Home Blog Page 86

यूपी में 24 चैरिटेबल ब्लड सेंटरों पर अगले आदेश तक रोक

  • 62 जिलों के 158 केंद्रों की जांच में मिलीं अनियमितताएं, यूपी एफएसडीए ने 10 और ब्लड सेंटरों का संचालन तत्काल प्रभाव से कराया बंद

डॉक्टर अनिल नौसरान

नित्य संदेश, मेरठ। मरीजों को सुरक्षित रक्त और ब्लड कंपोनेंट्स उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने चैरिटेबल ब्लड सेंटरों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान रक्त केंद्रों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं।

औचक निरीक्षण में तमाम खामियां मिलने पर 10 और चैरिटेबल ब्लड सेंटरों के संचालन पर तत्काल रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही अब तक कार्रवाई की जद में आए केंद्रों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। अभियान के तहत 62 जनपदों के 158 ब्लड सेंटरों का निरीक्षण किया जा चुका है। जांच में कहीं बिना अनिवार्य संक्रमण जांच के रक्त जारी करने का मामला सामने आया तो कहीं दूषित फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा (एफएफपी), खराब कोल्ड चेन और तकनीकी स्टाफ की गैरमौजूदगी के चलते यह एक्शन लिया गया।

रक्त की गुणवत्ता से लेकर कोल्ड चेन तक की पड़ताल

एफएसडीए की अंतरजनपदीय औषधि निरीक्षक टीमें ब्लड सेंटरों में रक्त संग्रह से लेकर मरीजों को रक्त एवं उसके घटकों की आपूर्ति तक पूरी व्यवस्था की पड़ताल कर रही हैं। जांच के दायरे में एचआईवी, एचसीवी और एचबीएसएजी (HBsAg) जैसे संक्रमणों की अनिवार्य जांच के लिए ELISA व्यवस्था, रक्त का सुरक्षित भंडारण, कोल्ड चेन, तापमान नियंत्रण, डोनर एवं इश्यू रजिस्टर, स्टॉक का मिलान, निर्धारित दरों पर रक्त एवं कंपोनेंट्स की उपलब्धता और प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ की तैनाती शामिल है।

मौसमी बीमारियों, विशेषकर डेंगू और मलेरिया के दौरान मरीजों को रक्त और प्लेटलेट्स की अतिरिक्त जरूरत पड़ती है। ऐसे में रक्त केंद्रों की कार्यप्रणाली में किसी भी तरह की लापरवाही मरीजों के जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को देखते हुए विभाग ने चैरिटेबल ट्रस्ट और सोसाइटी द्वारा संचालित रक्त केंद्रों की जांच तेज कर दी है।

10 केंद्रों में मिलीं चौंकाने वाली खामियां

ताजा कार्रवाई में अलग-अलग जिलों के 10 ब्लड सेंटरों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई केंद्रों पर अनिवार्य जांच के बिना रक्त जारी किया जा रहा था, जबकि कुछ जगहों पर रक्त के घटकों की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण के मानकों का पालन तक नहीं हो रहा था।सुरजपुर चैरिटेबल ब्लड सेंटर, गौतमबुद्ध नगर: निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर समेत प्रमुख स्टाफ अनुपस्थित मिला। एफेरेसिस मशीन और ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं थे। डीप फ्रीजर में दूषित एफएफपी और एक्सपायर्ड दवाइयां मिलीं। तापमान, रक्तदान शिविर और स्टॉक से संबंधित रजिस्टर अधूरे थे। लाइसेंस निलंबित होने के बावजूद केंद्र संचालित पाया गया। सभी गतिविधियों पर रोक लगाते हुए लाइसेंस निरस्त करने और संबंधित कर्मियों को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति की गई है।

सरोज चैरिटेबल ब्लड सेंटर, सीतापुर: यहां एफएफपी यूनिट में लाल रक्त कोशिकाओं (आरबीसी) के अंश मिले। बिना ELISA जांच वाले ब्लड बैग टेस्टेड फ्रिज में रखे थे और ऐसी दो यूनिट जारी भी कर दी गई थीं। डीप फ्रीजर और रेफ्रिजरेटर के तापमान निगरानी उपकरण एवं अलार्म खराब मिले। स्टेरिलिटी टेस्टिंग और अन्य जरूरी रिकॉर्ड भी मानकों के अनुरूप नहीं थे। केंद्र पर स्टॉप ऑर्डर जारी किया गया।

