मोदीपुरम। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में चल रहे अखिल भारतीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी परिसर में मंगलवार को मेरठ, सहारनपुर एवं मुरादाबाद मण्डल की संयुक्त मण्डलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया।
गोष्ठी का शुभारंभ प्रमुख सचिव कृषि उत्तर प्रदेश एम.के.एस. सुंदरम, कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, कृषि निदेशक टी.एम. त्रिपाठी एवं आयुक्त सहारनपुर डॉ. रूपेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तकनीकी सत्र में डॉ. डी.वी. सिंह ने मत्स्य पालन, डॉ. प्रवीण कुमार ने गौमूत्र जैविक कीटनाशक, डॉ. विकास मलिक ने ट्रेंच विधि से गन्ना उत्पादन व सहफसली खेती तथा सना खान ने वर्मी कंपोस्ट व जैविक खेती पर जानकारी दी। किसानों ने आवारा पशुओं से फसल क्षति, तारबंदी पर अनुदान, सोलर पंप, छोटे कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, गन्ना भुगतान पर ब्याज, बीज पर अनुदान OTP से देने व किसान सम्मान निधि बढ़ाने की मांग रखी।
प्रदेश में चल रहा “खेत बचाओ अभियान”
प्रमुख सचिव ने बताया कि प्रदेश में 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक “खेत बचाओ अभियान” चल रहा है। किसानों से संतुलित उर्वरक प्रयोग, जैविक खेती, खेत की मेड़बंदी, जल संरक्षण व फसल अवशेष प्रबंधन की अपील की गई। दलहनी-तिलहनी बीज पर 75%, गेहूं पर 50% और मसूर पर 100% अनुदान पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध है।
26 सालों से किसानों को दी जा रही जानकारी
आयुक्त सहारनपुर ने मंडल में बीज, खाद व दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी दी। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय पिछले 26 वर्षों से किसानों को तकनीक देकर आय बढ़ाने में जुटा है। गोष्ठी का संचालन जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने किया। इसमें तीनों मंडलों के कृषि अधिकारी, वैज्ञानिक व बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
मेरठ। परिक्षेत्र ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। माह अक्टूबर 2026 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में मेरठ रेंज के चारों जनपद – मेरठ, बुलंदशहर, बागपत व हापुड़ भी प्रदेश स्तर पर पहले स्थान पर रहे।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई प्रणाली IGRS व सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध व विधिक निस्तारण कराया गया, जिसके चलते यह उपलब्धि मिली। डीआईजी ने चारों जनपदों की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की जांच संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर गुणवत्ता के आधार पर करें, फोन या थाने पर बैठकर रिपोर्ट न भेजें। थाना प्रभारी फीडबैक लेकर आख्या अपलोड कराएं, रजिस्टर अद्यतन रखें और प्रत्येक 15 दिन में नोडल अधिकारी समीक्षा करें।
साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों को दे प्राथमिकता
महिला, वरिष्ठ नागरिक व साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण, घटनास्थल की LAT-LONG रिपोर्ट में दर्ज करने और जनसुनवाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए गए।
मेरठ। एमएस पब्लिक स्कूल अब्दुल्लापुर में भारतीय डाक विभाग द्वारा तीन दिवसीय आधार कार्ड शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में विद्यार्थियों व अभिभावकों को नए आधार कार्ड बनवाने व संशोधन की सुविधा दी जा रही है।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पदक से सम्मानित, पोस्ट फोरम सलाहकार समिति सदस्य सरदार सरबजीत सिंह कपूर, प्रधानाचार्य मौ. इरशाद, प्रधानाचार्या टीना शर्मा व स्टाफ ने फीता काटकर किया। सरबजीत सिंह कपूर ने कहा कि ऐसे शिविर आमजन को सरकारी सेवाएं सरलता से उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं और डाक विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानाचार्य मौ. इरशाद ने कहा कि स्कूल परिसर में ही सुविधा मिलने से समय व श्रम की बचत होती है। यह जनहित में महत्वपूर्ण कदम है।
मेरठ। इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज (आईबीएस), चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में आज एमबीए एवं एमबीए (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन) के विद्यार्थियों के लिए भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान एमबीए वर्ग में Mr. Fresher – हर्षित राणा एवं Ms. Fresher – विदुषी तथा एमबीए (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन) वर्ग में Mr. Fresher – कर्नल नितिन एवं Ms. Fresher – प्रिया चुने गए।
