मेरठ व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी सहभागिता कार्यक्रम (SVEEP) के तहत निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता हेतु निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। प्राचार्य ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और सभी को निर्वाचन प्रणाली में निष्पक्ष रूप से सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
सर्वप्रथम ‘मतदान का महत्व’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 20 छात्राओं ने सहभागिता की।
निबंध प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रकार रहा:
प्रथम स्थान – कु. केसर सिंह, एम.कॉम द्वितीय वर्ष
द्वितीय स्थान – कु. फ्राजिया, एम.ए. द्वितीय वर्ष
तृतीय स्थान – कु. शिवानी, बी.ए. प्रथम वर्ष एवं कु. पूजा, बी.ए. द्वितीय वर्ष (संयुक्त रूप से)
इसके पश्चात क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मतदाता सूची निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं VVPAT से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इस प्रतियोगिता में 15 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का आयोजन SVEEP समिति की नोडल अधिकारी प्रो. लता कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग प्रभारी प्रो. अनुजा गर्ग ने भी सहभागिता की और निर्णायक की भूमिका का निर्वहन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निष्पक्ष मतदाता सूची, चुनावी प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना रहा। समस्त आयोजन में 50 से अधिक छात्राओं ने सहभागिता की।
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में बुधवार को राष्ट्रीय चेतना, भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘सनातन राष्ट्र एवं राष्ट्रीय चरित्र निर्माण संगोष्ठी’ का भव्य आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित मांगल्य प्रेक्षागृह में आयोजित संगोष्ठी में श्री श्री 1008 श्रीमद्जगद्गुरु श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी महाराज मुख्य अतिथि तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं अमर उजाला समूह के सलाहकार-संपादक विनोद अग्निहोत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण, विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज सहित अनेक शिक्षाविद, प्रबुद्धजन, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि जो शाश्वत है, वही सनातन है। सनातन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी शाश्वत पद्धति है, जो मानवता, नैतिकता, संस्कार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण व्यक्तिगत चरित्र निर्माण से ही संभव है। जब व्यक्ति अपने जीवन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करता है, तभी एक सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के मूल भाव को समझकर उन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अपने संबोधन में सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण की प्रशंसा करते हुए कहा कि डॉ. अतुल की जो विचारधारा है वही सच्चे राष्ट्रभक्त की विचारधारा होनी चाहिए।जिस प्रकार से डॉ. अतुल कृष्ण ने दशकों पहले अपने छात्र जीवन से ही सुभारत के निर्माण के लिए सुभारती संस्था का निर्माण किया और आज एक विशाल सुभारती संस्थान को ना सिर्फ स्थापित किया है बल्कि उसे एक उच्च मानकों वाले राष्ट्रवादी विचारों के पोषक संस्थान के रुप में प्रतिष्ठित कराना भी एक बहुत बड़ी बात है। युवाओं को डॉ. अतुल के जीवन से सदा प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर बोलते हुए विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार विनोद अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल विचारों या नारों से नहीं, बल्कि समर्पित व्यक्तित्व और उनके कर्मों से होता है। उन्होंने युवाओं को डॉ. अतुल कृष्ण के जीवन, संघर्ष, दूरदृष्टि और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को ऐसे व्यक्तित्वों के जीवन से सीख लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता, सकारात्मक सोच और कर्मठता ही एक जागरूक नागरिक की पहचान है।
सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में जेनरेशन अल्फा और जेनरेशन ज़ी को भारतीय संस्कारों, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। आधुनिक तकनीक और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय अस्मिता को सुरक्षित रखना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सपनों का भारत तभी साकार हो सकता है, जब देश की युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, त्याग, आत्मसम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो। उन्होंने युवाओं से केवल अपने व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहकर राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा हमारे जीवन को दिशा देने वाले अमूल्य आधार हैं। राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण शिक्षा के साथ संस्कार, नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के समन्वय से होता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक रूप से दक्ष बनाना नहीं, बल्कि उन्हें संवेदनशील, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाना भी है। नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बोध विकसित करना शिक्षा संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
संगोष्ठी का विशेष आकर्षण सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण द्वारा लिखित एवं संपादित पुस्तक ‘राष्ट्र अनुभूति’ के विस्तारित संस्करण का विमोचन रहा। अतिथियों ने पुस्तक का विमोचन करते हुए इसे राष्ट्र चेतना, भारतीय विचार परंपरा, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय मूल्यों को समाज तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पुस्तक के विमोचन के अवसर पर कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को समझने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान 21 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालय के द्वारा आयोजित ‘अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि महापर्व के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध लेखन, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इसके अतिरिक्त राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश प्रसारित करने के लिए भव्य रैली भी निकाली गई थी।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने संगोष्ठी को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए कहा कि आधुनिकता के साथ भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का समन्वय ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और संस्कारवान भारत की आधारशिला बनेगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, सांस्कृतिक चेतना और युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने के संकल्प के साथ हुआ।
