रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ। ग्राम रसूलपुर गांवड़ी में चार दिन पूर्व पुराने विवाद को लेकर युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहीं आरोपी के पिता और चाचा को बचाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिजन और भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ता थाने में धरने पर बैठ गए। समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था।
बताया गया कि चार दिन पूर्व ग्राम रसूलपुर गांवड़ी निवासी आकाश पुत्र श्यामसिंह और सौरभ पुत्र सुनील के बीच पुरानी रंजिश के चलते रास्ते में बाइक की साइड लगने को लेकर विवाद हो गया था। उस समय आकाश अपनी भाभी को दवाई दिलाने के लिए मवाना जा रहा था। कुछ देर बाद आकाश का भाई परवेश शिकायत लेकर सौरभ के घर गया, तो दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इसी बीच सौरभ ने परवेश पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया और मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई थी।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की तलाश में दबिश दी। पीड़ित परवेश ने थाने में सौरभ, उसके पिता सुनील और चाचा प्रमोद के खिलाफ संगीन धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया।
वहीं पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर मिलीभगत कर अन्य आरोपी सुनील और प्रमोद को बचाने का आरोप लगाया। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष कालू प्रधान और जिला संगठन मंत्री नीरज राठी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ परिजन थाने में धरने पर बैठ गए। उन्होंने जल्द से जल्द दोनों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान एसओ केदार सिंह ने धरने पर बैठे लोगों को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने। एसओ और पीड़ित परिजनों के बीच नोंकझोंक भी हुई। करीब तीन घंटे से चल रहा धरना समाचार लिखे जाने तक जारी था।