इस अवसर पर संस्थान की उप निदेशिका डॉ. अंशु चौधरी ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन में निरंतर सीखने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। एमबीए समन्वयक डॉ. राहुल शर्मा एवं एमबीए (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन) समन्वयक डॉ. मनी गर्ग ने भी सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं यादगार शैक्षणिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत स्वदेशी उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन का आयोजन विश्वविद्यालय के अटल सभागार में किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता, स्वरोजगार, स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता तथा आत्मनिर्भर भारत की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के अखिल भारतीय संगठक श्री कश्मीरी लाल जी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन सभी अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती की वंदना एवं वंदे मातरम् का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य एवं कार्यक्रम समन्वयक प्रो. आर.के. सोनी ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया। उन्होंने अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत 2047 तथा नवीन शोध के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवाओं को केवल पारंपरिक रोजगार के अवसरों तक सीमित न रहकर शोध, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों पर कार्य करने तथा अपने शोध को समाज और राष्ट्र के विकास से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य वक्ता एवं स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के अखिल भारतीय संगठक श्री कश्मीरी लाल जी ने अपने संबोधन में बेरोजगारी के कारण युवाओं में उत्पन्न हो रहे अवसाद तथा रोजगार के वैकल्पिक अवसरों के रूप में उद्यमिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी की प्रतीक्षा करने के साथ-साथ स्वयं के व्यवसाय एवं उद्यम स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। उन्होंने राधेश्याम गोयनका एवं राधेश्याम अग्रवाल द्वारा एक कंपनी के अंतर्गत लगभग 320 स्वदेशी उत्पादों को विकसित करने का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए स्वदेशी उद्यमिता की संभावनाओं को रेखांकित किया।
उन्होंने व्यवसाय प्रारंभ करने के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देते हुए कई सफल उद्यमियों की प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं। मीना बिंद्रा और उनके Biba ब्रांड का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि दृढ़ संकल्प, नवाचार और निरंतर प्रयासों के माध्यम से उद्यमिता के क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमताओं को पहचानने, नए अवसरों का लाभ उठाने तथा रोजगार सृजनकर्ता बनने का आह्वान किया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से राष्ट्र प्रथम की भावना को अपनाने और देश के विकास में अपना योगदान देने की अपील की।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने आज की पीढ़ी के साहस, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों को अवसर में बदलने और अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। कुलपति ने वोकल फॉर लोकल की भावना को अपनाने तथा स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। उन्होंने हर घर स्वदेशी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर और स्वदेशी उद्यमों को प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान की ओर से संयुक्त क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्री विकास चौधरी, स्वदेशी जागरण मंच मेरठ प्रांत के सह प्रांत संयोजक श्री सुधांशु बिश्नोई, स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत सह समन्वयक श्री अनुज शर्मा एवं श्री बिजेंद्र उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से निदेशक शोध प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. अनिल मलिक, प्रो. नीरज सिंघल, डॉ. के.पी. सिंह, डॉ. स्वाति सिंह, डॉ. नाज़िया,डॉ. प्रियंका, डॉ. मनीषा, डॉ. मीनू, डॉ. विवेक त्यागी, डॉ. शिवम गोयल, डॉ. मोनिका, डॉ. निखिल, डॉ. अर्पित, डॉ. नीरज, डॉ. नैन्सी, डॉ. वेदवती , डॉ प्रियंक एवं श्री गुरप्रीत सिंह सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सम्मेलन के माध्यम से स्वदेशी, स्वावलंबन एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।