नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना दौराला पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मात्र 4 घंटे के भीतर 3 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
22 नवंबर को थाना दौराला क्षेत्र के ग्राम शाहपुर जदीद से 3 बच्चे मानव पुत्र सोमपाल उम्र करीब 14 वर्ष निवासी ग्राम शाहपुर जदीद, डुग्गू पुत्र मोनू उम्र करीब 8 वर्ष निवासी ग्राम शाहपुर जदीद तथा अनमोल पुत्र रविन्द्र उम्र करीब 12 वर्ष निवासी हर्रा खिवाई थाना सरूरपुर अपने परिजनों को बिना बताए घर से चले गए थे। बच्चों के वापस न लौटने पर चिंतित परिजनों ने काफी तलाश की तथा थाना दौराला पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी दौराला के पर्यवेक्षण में गुमशुदा बच्चों की बरामदगी के लिए तत्काल पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश, स्थानीय लोगों से पूछताछ एवं अन्य आवश्यक प्रयास किए। अथक प्रयासों के फलस्वरूप मात्र 4 घंटे के भीतर तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे परिजनों को बिना बताए हरिद्वार गंगा स्नान करने चले गए थे। पुलिस ने तीनों बच्चों को परिजनों के सुपुर्द किया। बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत एवं प्रसन्नता व्यक्त करते हुए थाना दौराला पुलिस की त्वरित कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार चौहान, उ.नि. शिवम चौधरी, उ.नि. विवेक कुमार, है.का. सादिक मलिक, का. रवि कुमार, का. अंकित कुमार, का. वीरेश कुमार।