कान्हा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, प्रयागराज: मेडिकल ऑफिसर समेत तकनीकी स्टाफ अनुपस्थित मिला। स्टेरिलिटी टेस्टिंग नहीं हो रही थी और उपकरणों की कैलिब्रेशन अवधि समाप्त हो चुकी थी। डोनर एवं इश्यू रजिस्टर में जरूरी विवरण और हस्ताक्षर गायब थे। आपातकालीन दवाइयों की कमी, अधूरी लॉगबुक और असंतोषजनक साफ-सफाई भी सामने आई।

गोमती चैरिटेबल ब्लड सेंटर, शाहजहांपुर: यहां संक्रमण जांच के लिए जरूरी किट उपलब्ध नहीं होने के बावजूद बिना ELISA जांच के 167 यूनिट रक्त जारी कर दिया गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से रेफ्रिजरेटर और डीप फ्रीजर बंद मिले। तापमान रिकॉर्ड गायब थे और ब्लड बैग का वजन निर्धारित प्रक्रिया के बजाय मनमाने तरीके से तय किया जा रहा था। अप्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती और स्टेरिलाइजेशन व्यवस्था में भी गंभीर कमियां मिलीं।

जीवन सुरक्षा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, सम्भल: स्टेरिलिटी टेस्टिंग नहीं हो रही थी। एफेरेसिस मशीन और उसकी लॉगबुक उपलब्ध नहीं थी, जबकि -80 डिग्री सेल्सियस क्षमता वाला डीप फ्रीजर बंद मिला। आपातकालीन दवाइयों, ऑक्सीजन सिलेंडर और जनरेटर की व्यवस्था भी नहीं थी। मरीजों के संपर्क नंबर दर्ज नहीं होने से रक्त जारी किए जाने की पुष्टि करना संभव नहीं हो सका।

एटा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, कासगंज: मेडिकल ऑफिसर दोनों दिन अनुपस्थित मिले। एचआईवी और एचसीवी जांच, ELISA प्रिंटआउट, स्टेरिलिटी टेस्टिंग और डोनर सत्यापन से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे। एफएफपी का वास्तविक स्टॉक 171 यूनिट मिला, जबकि रजिस्टर में 238 यूनिट दर्ज थीं। इस तरह स्टॉक में 67 यूनिट का अंतर पाया गया। कई जरूरी रीजेंट भी उपलब्ध नहीं थे।

श्री जी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, अयोध्या: बिना ELISA जांच के 23 यूनिट रक्त घटक जारी किए जाने का मामला सामने आया। अनटेस्टेड रक्त टेस्टेड फ्रिज में रखा था और स्टेरिलिटी टेस्टिंग नहीं हो रही थी। सेंट्रीफ्यूज में जंग, खाली ऑक्सीजन सिलेंडर और एफेरेसिस मशीन का अभाव मिला। इसके अलावा ब्लड कंपोनेंट्स के बिल निर्धारित सरकारी दरों से अधिक पर काटे जाने की अनियमितता भी उजागर हुई। केंद्र में रक्त संग्रह और वितरण पर तत्काल रोक लगा दी गई।

ग्रामीण भारत चैरिटेबल ब्लड सेंटर, आगरा: मेडिकल ऑफिसर और तकनीकी स्टाफ अनुपस्थित मिले। डोनर एवं इश्यू रजिस्टर अधूरे थे। स्टेरिलिटी टेस्टिंग नहीं होने के साथ आपातकालीन दवाइयों की कमी और साफ-सफाई में लापरवाही सामने आई।

मां माया देवी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, फिरोजाबाद: यहां डीप फ्रीजर में आरबीसी से संदूषित लाल रंग का एफएफपी मिला। एफेरेसिस उपकरण, हीमोग्लोबिनोमीटर, मलेरिया किट और ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं थे। लाइसेंस प्राप्त स्टाफ भी अनुपस्थित मिला। अनिवार्य जांच, तापमान निगरानी और रक्त वितरण से जुड़े कई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

जय श्री श्याम चैरिटेबल ब्लड सेंटर, आगरा: बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन और सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन मिला। टेस्टिंग एवं रिकॉर्ड में छेड़छाड़ के संकेत सामने आए। एफेरेसिस से संबंधित दस्तावेज भी अधूरे थे, जिससे रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए। केंद्र के संचालन पर तत्काल रोक लगा दी गई।

पहले इन 14 केंद्रों पर भी हो चुकी है कार्रवाई

इससे पहले विभाग आगरा के जय हिंद और श्री बालाजी, मुरादाबाद के पाकवारा, अमरोहा के जीवन-24, बिजनौर के यशवंती, बदायूं के भारत ह्यूमैनिटी, बुलंदशहर के डिबाई, जौनपुर के बदलापुर, लखीमपुर खीरी के अनुभव, गोरखपुर के मन्या, अलीगढ़ के न्यू बापू और लखनऊ के KHS, लिटिल स्टार तथा रामा चैरिटेबल ब्लड सेंटर पर भी कार्रवाई कर चुका है।

