नित्य संदेश ब्यूरो
सरधना। महान वैज्ञानिक सी. वी. रमन के योगदान को समर्पित जनपद स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन 26 नवंबर 2026 को संत चार्ल्स इंटर कॉलेज, सरधना में किया गया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, लखनऊ के तत्वावधान में जिला विज्ञान क्लब, मेरठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 500 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यार्थियों ने स्किट, नुक्कड़ नाटक और भाषण के माध्यम से विज्ञान के महत्व और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

मुख्य आकर्षण विज्ञान प्रदर्शनी रही, जिसमें पास्कल के नियम, इलेक्ट्रिक सर्किट, हाइड्रोलिक मॉडल सहित कई परियोजनाएं प्रदर्शित की गईं। विद्यार्थियों ने मॉडलों की कार्यप्रणाली और सिद्धांतों को विस्तार से समझाया। सहायक अध्यापिका प्रियंका शर्मा ने विज्ञान शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रयोगों से सीखने के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने और दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता समझने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसवीईईपी के तहत मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया। विद्यार्थियों ने रंगोली, पोस्टर, भाषण और शपथ के माध्यम से मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का संदेश दिया।निर्णायक मंडल में नैना त्यागी, संजय चार्ल्स (व्याख्याता, भौतिक विज्ञान) एवं अनुपमा चोपड़ा (व्याख्याता, रसायन विज्ञान) रहे। मार्गदर्शक मंडल में प्रियंका शर्मा, सचिन कुमार अनास्थि एवं नवीन कुमार (सहायक अध्यापक) रहे। मंच संचालन ओम बागरी ने किया।

प्रधानाचार्य विनय त्यागी एवं मैनेजर रेव. ब्रदर चाको अज़ाकिएल का विशेष सहयोग रहा। राज्य समन्वयक दीपक शर्मा ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया।
परिणाम इस प्रकार रहे —
विज्ञान क्विज: कार्तिक, सक्षम, अरशान अहमद, आयुष, देव सोम, अर्पित
विज्ञान प्रदर्शनी: प्रथम – अबुशामा एवं रिहान खान, द्वितीय – अर्पित त्यागी एवं अंशिका, तृतीय – अरशान अहमद, सांत्वना – आर्यन एवं आयुष
प्रयोगात्मक कार्य: देव, जिया, चिराग, सक्षम, अरसलान, सुशांत


