Home Blog Page 90

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इन्दौर बैठक में शताब्दी वर्ष के सेवा, विस्तार और पंच परिवर्तन कार्यों की समीक्षा हुई संपन्न

सपना सी.पी. साहू

नित्य संदेश, इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक इन्दौर में संपन्न हुई। बैठक के अंतिम दिन माननीय सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने पत्रकारों को संबोधित किया एवं उनके प्रश्नों का समाधान भी किया। पत्रकार वार्ता के प्रारंभ में सरकार्यवाह जी ने डेली कालेज के प्रबंधन का व्यवस्था के लिए और मीडिया के बंधुओं का कार्यकारी मंडल की बैठक और संघ के विषय को सकारात्मक रूप से समाज के बीच प्रचारित-प्रसारित करने के लिये को धन्यवाद ज्ञापित किया एवं दीपावली पर्व की शुभकामनाएँ प्रेषित की।

माननीय सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने बताया कि बैठक में देशभर से 406 अपेक्षितो में से 398 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रतिवर्षानुसार दशहरा और दीपावली के बीच आयोजित इस बैठक में देश और दुनिया में शताब्दी वर्ष में आयोजित कार्यक्रमों के वृत्त को प्रस्तुत किया गया। शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम समाज के व्यापक सहयोग से संपन्न हुए । यह समाज की सज्जन शक्ति को संघ से अवगत कराने का अवसर था।

सेवा कार्यों में स्वयंसेवकों की सहभागिता

भारत में अलग-अलग स्‍थानों पर नैसर्गिक आपदाओं के समय वहाँ के स्‍वयंसेवकों ने सामाजिक संस्‍थाओं और समाज ने साथ मिलकर अलग-अलग स्‍थानों पर सेवा प्रदान करने का प्रयास किया। ​

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में अत्‍यधिक बाढ़ के कारण पीड़ित शहर एवं ग्रामीण परिवारों को 350 कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर राहत कीट का वितरण किया। 6000 से अधिक लोगों के भोजन के लिए स्‍थाई व्‍यवस्‍था चलाई। 5600 लोगों को चिकित्‍सा प्रदान की। साथ ही साथ पशुओं के टीकाकरण का भी प्रयास हुआ।

लखनऊ क्षेत्र में अति वर्षा के कारण शहर में भीषण बाढ़ की स्थिति में 300 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवारों के लिए भोजन, पानी, दवाईयां इत्‍यादि जीवन उपयोगी वस्‍तुओं का वितरण किया।

​आसाम के शिवसागर और जोरहाट जिले में बाढ़ पीड़ित क्षेत्र में 1600 से अधिक स्‍वयंसेवकों ने 42,200 परिवारों तक भोजन, पानी, दवाईयां इत्‍यादि सहायता उपलब्‍ध कराई। 5 करोड़ से अधिक राशि जमा करके यह सेवा कार्य किया गया।

उड़ीसा और आंध्र क्षेत्र में अर्नब चक्रवात के कारण समुद्र सीमा से जुड़े पूरे क्षेत्र में कंधमाल, गंजाम, श्रीकाकुलम, विजयवाड़ा जिलों में वहॉं के स्‍वयंसेवक, समाज को साथ में लेकर पीड़ि‍तों की विविध सहायता हेतु सक्रिय है।

कार्य विस्तार : एक लाख से अधिक स्थानों पर प्रत्यक्ष संघ कार्य

शताब्दी वर्ष में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए शाखा विस्तार की भी समीक्षा के साथ ही शाखाओं को अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने, उनका दृढ़ीकरण करने तथा अधिकाधिक स्थानों पर शाखाएं प्रारंभ करने के संबंध में भी विचार-विमर्श हुआ।

देश में कुल 63,208 स्थानों पर 99,423 दैनिक शाखायें लग रही है। इस वर्ष दैनिक शाखाओं की संख्या में 12,025 की वृद्धि तथा शाखा स्थानों में 8,156 स्थानों की वृद्धि हुई।

कुल 26,826 स्थानों पर 34,982 साप्ताहिक मिलन और 13,363 स्थानों पर 14,096 मासिक मंडली लग रही है। साप्ताहिक मिलन संख्या में 2,712 तथा मासिक मंडली संख्या में 463 की वृद्धि हुई।