इन केंद्रों की जांच में ELISA के स्थान पर रैपिड किट से संक्रमण की जांच, -80 डिग्री सेल्सियस क्षमता वाले डीप फ्रीजर में 26.7 डिग्री सेल्सियस तापमान, कंपोनेंट रूम में फफूंद, एक्सपायर्ड दवाइयों का इस्तेमाल और जरूरी स्टाफ की गैरमौजूदगी जैसी गंभीर खामियां मिली थीं।

शेष केंद्रों को नोटिस, सुरक्षित निस्तारण के निर्देश

एफएसडीए ने स्पष्ट किया है कि जिन केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है और जहां अनियमितताएं मिली हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिन ब्लड सेंटरों के संचालन पर रोक लगाई गई है, वहां उपलब्ध रक्त और ब्लड कंपोनेंट्स के मानकों के अनुरूप सुरक्षित निस्तारण के लिए सभी जिलाधिकारियों को एडवाइजरी भी जारी की गई है।

विभाग का जोर केवल अनियमितताओं पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि रक्त संग्रह, जांच, भंडारण और मरीजों तक उसकी आपूर्ति की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने पर है। रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवन देने का माध्यम है। ऐसे में रक्त केंद्रों की लापरवाही से मरीजों की जान जोखिम में न पड़े, इसके लिए एफएसडीए ने निगरानी और प्रवर्तन अभियान को और तेज कर दिया है।

डीएवीवी परिसर में वसुमित्र समाज सेवा समिति की दिवाली हस्त-निर्मित सामग्री प्रदर्शनी, कुलपति और कुलसचिव ने किया उद्घाटन

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। वसुमित्र समाज सेवा समिति द्वारा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) परिसर में पिछले ५ वर्षों से लगाई जा रही दिवाली की हस्त-निर्मित सामग्री प्रदर्शनी इस वर्ष भी बेहद सफल और आकर्षक रही। नालंदा परिसर, देवी अहिल्या दरबार हॉल, RNT मार्ग, DAVV परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभ उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति राकेश सिंघई जी और कुलसचिव श्री प्रज्ज्वल खरे जी के करकमलों द्वारा किया गया।

इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के शासकीय छात्रावासों के विद्यार्थियों के हुनर को बढ़ावा देना था, जिन्होंने अपनी कला-कृतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रदर्शनी में शामिल की गई सामग्रियां इतनी आकर्षक थीं कि आते ही सभी को बहुत पसंद आ गईं और बहुत ही कम समय में सारी सामग्री बिक गई।

प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षणों में सजावटी एवं नक्काशीदार दीये, आकर्षक हस्त-निर्मित तोरण, जगमगाती बिजली की झालरें और विभिन्न प्रकार के सुंदर सजावटी सामान शामिल थे, जो बेहद किफायती और उचित मूल्यों पर उपलब्ध कराए गए थे। इस अवसर पर आने वाले लोगों ने “स्वेच्छा और स्वदेशी” अपनाते हुए युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में वसुमित्र समाज सेवा समिति की सचिव डॉ. ग्रीष्मा त्रिवेदी, प्रमा पाहवा, मोनिका मंडलोई, रिमझिम यादव, पूजा भीटे का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने इस सामाजिक और सार्थक पहल को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

प्रेम का एक छोटा-सा दीपक नफरत के बड़े से बड़े अंधकार को मिटा सकता है : प्रो. अतवीर सिंह

  • सीसीएसयू के उर्दू विभाग में दीपावली उत्सव एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दीपावली प्रकाश का पर्व है, जो बुराई और अंधकार को दूर करता है। रंगोली के माध्यम से हम अपने अतिथियों का स्वागत करते हैं। मिठाई और रोशनी इस पर्व की प्रमुख विशेषताएँ हैं। पाँच दिनों तक यह त्योहार बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है। दीपावली हमें यह संदेश देती है कि हम सभी एक-दूसरे के साथ खुशियाँ बाँटें। ये विचार प्रो. कविता त्यागी ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में आयोजित दीपावली उत्सव एवं रंगोली प्रतियोगिता के अवसर पर अपने संबोधन में व्यक्त किए। उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों ने बहुत ही सुंदर कलाकृतियाँ बनाई हैं। रंगों का चयन भी बेहद शानदार रहा। सभी विद्यार्थी बधाई के पात्र हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक प्रो. असलम जमशेदपुरी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएस विश्वविद्यालय के कला संकाय अध्यक्ष प्रो. अतवीर सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मेरठ कॉलेज के हिंदी विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. कविता त्यागी ने सहभागिता की। रंगोली प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मेरठ कॉलेज के ललित कला विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार शर्मा तथा आर.जी. डिग्री कॉलेज, मेरठ की ललित कला विभाग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुधा शर्मा ने निभाई। स्वागत भाषण डॉ. शादाब अलीम ने दिया, कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलका वशिष्ठ ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. इरशाद स्यानवी ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का परिचय देते हुए डॉ. शादाब अलीम ने कहा कि दीपावली हमारे देश भारत का अत्यंत सुंदर त्योहार है, जो प्रकाश, प्रसन्नता, आशा, सद्भाव और विजय का प्रतीक है। यह पर्व अंधकार से प्रकाश, बुराई से अच्छाई और निराशा से आशा की ओर बढ़ने का संदेश देता है। इसका उद्देश्य दिलों को जोड़ना, दूरियाँ मिटाना तथा प्रेम और सौहार्द के संबंधों को मजबूत बनाना है। दीपावली का वास्तविक संदेश और दीपावली मिलन की मूल भावना यही है कि हम धर्म, जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।

इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए और दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए प्रो. असलम जमशेदपुरी ने कहा कि दीपावली का त्योहार हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच की दूरियों को मिटाकर उन्हें एक-दूसरे के करीब लाता है। यह पर्व अंधकार को दूर करने और सभी को एकजुट करने का संदेश देता है। हमारा प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी पूरी तैयारी और उत्साह के साथ इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ।

डॉ. सुधा शर्मा ने कहा कि आज इस विभाग में आकर उन्हें बहुत प्रसन्नता हो रही है। यहाँ दीपावली उत्सव के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने बहुत कम समय में अत्यंत सुंदर कलाकृतियाँ तैयार कीं और रंगों के चयन में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट कलाकृतियों के लिए बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि उर्दू विभाग भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, क्योंकि ऐसे आयोजनों से प्रेम और सद्भाव का संदेश मिलता है।

मुख्य अतिथि प्रो. अतवीर सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राएँ बधाई के पात्र हैं। उन्हें आशा है कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन होते रहेंगे। दीपावली प्रेम और प्रसन्नता का संदेश देने वाला त्योहार है। प्रेम का एक छोटा-सा दीपक नफरत के बड़े से बड़े अंधकार को मिटा सकता है।

रंगोली प्रतियोगिता में योग विभाग की पूनम रानी को प्रथम, उर्दू विभाग की महविश, नमरा और नायाब की टीम को द्वितीय तथा हिंदी विभाग के मोहम्मद अनस, शैली और प्रीति की टीम को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं सांत्वना पुरस्कार उर्दू विभाग की दूसरी टीम की सायमा, मोहम्मद ईसा राना और रोशनी को दिया गया।

उल्लेखनीय है कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ का उर्दू विभाग अपनी स्थापना के समय से ही होली, दीपावली, ईद आदि विभिन्न त्योहारों के अवसर पर गंगा-जमुनी संस्कृति को बढ़ावा देने तथा आपसी एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है।

इस अवसर पर डॉ. आसिफ अली, अनिल शर्मा, जितेंद्र, सी. राज, हेमंत गोयल, सैयदा मरियम इलाही, राशिद यूसुफ, फरहत अख्तर, नगर के अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

बजाज शुगर मिल किनौनी के 23वें पेराई सत्र का शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

रोहटा। बजाज शुगर मिल किनौनी में गुरुवार को हवन-पूजन के साथ 23वें पेराई सत्र का शुभारंभ हुआ। गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और पूर्व एमएलसी जगत सिंह ने किसानों के साथ चेन में गन्ना डालकर उद्घाटन किया। मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, किसानों को पर्ची व तौल में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। मिल प्रबंधन ने इस सत्र में 1.5 करोड़ कुंतल पेराई का लक्ष्य रखा है। मिल को 181 क्रय केंद्रों का आवंटन मिला है, जिनमें से 178 स्थापित कर 80 पर तौल शुरू करने की तैयारी है। इस मौके पर उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह, यूनिट हेड केपी सिंह सहित करीब 500 किसान मौजूद रहे।

सागर लिसाड़ी सपा बाबा साहब वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मनोनीत

राहुल गौतम

नित्य संदेश, मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर तथा समाजवादी बाबा साहब वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. हरविन्द्र सर्जन के निर्देशानुसार सागर लिसाड़ी को राष्ट्रीय सचिव – समाजवादी बाबा साहब वाहिनी मनोनीत किया गया है।

मनोनयन पर सागर लिसाड़ी ने अखिलेश यादव का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और समाजवादी सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सदैव समर्पित रहूंगा।