नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि के अंतर्गत भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) नई दिल्ली द्वारा दस दिवसीय अनुसंधान पद्धति पाठ्यक्रम (Research Methodology Course) के आयोजन हेतु आठ लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस पाठ्यक्रम के आयोजन का दायित्व समाजशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ. डी.एन. भट्ट एवं डॉ. नेहा गर्ग सहायक आचार्य को सौंपा गया है। ICSSR द्वारा प्राप्त स्वीकृति के अनुसार, विशेषज्ञ समिति की अनुशंसा के आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने इस दस दिवसीय पाठ्यक्रम के प्रस्ताव को अनुमोदित किया है।
इस दस दिवसीय पाठ्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में शोध कर रहे विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं युवा शिक्षाविदों को अनुसंधान की आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों तथा शोध कौशल से परिचित कराना है। पाठ्यक्रम के अंतर्गत सामाजिक विज्ञान अनुसंधान की विभिन्न पद्धतियों, शोध अभिकल्प, आंकड़ों के संकलन एवं विश्लेषण, उन्नत अनुसंधान उपकरणों तथा आधुनिक तकनीकी संसाधनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पाठ्यक्रम में सामाजिक विज्ञान अनुसंधान में डेटा के उपयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं उन्नत अनुसंधान उपकरणों, पुस्तकालय एवं ई-संसाधनों के प्रशिक्षण तथा वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ONOS) की उपयोगिता को भी सम्मिलित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अकादमिक लेखन, शोध पत्रों के प्रकाशन, अनुसंधान संचार तथा शोध की गुणवत्ता और विश्वसनीयता से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस पाठ्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पक्ष भारतीय ज्ञान परंपरा (Indian Knowledge Systems) तथा सामाजिक विज्ञान अनुसंधान में उपनिवेशवाद-मुक्त दृष्टिकोण (Decolonial Frameworks) को प्रोत्साहित करना भी होगा। इसके माध्यम से अनुसंधान में ज्ञान की विविध परंपराओं, पद्धतिगत न्याय (Methodological Justice) तथा ज्ञान संबंधी समानता (Epistemic Justice) के महत्व को रेखांकित किया जाएगा।
डॉ. डी.एन. भट्ट एवं डॉ. नेहा गर्ग ने इस स्वीकृति को विश्वविद्यालय तथा समाजशास्त्र विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ICSSR द्वारा प्रदान किया गया यह सहयोग शोधार्थियों में अनुसंधान संबंधी दक्षताओं के विकास, गुणवत्तापूर्ण शोध को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में नवीन अनुसंधान दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा।
विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग द्वारा इस पाठ्यक्रम का आयोजन शीघ्र ही किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के शोधार्थियों और युवा शिक्षाविदों को अनुसंधान संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। पाठ्यक्रम की विस्तृत समय-सारणी, आवेदन प्रक्रिया एवं प्रतिभागियों से संबंधित जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
यह स्वीकृति चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