पिछले वर्ष 93,156 कुल स्थानों की तुलना में इस वर्ष कुल 1,03,397 स्थान प्रत्यक्ष संघ कार्ययुक्त हो गए है।

संघ की भौगोलिक रचना में अब 46 प्रांतों के स्थान पर 88 संभाग होंगे।

शताब्दी वर्ष कार्यक्रम वृत्त : दस करोड़ से अधिक घरों में संपर्क

शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी। इन कार्यक्रमों के आगामी क्रियान्वयन, अनुवर्तन तथा उनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने के विषय में विचार-विमर्श हुआ। विशेष रूप से पंच परिवर्तन के विषयों को समाज के व्यवहार में प्रभावी रूप से उतारने तथा उनके निरंतर अनुवर्तन की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

शताब्दी वर्ष में कार्य विस्तार और समाज में संघ, हिंदुत्व पंच-परिवर्तन के विचार को ले जाने की दृष्टि से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये।

हिंदू सम्मेलन

समाज के सभी लोग साथ आवें, सामाजिक समरसता, एक-दूसरे के सहयोग और सकारात्मक जीवन शैली के विषयों पर प्रयासों के लिए आयोजित हिंदू सम्मेलनों में 4,93,76,694 समाज जन सम्मिलित हुए, जिनमें सवा दो करोड़ से अधिक मातृशक्ति की सहभागिता उल्लेखनीय है। 3,08,449 ग्रामों सहित 37,080 ग्रामीण मंडलों और 28,584 नगरीय बस्तियों में कुल 65,664 हिंदू सम्मेलन आयोजित हुए। अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख और अंडमान जैसे स्थानों पर भी हिंदू सम्मेलनों के आयोजन हुए।

गृह संपर्क

संघ की सौ वर्षों की यात्रा और संघ विचार को लेकर कार्यकर्ताओं ने गृह संपर्क अभियान चलाया। कुल 4,63,340 ग्रामों और 41,825 नगरीय बस्तियों में 10,22,05,665 घरों में संघ के कार्यकर्ताओं की टोलियाँ संपर्क करने पहुंची। गृह संपर्क में कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक घर में 15 से 20 मिनिट बैठ कर चर्चा की।

युवा कार्यक्रम

शताब्दी वर्ष में 21,237 स्थानों पर महाविद्यालयीन विद्यार्थियों हेतु आयोजित 57,243 कार्यक्रमों में कुल 31,26,404 विद्यार्थियों की सहभागिता रही। इसी प्रकार युवा व्यवसायियों के लिए आयोजित 14,285 कार्यक्रमों में कुल 6,90,835 युवा व्यवसायी सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल 38,17,239 युवाओं की प्रत्यक्ष उपस्थिति इन कार्यक्रमों में रही।

प्रमुख जन गोष्ठी

जिला केंद्रों और अन्य प्रमुख स्थानों पर आयोजित 3,207 प्रमुख जन गोष्ठियों में 4,29,262 प्रमुख समाज जन सम्मिलित हुए।

सामाजिक सद्भाव बैठक

समाज के विभिन्न वर्गों में सद्भाव, सहयोग, भेदभाव रहित समाज निर्माण और साथ मिलकर सामाजिक चुनौतियों के समाधान का कार्य करने की दृष्टि से समाज का नेतृत्व करने वाले बंधु भगिनियों की सामाजिक सद्भाव बैठकों का आयोजन किया गया। देशभर में 5,028 ग्रामीण खंडों और 3,318 नगरों में कुल 8,346 सामाजिक सद्भाव बैठकों का आयोजन हुआ, जिनमें 36,916 मातृशक्ति सहित 3,79,581 समाज प्रमुखों की सहभागिता रही।

युवाओं में नशे के प्रचलन को रोकने के विशेष प्रयास

युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन से पूरा समाज और सरकार चिंतित है। संघ, सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से नशीले पदार्थों से युवाओं को बचाने का सभी से आग्रह करता है। नशे के व्यापार के अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र से बचाने का कार्य, प्रशासन और सरकार कर रही है। गृह मंत्रालय इस विषय में विशेष कार्य कर रहा है। बैठक में नशे के विरुद्ध सामाजिक चेतना और पुनर्वास में सामाजिक संगठनों के साथ कार्य करने की योजना बनायी गयी।

