मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में दीपावली के अवसर पर ‘दीपावली धमाका कार्निवल’ का आयोजन किया गया।
कार्निवल में विद्यार्थियों ने खान-पान, गेम्स, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, दीपावली सजावटी सामान और उपहारों के स्टॉल लगाए। इस दौरान एड-मैड, तंबोला और बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी हुईं, जिसमें छात्रों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. रविन्द्र कुमार शर्मा, डॉ. बबीता त्यागी, डॉ. हिमांशी बंसल, डॉ. आसू त्यागी, डॉ. सोनम शर्मा, डॉ. शालिनी वर्मा, डॉ. दीपक माथुर सहित अन्य शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के महिला अध्ययन केंद्र एवं नित्य योगशाला द्वारा विज्ञान भारती (विभा), मेरठ प्रांत के सहयोग से “योग: एक स्वास्थ्य की ओर” (Yog: A Path to One Health) विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. वीरपाल सिंह (निदेशक, शोध), प्रो. बिंदु शर्मा (समन्वयक, महिला अध्ययन केंद्र), श्री आशुतोष सिंह (क्षेत्रीय संगठन मंत्री, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विज्ञान भारती) तथा आमंत्रित अतिथियों डॉ. एम. सी. सैनी (वरिष्ठ अस्थिरोग विशेषज्ञ), डॉ. सरिता त्यागी (वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विवेक कुमार (समन्वयक, विधि विभाग) एवं योगाचार्य अमरपाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. एम. सी. सैनी ने हड्डियों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न योग मुद्राओं एवं योगासनों के माध्यम से हड्डियों को स्वस्थ एवं मजबूत बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. सरिता त्यागी ने विश्वविद्यालय द्वारा समाज के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में निःशुल्क नित्य योगशाला की सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षित मार्गदर्शन में नियमित योगाभ्यास की व्यवस्था को एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री आशुतोष सिंह ने भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए विभिन्न विषयों में सहयोगात्मक शोध (Collaborative Research) को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान प्रणाली को आधुनिक शोध के साथ जोड़कर व्यापक स्तर पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है।
प्रो. वीरपाल सिंह ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न शोध पहलों एवं अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी योग साधकों को बधाई दी तथा उनकी सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं सामाजिक गतिविधियों में सभी की सक्रिय भागीदारी विश्वविद्यालय की रैंकिंग को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
कार्यक्रम के अंत में योग विज्ञान विभाग के समन्वयक प्रो. राकेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। संपूर्ण कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. वैशाली पाटिल, प्राचार्य, फार्मेसी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार, श्री अनुज बैंसला, सुश्री राखी सिंह, श्रीमती अर्चना सिंह, श्रीमती सरलेश त्यागी सहित अनेक योग साधक एवं विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने, भारतीय ज्ञान परंपरा को प्रोत्साहित करने तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
मेरठ। किसान गर्ल्स इंटर कॉलेज शिवलोक में वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति द्वारा दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
समारोह में शशि बाला, कुसुम लता, आशा शर्मा, अतिवीर जैन, महेश कुमार मिश्रा, केवल कृष्ण भसीन, राजेन्द्र उमंग, राजीव गुप्ता और सुमन कांत अरोरा ने गीत-गजलों से समां बांधा।
समिति अध्यक्ष महेन्द्र कुमार रस्तोगी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मौसमी बदलाव और बढ़ते वायु प्रदूषण के चलते वरिष्ठ नागरिकों को ठंड से बचाव और खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर जगदीश कुमार, प्रसून रस्तोगी, विमलकांत कौशिक, मुल्ख राज, राजेन्द्र कौशल सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में बुधवार को दीपोत्सव मनाया गया। इस मौके पर क्रिकेटरों ने मैदान में दीपक और मोमबत्ती जलाकर सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर काफी संख्या में खिलाड़ी व अन्य सदस्य मौजूद रहे। क्रिकेट कोच अतहर अली ने सभी खिलाड़ियों को बिना पटाखे के दीपावली मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शांति और प्यार के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को ऋषभ क्रिकेट एकेडमी और आईटीआई क्रिकेट एकेडमी में दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर पार्थ, रोनित, आदित्य, रजनी, रोहित, उमंग, अवि आदि लोग मौजूद रहे।
नित्य संदेश, परीक्षितगढ। दीपावली, गोवर्धन, भैया दूज और गंगा स्नान त्योहारों के मद्देनजर थाना प्रभारी केदार सिंह ने बाजार में गश्त कर व्यापारियों से सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।
संयुक्त व्यापार संघ के तत्वावधान में थाना प्रभारी ने दुकान-दुकान जाकर व्यापारियों से सुझाव मांगे। व्यापारियों ने दीपावली तक बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग रखी, क्योंकि त्योहार पर महिलाओं और बच्चों की आवाजाही ज्यादा रहती है। इस दौरान एसआई विनय प्रताप, कुलदीप यादव, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष सुधीर गर्ग, भाजपा नेता सचिन अग्रवाल, गौरव गर्ग उर्फ पोपट, पप्पू भैया, तुषार शर्मा आदि मौजूद रहे।