नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत संभागीय परिवहन कार्यालय मेरठ की ओर से अवैध पार्किंग और रात्रिकालीन ड्राइविंग के विरुद्ध संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुधांशु रंजन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन विंध्याचल गुप्ता और यात्रीकर अधिकारी नीलम सिंह के नेतृत्व में परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यवाही की।
अभियान के दौरान सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की गई, जो यातायात में बाधा बनते हैं और दुर्घटना की आशंका बढ़ाते हैं। इसके साथ ही नशे में ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया।
वाहन चालकों को सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने, गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक भी किया गया। अभियान में सभी मदों में 60 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत इस तरह के प्रवर्तन और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन की यात्रा सुरक्षित बनाई जा सके।