तीन प्रमुख व्यक्तित्वों पर सरकार्यवाह के वक्तव्य

बैठक में माननीय सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले जी की ओर से तीन महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के संबंध में वक्तव्य जारी किये गये।

राष्ट्रीय चेतना के अग्रदूत श्री राजनारायण बसु की 200वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन एवं योगदान का स्मरण करते हुए जारी वक्तव्य में निर्धनों के उत्थान, नशा मुक्ति, महिलाओं में शिक्षा प्रसार और विधवाओं के पुनर्विवाह सहित स्वदेशी, स्वभाषा और स्वधर्म संरक्षण में उनके विशेष प्रयासों का स्मरण किया गया।

शुद्धिकरण आंदोलन के पुरोधा स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान के 100वें वर्ष के अवसर पर उनके जीवन, कार्य एवं योगदान स्मरण करते हुए माननीय सरकार्यवाह जी के वक्तव्य में उन्हें आदरांजलि अर्पित की गई।

ओडिशा के कंधमाल जनजातीय क्षेत्र में स्वाभिमान, स्वावलंबन एवं स्वधर्म की जागृति के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती जी के जन्म के 100वें वर्ष के अवसर पर माननीय सरकार्यवाह जी के वक्तव्य में उनका पुण्य स्मरण किया गया। स्वामी लक्ष्मणानंद जी का जीवन संस्कृत शिक्षा, महिला भजन केन्द्र, गोपालन, कृषि और जल संरक्षण द्वारा जनजातीय क्षेत्र के स्वावलंबन को समर्पित रहा। आपने धरणीपेनु पूजा, जगन्नाथ जी के निर्माल्य, गंगा जल और तुलसी के पौधे की मिट्टी और पत्तों से घर वापसी का सुगम मार्ग प्रवर्तित किया।

पूजनीय सरसंघचालक जी का विदेश प्रवास

अगस्त- सितम्बर में पूजनीय सरसंघचालक जी के तीन देशों के प्रवास में विश्व एकता और मानव एकता के लिये भारत के संदेश को देने का प्रयास किया गया। पूजनीय सरसंघचालक जी इस प्रवास में समाज जीवन विभिन्न क्षेत्रों के वहॉं के प्रमुख लोगों से व्यक्तिगत एवं समूहों में मिले, जिसमें प्रमुख विश्वविद्यालयों के विद्वानों से वार्तालाप शामिल रहा। साथ ही स्वामी नारायण मंदिर, खालसा गुरुद्वारा और जैन मंदिर में भी गये। विदेशों में लोगों को कार्यकर्ता निर्माण की संघ की कार्यपद्धति, हिंदुत्व एवं भारत की राष्ट्रीयता को समझने की उत्सुकता थी। सरसंघचालक जी ने इस इस विषय पर संवाद भी किया।

पत्रकारों के प्रश्नों के जवाब में सरकार्यवाह जी ने कहा कि टेक्नॉलॉजी को रोकना संभव नहीं है। सोशल मीडिया में अनावश्यक सामग्री के प्रसार के बारे में सरकार को सामाजिक और धार्मिक नेतृत्व को साथ लेकर कोई कानून बनाना पड़े, तो आवश्यक निर्णय करे। संघ, परिवार में संस्कार और अनुशासन का आग्रह करता है। मोबाइल छोड़कर परिवार में एक साथ बैठकर सकारात्मक विषयों पर चर्चा हो। परिवार में जीवन मूल्यों और समाज को संस्कार सीखाने की ज़िम्मेदारी लेना होगी, पंच परिवर्तन के विषयों के हम समाज में लेकर गये।

लोकतंत्र और जेन जी जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में आपने कहा कि देश में सत्ता परिवर्तन के लिये चुनाव की व्यवस्था है। अराजकता, अशांति के द्वारा यह कार्य देश के हित में नहीं है। भारत और विदेशों में ऐसे षड्यंत्र चल भी रहे है, इनसे सचेत रहना चाहिए। युवाओं की आकांक्षाओं पर संवाद होना चाहिये। नयी पीढ़ी के साथ सकारात्मक संवाद करना चाहिये। युवाओं में आक्रोश का भाव आता है, उसको चैनलाइज करना चाहिये। उन्हें अराजक षडयंत्र से बचाना चाहिये और उनकी आकांक्षाओं को समझना चाहिये। युवा ऊर्जा, सामाजिक संवेदना और सेवा भाव से युक्त होते है, उन्हें सकारात्मक कार्य से जोड़ने के प्रयास करना चाहिये। अराजक शक्तियाँ भारत में हावी ना हो और समाज में अच्छा सोचने वाले लोगों की निष्क्रियता से अराजकता को बल मिलता है, अतः सज्जन शक्ति को सक्रिय होना होगा।

