नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी), सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत के सलाहकार पैनल में मेरठ की अभिनेत्री गरिमा अग्रवाल को सदस्य नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 04 नवंबर 2026 से अगले तीन साल या मंत्रालय के अगले आदेश तक रहेगा।
गरिमा अग्रवाल ने कहा, यह नियुक्ति केवल सम्मान नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसका निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगी। गढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा, सिनेमा समाज का दर्पण है। प्रयास रहेगा कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता, संस्कारों, देशभक्ति और पारिवारिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने वाली सकारात्मक फिल्मों के निर्माण को बढ़ावा मिले।
उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के स्थानीय कलाकारों, युवाओं, लेखकों और फिल्म निर्माण से जुड़े प्रतिभाशाली लोगों को अधिक अवसर मिलें, जिससे रोजगार के नए रास्ते खुलें और प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आर्थिक पहचान मजबूत हो।


