नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गणित अध्यापक श्री आदेश शर्मा का भावभीना विदाई समारोह आयोजित हुआ।
श्री शर्मा का उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से सहायक अध्यापक (गणित) के पद पर जनपद मिर्जापुर में राजकीय सेवा में चयन हुआ है। उन्होंने विद्यालय में 10 वर्षों तक निष्ठापूर्ण सेवाएं दीं। समारोह में वक्ताओं ने बोर्ड परीक्षा में उनके उत्कृष्ट योगदान को याद किया। उनके पढ़ाए छात्र-छात्राओं ने गणित में सदैव सर्वाधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। सरल-सहज व्यवहार, अनुशासन और कठिन विषय को सरल रूप में समझाने की कला के लिए उनकी सराहना की गई।
प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने कहा, “श्री शर्मा का चयन हमारे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उनकी 10 वर्षों की सेवा, अनुशासन और परीक्षा परिणाम सदैव याद रखे जाएंगे।” पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा, “आदेश जी जैसे शिक्षक विरले ही होते हैं। वे विद्यालय को अपना परिवार मानकर कार्य करते थे।” इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा, “यह विद्यालय मेरे लिए केवल विद्यालय नहीं, बल्कि मेरा परिवार है। यहां के 10 वर्ष मेरे जीवन के सबसे सुंदर वर्ष रहे।”
समारोह में प्रबंध समिति के पदाधिकारी, आचार्य परिवार, कर्मचारीगण एवं श्री शर्मा के परिवारजन उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।


