Home Blog Page 88

जनगणना-2027 स्व-गणना को लेकर अधिकारियों को प्रशिक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विकास भवन में आज मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नूपुर गोयल की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत स्व-गणना को लेकर बैठक हुई। 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया संचालित होगी।

सीडीओ के मुख्य निर्देश –

  • सभी विभाग एक-एक नोडल अधिकारी नामित करें।
  • 16 से 20 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर सभी कर्मचारियों की स्व-गणना पूरी कर स्व-गणना ID, सीडीओ कार्यालय को भेजें।
  • कोई भी कर्मचारी वंचित न रहे।
  • जिला विद्यालय निरीक्षक व बीएसए को स्कूल-कॉलेजों में शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्रों के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश। छात्र अपने परिवार को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करेंगे।

सीडीओ ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, सभी विभाग समन्वय से इसे समय पर पूरा करें।

मेरठ परिक्षेत्र में दीपावली पर्व पर 5000 पुलिसकर्मी तैनात, 128 हॉटस्पॉट चिन्हित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा व भैयादूज को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं।

डीआईजी श्री कलानिधि नैथानी ने बताया कि परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था हेतु 5000 पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें 07 एएसपी, 26 सीओ, 98 निरीक्षक, 902 उपनिरीक्षक सहित 02 कंपनी पीएसी शामिल है।

प्रमुख प्रबंध –

  • 128 हॉटस्पॉट/संवेदनशील स्थान चिन्हित, 24 जोन, 81 सेक्टर व 64 QRT टीम गठित।
  • 09 मेले प्रस्तावित – मेरठ में 01, बुलंदशहर में 05, बागपत में 03।
  • बाजारों, सर्राफा बाजारों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग।
  • महिला सुरक्षा हेतु महिला पुलिस, मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीम सक्रिय।

डीआईजी ने सभी अधिकारियों को यातायात व्यवस्था, अग्निशमन मानकों का पालन, सोशल मीडिया पर अफवाहों पर निगरानी और शांति समितियों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिला पत्रकार संगीता श्रीवास्तव सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय पहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु महिला पत्रकार संगीता श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित।

मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति 6.0” के अंतर्गत महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद मेरठ में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद की महिला पत्रकार संगीता श्रीवास्तव को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता समाज में जागरूकता, सकारात्मक परिवर्तन एवं महिला सशक्तिकरण को नई दिशा प्रदान करती है।

मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत यह सम्मान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं के योगदान को पहचान देने के साथ-साथ अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं अपने लक्ष्यों के प्रति दृढ़ संकल्पित बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

रोशनी के इस त्योहार पर अपनी आंखों की सेहत का भी रखें ध्यान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दिवाली रोशनी और खुशियों का त्योहार है। घरों की सजावट से लेकर दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों की जगमगाहट तक, इस त्योहार की खूबसूरती का आनंद हमारी आंखों से ही जुड़ा है। ऐसे में आंखों की सेहत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कई बार लोग नजर में परेशानी होने पर ही आंखों की जांच कराते हैं, जबकि ग्लूकोमा और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी बीमारियां शुरुआती दौर में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के भी आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

सेंटर फॉर साइट ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स, नई दिल्ली के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, प्रो. डॉ. महिपाल सिंह सचदेव ने बताया, “दिवाली के दौरान आंखों की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। पटाखों का धुआं और धूल आंखों में जलन और एलर्जी की परेशानी बढ़ा सकते हैं। वहीं, त्योहारों में इस्तेमाल होने वाला मेकअप और कॉन्टैक्ट लेंस भी सही तरीके से इस्तेमाल न करने पर आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए आंखों की नियमित जांच कराना जरूरी है, खासकर डायबिटीज से पीड़ित लोगों को इसमें लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।”

आंखों की सेहत पर रोजमर्रा की आदतों का भी असर पड़ता है। मोबाइल फोन, कंप्यूटर और टीवी की स्क्रीन को लंबे समय तक देखने से आंखों में थकान और सूखापन हो सकता है। बीच-बीच में स्क्रीन से नजर हटाना, बार-बार पलकें झपकाना और स्क्रीन को उचित दूरी पर रखना फायदेमंद है। त्योहारों के दौरान देर रात तक जागने और व्यस्त दिनचर्या के बीच पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है।

आंखों की साफ-सफाई का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। बिना हाथ धोए आंखों को छूने, मेकअप का सामान दूसरों के साथ साझा करने या एक्सपायर हो चुके कॉस्मेटिक सामानों का इस्तेमाल करने से जलन और इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। सोने से पहले आंखों का मेकअप हटा देना चाहिए। कॉन्टैक्ट लेंस इस्तेमाल करने वालों को उनकी सफाई और इस्तेमाल से जुड़े निर्देशों का पालन करना चाहिए। आंखों में परेशानी होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

आंखों में लालिमा, दर्द, लगातार पानी आना या नजर में बदलाव होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार लोग घरेलू नुस्खे अपनाते रहते हैं या इस उम्मीद में डॉक्टर के पास जाने में देर कर देते हैं कि परेशानी अपने आप ठीक हो जाएगी। हालांकि, अचानक नजर धुंधली होना या चली जाना, तेज दर्द अथवा आंख में चोट लगना गंभीर समस्या के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोगों के साथ-साथ पहले से आंखों की बीमारी से जूझ रहे लोगों को नियमित जांच का विशेष ध्यान रखना चाहिए। डायबिटीज के कारण आंखों के पर्दे यानी रेटिना की नसों को नुकसान पहुंच सकता है और शुरुआती दौर में इसके लक्षण भी दिखाई नहीं देते। डॉक्टर की सलाह के अनुसार आंखों की जांच कराना और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं को नियंत्रण में रखना नजर से जुड़ी गंभीर जटिलताओं का खतरा कम करने में मदद कर सकता है।

दिवाली पर घरों को रोशन करने के साथ-साथ अपनी आंखों की सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। नियमित जांच, साफ-सफाई और समय पर डॉक्टर की सलाह से आंखों को स्वस्थ रखा जा सकता है, ताकि हम त्योहार की रौनक के साथ-साथ जिंदगी के हर खूबसूरत नजारे का आनंद ले सकें।

दीपावली उत्सव का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय मेरठ में महाविद्यालय स्टाफ क्लब की तरफ से दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया। आयोजन में सत्र के दौरान विभिन्न महाविद्यालय से स्थानांतरित होकर गए प्राध्यापकों तथा सत्र में महाविद्यालय में स्थानांतरित होकर आए प्राध्यापकों का स्वागत और सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में समस्त प्राध्यापकों ने अपने-अपने विचारों को व्यक्त किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं । महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर अंजू सिंह ने सभी प्राध्यापकों को दीपावली के पांच दिवसीय पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संयोजन और संचालन स्टाफ क्लब प्रभारी प्रोफेसर मंजू रानी ने किया। कार्यक्रम में स्टाफ़ क्लब समिति के सभी सदस्यों और महाविद्यालय परिवार का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सहभोज का आयोजन किया गया।