संघ के पंजीयन से संबंधित प्रश्न के उत्तर में सरकार्यवाह जी ने कहा कि समाज और संघ अलग ना हो , पूरे समाज को ही संगठित करना अपना कार्य है, अतः संवैधानिक व्यवस्थाओं के अंतर्गत संघ कार्य कर रहा है।

पंच परिवर्तन और समाज परिवर्तन के सभी कार्यों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ रही है, महिलाओं को छोड़ कर समाज की कल्पना भी संभव नहीं है। समाज के अनुमोदन से चलाने वाले संघ का कार्य अरुणाचल, मिजोरम, त्रिपुरा जैसे दुर्गम और केरल और पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी बढ़ रहा है।

अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक का समापन 4 नवंबर की सायं को हो रहा है।

फोटो जर्नलिस्ट – नवीन मौर्य

स्वदेशी जागरण मंच के स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत उद्यमी बैठक आयोजित, युवाओं को नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान

0

डा. अभिषेक डबास

नित्य संदेश, मोदीपुरम। स्वदेशी जागरण मंच के स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत मेरठ के गंगानगर स्थित श्री मोहित मलिक जी के आवास पर एक विशेष उद्यमी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहित करना, युवाओं को स्वरोजगार एवं व्यवसाय स्थापना के लिए प्रेरित करना तथा स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आदरणीय श्री कश्मीरी लाल जी, स्वदेशी जागरण मंच के संगठक, उनके साथ श्री विकास चौधरी जी, संयुक्त क्षेत्र संयोजक प्रमुख, स्वदेशी जागरण मंच (दिल्ली),श्री सुधांशु जी, सह प्रांत संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच (मेरठ प्रांत); तथा श्री अनुज शर्मा जी, सह प्रांत समन्वयक, स्वावलंबी भारत अभियान (मेरठ प्रांत) भी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए आदरणीय श्री मां कश्मीरी लाल जी ने स्वावलंबी भारत अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग में स्वावलंबन एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करना आवश्यक है। युवाओं को केवल नौकरी प्राप्त करने की मानसिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्वयं के उद्यम स्थापित कर दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

श्री विकास चौधरी जी ने स्वदेशी जागरण मंच की भूमिका और देश में उद्यमिता के विस्तार की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं व्यावसायिक संभावनाओं का उपयोग करके नए उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। युवाओं को नवाचार, कौशल और व्यावसायिक सोच के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

श्री सुधांशु जी ने स्वदेशी जागरण मंच की गतिविधियों तथा मेरठ प्रांत में स्वदेशी और स्वावलंबन के विचार को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं श्री अनुज शर्मा जी ने स्वावलंबी भारत अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने पर अपने विचार साझा किए।

बैठक में उपस्थित उद्यमियों एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी अपने व्यावसायिक अनुभव, संघर्ष, सफलताओं और भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं को साझा किया। उद्यमियों ने बताया कि किस प्रकार नए व्यावसायिक विचारों, नवाचार और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, भारतीय निर्माताओं को प्रोत्साहित करने और स्थानीय व्यवसायों को मजबूत बनाने पर भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के मेजबान श्री मोहित मलिक जी, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक ने सभी अतिथियों एवं उद्यमियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान का उद्देश्य समाज में स्वावलंबन, उद्यमशीलता और स्वदेशी के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय स्वयं उद्यम स्थापित कर रोजगार सृजन की दिशा में आगे आना चाहिए। साथ ही भारतीय उत्पादों को अपनाकर देश की आर्थिक मजबूती में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर श्री जगपाल सिंह मलिक, श्री विक्की तनेजा, श्री आमोद भारद्वाज, श्री राकेश जैन, श्री प्रदीप मलिक, सचदेवा जी एवं डॉ. अभिषेक डबास सहित अनेक उद्यमी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने अपने विचारों एवं अनुभवों के माध्यम से उद्यमिता और स्वावलंबन के महत्व पर सार्थक संवाद किया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए केवल रोजगार के अवसर तलाशना पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगार सृजन की क्षमता विकसित करना भी आवश्यक है। स्वदेशी उत्पादों का अधिकाधिक उपयोग, स्थानीय उद्योगों को सहयोग तथा नए उद्यमों की स्थापना से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।

