नित्य संदेश। इक्कीसवीं शताब्दी का विश्व तीव्र वैज्ञानिक प्रगति, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वैश्वीकरण, डिजिटल संचार तथा ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था के युग में प्रवेश कर चुका है। इन उपलब्धियों ने मानव जीवन को अभूतपूर्व सुविधाएँ प्रदान की हैं, किन्तु साथ ही अनेक जटिल चुनौतियों को भी उत्पन्न की हैं।
नैतिक मूल्यों का क्षरण, पर्यावरणीय संकट, मानसिक तनाव, सामाजिक विखंडन, सांस्कृतिक विस्मृति तथा शिक्षा का अत्यधिक व्यवसायीकरण सामयिक में वैश्विक चिंता के विषय हैं। ऐसी परिस्थितियों में यह प्रश्न अत्यंत महत्त्वपूर्ण हो जाता है कि क्या शिक्षा केवल तकनीकी दक्षता प्रदान कर इन चुनौतियों का समाधान कर सकती है, अथवा उसे जीवन-दृष्टि और मूल्यबोध से भी समृद्ध होना चाहिए !
भारत मात्र एक भौगोलिक भू-भाग नहीं हैं ,अपितु सहस्त्राब्दियों से विकसित भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक चेतना एवं सभ्यतागत विरासत का जीवंत एवं चिरंतन प्रतीक है। भारत वासियों के लिए अपने राष्ट्र के इतिहास, परंपराओं, कला, संस्कृति ,वैचारिक मान्यताओं एवं ज्ञान -संपदा का सम्यक बोध आवश्यक है। ये सभी तत्व परस्पर संबद्ध होकर भारतीय सभ्यता की समग्र पहचान और उसकी विशिष्ट सांस्कृतिक अस्मिता का सावयव समुच्चय निर्मित करते हैं।
भारतीय ज्ञान परम्परा इस प्रश्न का उत्तर समग्र दृष्टि से प्रस्तुत करती है। यह ज्ञान को केवल आर्थिक प्रगति का साधन नहीं मानती, बल्कि व्यक्ति, समाज और प्रकृति के मध्य संतुलित संबंध स्थापित करने वाली शक्ति के रूप में स्वीकार करती है। इसीलिए भारतीय चिंतन में शिक्षा का उद्देश्य केवल कुशल मानव संसाधन तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे उत्तरदायी अनुशासित चरित्रवान नागरिकों का निर्माण करना है, जो विवेक, करुणा, नैतिकता सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नैतिक मूल्यों से युक्त हों। भारतीय ज्ञान परंपरा संपूर्ण विश्व को “एक परिवार” के रूप में देखने का उदात्त दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।’ वसुधैव कुटुंबकम’ का यह शाश्वत दर्शन समस्त मानवता के प्रति प्रेम, आत्मीयता, सौहार्द ,सद्भाव और उदारता का संदेश देता है।
हमारी सनातन संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा ने सदैव विश्व बंधुत्व,सौहार्द, सर्व कल्याण एवं लोक कल्याण की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान किया है। सामयिक में आवश्यकता हैं कि हम अपने पारंपरिक मूल्यों, आदर्शों एवं शैक्षणिक दृष्टिकोण को भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप परिष्कृत एवं समृद्ध करें एवं उन्हें समकालीन शिक्षा व्यवस्था में प्रभावी रूप से समाहित करें। यही भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने का एकमेव मार्ग है।समकालीन शिक्षा की एक प्रमुख चुनौती विषयों के अत्यधिक विखंडन की है। विभिन्न अनुशासन अनेक बार एक-दूसरे से इतने पृथक हो जाते हैं कि ज्ञान की समग्रता प्रभावित होती है। “भारतीय ज्ञान परम्परा इस समस्या का समाधान समन्वित दृष्टिकोण के माध्यम से प्रस्तुत करती है।” यहाँ ज्ञान के विविध आयाम परस्पर पूरक माने गए हैं, जिससे शिक्षा में संतुलन और व्यापकता बनी रहती है। यही दृष्टि आज बहुविषयी एवं अंतर्विषयी अध्ययन की आवश्यकता को भी सुदृढ़ आधार प्रदान करती है।
भारतीय ज्ञान परंपरा केवल अतीत के गौरव का प्रतीक नहीं हैं ,अपितु वर्तमान की अनिवार्य आवश्यकता और भविष्य के निर्माण के आधारशिला है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 में इस तथ्य को आत्मसात करते हुए भारतीय ज्ञान प्रणाली को शिक्षा की मुख्य धारा में समुचित स्थान प्रदान करने का संकल्पित प्रयास किया है। यह पहल भारतीय शिक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण वैचारिक एवं संरचनात्मक परिवर्तन का परिचायक है जो शिक्षा को भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और जीवन मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
पर्यावरण संरक्षण के संदर्भ में भी भारतीय ज्ञान परम्परा अत्यंत प्रासंगिक है। प्रकृति के साथ सहअस्तित्व, संसाधनों का संयमित एवं सीमित उपयोग तथा समस्त जीव-जगत के प्रति उत्तरदायित्व की भावना आज सतत विकास की वैश्विक अवधारणा के अनुरूप प्रतीत होती है। यह दृष्टिकोण स्पष्ट करता है कि विकास और पर्यावरण परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि संतुलित नीति के माध्यम से एक-दूसरे के पूरक बन सकते हैं।इसी प्रकार आधुनिक समाज में मानसिक स्वास्थ्य, जीवन-कौशल और मानवीय संबंधों की चुनौतियाँ निरंतर बढ़ रही हैं।
भारतीय ज्ञान परम्परा आत्मानुशासन, संतुलित जीवन, आत्मचिंतन तथा मानवीय संवेदनशीलता पर बल देती है। यह शिक्षा को केवल बौद्धिक प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर व्यक्तित्व के संतुलित विकास का माध्यम मानती है। वर्तमान समय में जब शिक्षा में भावनात्मक एवं नैतिक आयामों पर पुनः बल दिया जा रहा है, तब भारतीय ज्ञान परम्परा की यह दृष्टि विशेष रूप से सार्थक सिद्ध होती है।राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 भी इसी व्यापक परिप्रेक्ष्य में भारतीय ज्ञान परम्परा की उपयोगिता को स्वीकार करती है। नीति का उद्देश्य अतीत का यांत्रिक अनुकरण करना नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान की उन स्थायी अवधारणाओं को समकालीन शिक्षा से जोड़ना है, जो नवाचार, अनुसंधान, समग्र विकास, सांस्कृतिक आत्मविश्वास तथा वैश्विक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ बना सकें।
इस प्रकार भारतीय ज्ञान परम्परा आधुनिक शिक्षा के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती है, जबकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 उसके व्यावहारिक क्रियान्वयन का समकालीन माध्यम प्रदान करती है।
अतः यह स्पष्ट है कि भारतीय ज्ञान परम्परा की प्रासंगिकता केवल इतिहास के अध्ययन तक सीमित नहीं है। उसका वास्तविक महत्व इस तथ्य में निहित है कि वह आज की शिक्षा को मानवीय, संतुलित, मूल्यपरक और भविष्यदर्शी बनाने की क्षमता रखती है। यही कारण है कि वर्तमान शैक्षिक विमर्श में भारतीय ज्ञान परम्परा पुनः एक केंद्रीय विषय के रूप में प्रतिष्ठित हो रही है।
प्रोफेसर (डॉ.) बलराम पाणी
डीन ऑफ कॉलेजेज, दिल्ली विश्वविद्यालय दिल्ली।


