियोजनाओं के क्रियान्वयन के व्यावहारिक समझ और शैक्षणिक ज्ञान के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी ने आईआईटी-दिल्ली के सिविल इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का एक विशेष तकनीकी दौरा आयोजित किया। इस दौरान छात्रों को भारत की प्रथम नमो भारत परियोजना के निर्माण और क्रियान्वयन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, शहरी क्षेत्रों की जटिल इंजीनियरिंग चुनौतियों, मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन (एमएमआई) और परिचालन में प्रयोग की जा रही अत्याधुनिक तकनीकों को करीब से जानने का अवसर प्रदान किया गया।

इस दौरे की शुरुआत सराय काले खां स्टेशन ने हुई, जहां छात्रों ने मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन के लिए एनसीआरटीसी द्वारा किए जा रहे प्रयासों को प्रत्यक्ष अनुभव किया। यह स्टेशन मेट्रो, वीर हकीकत राय आईएसबीटी, रिंग रोड और ट्रैवलेटर स्थापित एक डेडिकेटेड फुट ओवर ब्रिज के माध्यम से हज़रत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के साथ निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करता है। यहाँ से छात्रों ने दुहाई स्टेशन तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा की और ट्रेन में उपलब्ध यात्री-केंद्रित सुविधाओं का अनुभव किया। छात्रों में यह जानने की विशेष उत्सुकता थी कि एनसीआरटीसी किस प्रकार नमो भारत के ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर मेरठ में स्थानीय मेट्रो सेवाएं भी प्रदान कर रहा है। उन्हें इस अनूठी व्यवस्था और इसके तकनीकी पहलुओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

उन्होंने दुहाई स्थित नमो भारत डिपो का भी दौरा किया जहाँ उनके लिए एक विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र के दौरान उन्हें, दिल्ली, गाज़ियाबाद और मेरठ के घनी आबादी वाले शहरी बसे- बसाए इलाकों और मौजूदा ढांचों के पास से नमो भारत कॉरिडोर के निर्माण के लिए किस तरह की इंजीनियरिंग चुनौतियों, प्रक्रियाओं और तकनीकों का प्रयोग किया गया, इसके विषय में विस्तार से बताया गया। साथ ही, उन्हें यह भी बताया गया कि किस प्रकार सटीक योजना, उन्नत तकनीकों, डिजाइन में आवश्यकतानुसार परिवर्तन और निरंतर स्ट्रक्चरल मॉनिटरिंग के माध्यम से एनसीआरटीसी ने इन जटिल शहरी परिस्थितियों में भी निर्धारित समय-सीमा और बजट के भीतर परियोजना का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया। छात्रों ने इस सत्र में विशेष रुचि दिखाई तथा चुनौतियों से निपटने के लिए अपनाई गई विभिन्न इंजीनियरिंग तकनीकों और कार्यप्रणालियों को लेकर कई सवाल पूछे।

इस दौरान छात्रों को ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) में ट्रेन परिचालन से जुड़ी रियल-टाइम कार्यप्रणाली को देखने और समझने का भी अवसर प्रदान किया गया। ओसीसी नमो भारत परिचालन का ‘मस्तिष्क’ है, जहां से ट्रेनों की आवाजाही, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर्स और रोलिंग स्टॉक सहित परिचालन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों को नियंत्रित किया जाता है। इसके साथ ही, छात्रों को एनसीआरटीसी के ‘अपरिमित’- सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को भी देखने का मौका मिला, जहां उन्होंने परियोजना के क्रियान्वयन, परिचालन दक्षता और व्यावहारिक प्रशिक्षण में प्रयोग की जा रही अत्याधुनिक तकनीकों जैसे वर्चुअल रियलिटी (वीआर), ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) और बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग (बिम) आदि के विषय में जानकारी प्राप्त की और अनुभव किया।

इस दौरे ने छात्रों को उनके अकादमिक ज्ञान को वास्तविक परियोजना के क्रियान्वयन और संचालन से जोड़कर, ऐसी विशाल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को व्यावहारिक रूप से समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।