
नित्य संदेश ब्यूरो
धर्मनगरी काशी में इस कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का उत्सव बेहद भव्य और अविस्मरणीय होने जा रहा है। 24 नवंबर की संध्या होते ही अर्धचंद्राकार गंगा घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठेंगे और पूरा शहर आध्यात्मिक आभा से सराबोर नजर आएगा।
इस महापर्व के लिए काशी विश्वनाथ धाम को 200 क्विंटल सुगंधित फूलों, 11 लाख दीपों से सजाया जाएगा, जबकि दशाश्वमेध, अहिल्याबाई, नमो, पंचगंगा, केदार, तुलसी और अस्सी जैसे प्रमुख घाटों पर 500 क्विंटल फूलों की महक बिखरेगी। सतरंगी रोशनी और फसाड लाइटों की छटा घाटों की सुंदरता में चार चांद लगाएगी, वहीं आसमान में एक साथ उड़ते 2100 ड्रोन भगवान शिव, मां गंगा और काशी विश्वनाथ की भव्य आकृतियां निर्मित कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

पौराणिक मान्यता और इतिहास के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर तीनों लोकों को उसके अत्याचार से मुक्त कराया था। इस विजय की खुशी में समस्त देवी-देवताओं ने काशी के गंगा तट पर उतरकर लाखों दीप जलाए थे और महादेव की महाआरती की थी, तभी से इसे देव दीपावली कहा जाता है। आधुनिक समय में काशी के घाटों पर इसके सार्वजनिक आयोजन की परंपरा 1985 में पंचगंगा घाट से प्रारंभ हुई थी। 2014 से पूर्व यह आयोजन इतना भव्यता से सम्पन्न नहीं होता था। इस पारंपरिक उत्सव को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने और वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद उन्होंने अयोध्या के दीपोत्सव की तर्ज पर काशी की देव दीपावली को भी भव्य सरकारी संरक्षण प्रदान किया और इसे ‘प्रांतीय मेला’ घोषित किया।

वाराणसी की दीपावली प्रधानमंत्री और उ.प्र. मुख्यमंत्री के विजन और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास, 88 पक्के घाटों व कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीपों के प्रज्ज्वलन, 3-डी लेजर शो और ड्रोन शो जैसे आधुनिक नवाचारों के साथ यह उत्सव आज विश्वभर के लाखों पर्यटकों और विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र बन चुका है।
उत्सव का यह उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहकर शहर के हर प्रवेश द्वार पर दिखाई देगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए रेलवे और बस स्टेशनों को आकर्षक रंगोली व दीपों से सजाया जा रहा है, साथ ही लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों का पारंपरिक अंदाज में अभिनंदन किया जाएगा।