फरेब देने वाले का दस्तूर भी अजीब है, अपना होने का दावा करने वाला गैर के करीब है; ज़रा से फायदे के लिए जो पसंद बदल लेता है, वफा-ए-इश्क भूलने वाला नसीब का बहुत गरीब है।
करीब एक हजार आगंतुकों ने किया अवलोकन, विद्यार्थियों ने दो दिनों में 37 हजार रुपये का कारोबार किया; अतिथियों ने की रचनात्मकता और उद्यमशीलता की सराहना
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ज्वेलरी डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी विभाग की ओर से 3 एवं 4 नवंबर 2026 को विद्यार्थियों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित आभूषणों की दो दिवसीय प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक कौशल, तकनीकी दक्षता और उद्यमशील सोच का शानदार प्रदर्शन किया।
खास बात यह रही कि प्रदर्शनी में रखे गए सभी आभूषण विद्यार्थियों ने स्वयं डिजाइन किए और विभिन्न प्रकार की कच्ची सामग्रियों से हाथों से तैयार किए। पारंपरिक भारतीय आभूषणों से लेकर आधुनिक फैशन ज्वेलरी और कस्टमाइज्ड डिजाइन तक की आकर्षक श्रृंखला ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।प्रदर्शनी का अवलोकन प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. भूपेंद्र सिंह, प्रो. अतवीर सिंह, प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. नीरज सिंघल, इंजीनियर मनीष मिश्रा एवं प्रो. अलका तिवारी सहित अन्य अतिथियों ने किया। सभी ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आभूषणों, उनकी कलात्मकता और आकर्षक प्रस्तुति की सराहना की।
इस अवसर पर निदेशक शोध प्रो. बीरपाल सिंह ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिश्रम और रचनात्मकता की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल को और निखारने तथा स्वयं के ज्वेलरी ब्रांड एवं कंपनियां स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आभूषण उद्योग में उपलब्ध संभावनाओं का उल्लेख करते हुए सेक्शन-8 के अंतर्गत मिलने वाले सहयोग और वित्तीय सहायता की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और व्यावसायिक सोच के साथ विद्यार्थी अपने हुनर को सफल उद्यम में बदल सकते हैं।Dsw प्रो. भूपेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों के स्टॉलों की सजावट, उत्पादों की विविधता और उनकी प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कस्टमाइज्ड ज्वेलरी की मांग तेजी से बढ़ रही है। ग्राहक अपनी पसंद, जरूरत और बजट के अनुसार आभूषण तैयार कराना चाहते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के पास अपने डिजाइन बाजार में उतारने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को बाजार की मांग के अनुरूप नए उत्पाद विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।डीन आर्ट्स प्रो. अतवीर सिंह ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक ज्ञान और तकनीकी कौशल को व्यावहारिक रूप देने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजन उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और उद्यमशीलता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इंजीनियर मनीष मिश्रा ने कॉस्ट्यूम और सिमुलेंट ज्वेलरी के बढ़ते बाजार पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सोने की कीमतों में वृद्धि के चलते ग्राहक अब अपने बजट के अनुरूप आकर्षक और किफायती आभूषणों के विकल्प भी तलाश रहे हैं। कॉस्ट्यूम ज्वेलरी इस जरूरत को पूरा करने का एक बेहतर विकल्प बन रही है। इसकी डिजाइन विविधता और कस्टमाइजेशन की सुविधा इसे बाजार में लोकप्रिय बना रही है। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्पादों को वर्तमान बाजार की मांग के अनुरूप बताते हुए उनके व्यावसायिक विकास की संभावनाओं की सराहना की।दो दिन में एक हजार आगंतुक, 37 हजार रुपये का कारोबारप्रदर्शनी को आमजन का भी अच्छा प्रतिसाद मिला। दोनों दिनों में करीब एक हजार लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
आगंतुकों ने विद्यार्थियों के उत्पादों की डिजाइन, गुणवत्ता, बारीकी और आकर्षक प्रस्तुति की सराहना की। विशेष रूप से विद्यार्थियों की ओर से प्रत्येक उत्पाद की लागत का आकलन, मूल्य निर्धारण और बाजार के अनुरूप कीमत तय करने की प्रक्रिया ने लोगों को प्रभावित किया। कई आगंतुकों ने अपनी पसंद के आभूषणों की खरीदारी भी की।प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से करीब 37 हजार रुपये का कारोबार किया। यह उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए विशेष उत्साहवर्धक रही। उन्हें अपने डिजाइन किए गए उत्पाद सीधे ग्राहकों के सामने प्रस्तुत करने, उनकी पसंद और सुझाव समझने, लागत निर्धारित करने तथा वास्तविक बाजार में बिक्री का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
विभाग की समन्वयक प्रो. सरू कुमारी एवं सह-समन्वयक डॉ. अंशु अग्रवाल के मार्गदर्शन और विभागीय शिक्षकों के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को अपने कौशल एवं उत्पादों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से परिचित कराना था।दो दिवसीय प्रदर्शनी विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता और उद्यमशील सोच का प्रभावी उदाहरण बनी।
आयोजन ने यह संदेश दिया कि उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी अपनी कला एवं कौशल को सफल व्यवसाय और स्वयं के ब्रांड के रूप में विकसित कर सकते हैं।
मेरठ। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा की एक भव्य पारिवारिक सभा आज शिव मंदिर, साकेत में हर्षोल्लास के साथ आयोजित की गई।कार्यक्रम में सेवा और समर्पण की भावना को सम्मानित करते हुए शाखा के 11 शिक्षकों, परिवार के 2 वृद्धजनों एवं 2 वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और 3 विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन शाखा के सचिव श्री अरविन्द कुमार गोयल द्वारा किया गया, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन नीति शर्मा ने किया। शाखा की अध्यक्षा श्रीमती नीरज अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
आज के कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे -गणेश वंदना, देवी स्तुति, लघु नाटिका ‘स्वर्ग-नरक’, सीता-गार्गी संवाद तथा एवेन्यू पब्लिक स्कूल, गंगानगर के बच्चों द्वारा सीता स्वयंवर का सजीव मंचन। सभी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम के अंत में धर्मेन्द्र अग्रवाल जी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।