अवनीश काजला पर एफआईआर के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला

0

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। काशी टोल प्लाजा पर एक नवंबर को हुए घटनाक्रम और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश काजला के काफिले पर दर्ज मुकदमे के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

अवनीश काजला ने बताया कि दिल्ली रैली में जाने के लिए टोल मैनेजर से पहले ही अनुमति ली गई थी, वाहनों के नंबर और लेन तक साझा किए गए थे। इसके बावजूद टोल पर पुलिस ने नाकाबंदी कर कार्यकर्ताओं को रोका, अभद्रता और धक्का-मुक्की की। महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि जब अनुमति पहले से थी तो रोकने का क्या औचित्य था।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि टोल कर्मचारियों को माध्यम बनाकर मुकदमे दर्ज कर जनता की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस ने ऐलान किया कि दीपावली के बाद सड़क से न्यायालय तक इस मामले में आंदोलन होगा। विपक्षी दलों से बात कर रणनीति बनाई जाएगी और पुलिस की भूमिका पर जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी।

सरस्वती संस्कार केन्द्र में कार्यक्रम, शालिनी अग्रवाल रहीं मुख्य अतिथि

0

प्रमोद कुमार तेवतिया

नित्य संदेश, मेरठ। श्री श्याम परिवार शास्त्री नगर द्वारा लोहिया नगर स्थित सरस्वती संस्कार केन्द्र पर स्व. बाबू लाल गुप्ता की स्मृति में “दिपावली की खुशियाँ बच्चों के संग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि शीश का दानी चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापिका शालिनी अग्रवाल रहीं। संयोजक इंजी. चिराग गुप्ता एवं इंजी. सीना गुप्ता रहे, संचालन अमित कुमार गुप्ता ने किया। अति विशिष्ट अतिथि इंजी. संजीव गुप्ता एवं डॉ. शैली गुप्ता रहे। मुख्य अतिथि ने बच्चों को मिठाई और उपहार भेंट किए। बच्चों ने हाथों से बनाए दीए और कंदील अतिथियों को भेंट किए और रामायण पर सुंदर नाटिका प्रस्तुत की। शालिनी अग्रवाल ने बच्चों को दीपावली का महत्व बताया। इस मौके पर संस्था ने उन्हें “श्री श्याम जी सेवा सम्मान” से सम्मानित किया।

मिट्टी के दीयों से रोशन हुआ बेगमपुल मैदान, लोकनृत्यों पर झूमे दर्शक

0
  • माटीकला मेले में कलावाटिका की प्रस्तुति ने मोहा मन, मुख्य अतिथि रहे अजय गुप्ता

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज बेगमपुल मैदान में आयोजित क्षेत्रीय माटीकला मेला 2026-27 में इन दिनों दीपावली की रौनक देखते ही बन रही है। मेला 7 नवंबर तक चलेगा।

बुधवार शाम 5 बजे माटीकला महोत्सव के अंतर्गत कलावाटिका डांस एकेडमी के कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सरस्वती-गणेश वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में महाभारत की झांकियां, रामायण की कथाएं, शिव-पार्वती पर आधारित उपशास्त्रीय नृत्य, गुजराती और महाराष्ट्रियन लोकनृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता रहे। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी व अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्धन किया।

सजावटी सामानों की हो रही खूब बिक्री

इस मेले में यूपी के विभिन्न जनपदों से माटीकला बोर्ड की पंजीकृत इकाइयां प्रतिभाग कर रही हैं। दीपावली नजदीक होने से मेले में भारी भीड़ उमड़ रही है और मिट्टी के दीये, मूर्तियों व सजावटी सामानों की खूब बिक्री हो रही है।

मिट्टी के उत्पादों के प्रति जागरूक करना

इस मेले का उद्देश्य स्थानीय कुम्हार कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना, पारंपरिक कला को संरक्षित करना और लोगों को मिट्टी के उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। इस हेतु ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने की अपील की है।