Homeएजुकेशनहम चाहे कितने ही आधुनिक क्यों न हो जाएँ, आने वाला कल...

हम चाहे कितने ही आधुनिक क्यों न हो जाएँ, आने वाला कल पुस्तकों का ही होगा : प्रो. सगीर अफ़राहीम

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। वर्तमान समय में पुस्तकालयाध्यक्ष की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। अब पुस्तकालयों में अधिकांश विद्यार्थी ऐसे आते हैं, जिन्हें इस बात की समझ और जानकारी होती है कि उनके पाठ्यक्रम के लिए कौन-से लेखक और उनकी कौन-सी पुस्तकें उपयोगी हैं। पुस्तकालय का महत्त्व आज से सौ वर्ष पहले जितना था, उससे कहीं अधिक आज है। ये विचार चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के पुस्तकालय विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. जमाल अहमद सिद्दीकी ने उर्दू विभाग एवं एवोसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित **‘शिक्षा के प्रसार में पुस्तकालय की भूमिका’** विषय पर अपने व्याख्यान के दौरान व्यक्त किए।

उन्होंने आगे कहा कि हम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का कितना ही उपयोग क्यों न कर लें, लेकिन जब तक अपने मस्तिष्क और विवेक का इस्तेमाल नहीं करेंगे, तब तक हमारा कार्य सही ढंग से नहीं हो सकेगा। आज के समय में विद्यार्थियों को सही और प्रमाणिक जानकारी की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सईद अहमद ने पवित्र कुरआन के पाठ से किया। कार्यक्रम की संरक्षकता प्रसिद्ध आलोचक एवं कथाकार प्रो. असलम जमशेदपुरी ने की, जबकि अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक प्रो. सगीर अफ़राहीम ने की।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में प्रो. जमाल अहमद सिद्दीकी (अध्यक्ष, पुस्तकालय विज्ञान विभाग, सीसीएसयू, मेरठ), प्रो. निशात फातिमा (अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़) तथा डॉ. फरकान सरधनवी ऑनलाइन जुड़े। शोधपत्र प्रस्तोता के रूप में उर्दू विभाग की शोधार्थी सैयदा मरियम इलाही ने सहभागिता की। इस अवसर पर लखनऊ से आयुसा की अध्यक्ष प्रो. रेशमा परवीन भी उपस्थित रहीं। स्वागत भाषण नमरा अंसारी ने दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. इरशाद स्यानवी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मुहम्मद नदीम ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रो. असलम जमशेदपुरी ने कहा कि आज का विषय अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। पुस्तकालय से मनुष्य केवल पुस्तकें ही प्राप्त नहीं करता, बल्कि जीवन जीने का सलीका भी सीखता है। पुस्तकालय का वातावरण, वहाँ की संस्कृति और अनुशासन पाठकों को प्रभावित करते हैं। हमारे देश में भी अनेक बड़ी और समृद्ध पुस्तकालयें हैं, जैसे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का पुस्तकालय, खुदाबख्श पुस्तकालय, पटना तथा रजा पुस्तकालय, रामपुर आदि। प्रत्येक विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में पुस्तकालय का होना अत्यंत आवश्यक है। पुस्तकालय के माध्यम से किसी भी शब्द का अर्थ किसी भी भाषा में जाना जा सकता है। आम व्यक्ति भी पुस्तकालय से भरपूर लाभ उठा सकता है।

डॉ. फुरकान सरधनवी ने कहा कि पुस्तकालय के माध्यम से अज्ञानता को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाया जा सकता है। प्राचीन काल से लेकर वर्तमान समय तक पुस्तकालयों ने ज्ञान के प्रसार में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुस्तकालय के माध्यम से ज्ञान एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुँचाया जा सकता है। पुस्तकालय हमारी प्रगति का आधार है। यहाँ प्रत्येक धर्म से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध होती हैं और पाठक अपनी आवश्यकतानुसार पुस्तकों का अध्ययन कर अपने ज्ञान में वृद्धि कर सकते हैं। जनसामान्य तक शिक्षा पहुँचाने के लिए पुस्तकालय एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण माध्यम है। यह आम जनता के लिए ज्ञान का मंदिर है।

प्रो. निशात फातिमा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पुस्तकालय शिक्षा के क्षेत्र में सूचना उपलब्ध कराने और ज्ञान के प्रसार में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पुस्तकालय का उद्देश्य समाज के लोगों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पुस्तकालय की विशेषता यह है कि यहाँ आने वाले लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जाती है। हमारा प्रयास है कि हम आम जनता की अधिक से अधिक सेवा कर सकें। आज डिजिटल सूचना का युग है और हम भी इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। हमारे पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों को डिजिटल स्वरूप भी दिया जा रहा है। भविष्य में विद्यार्थियों को और अधिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास है, ताकि वे पुस्तकों के माध्यम से अपने कौशल का विकास कर सकें। आज अनेक सार्वजनिक पुस्तकालय जनता को डिजिटल सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। अब तो अच्छे कैफे और होटलों में भी छोटे-छोटे पुस्तकालय स्थापित किए जा रहे हैं।

प्रो. रेशमा परवीन ने कहा कि आज का विषय अपने आप में अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। हमने मौलाना आजाद पुस्तकालय में खूब अध्ययन किया है और वहाँ उपलब्ध सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाया है। हमारे जीवन में पुस्तकालय का महत्त्व कभी कम नहीं होगा। बच्चों के माता-पिता की भी यह जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को पुस्तकालय की महत्ता और उपयोगिता से परिचित कराएँ तथा उन्हें पुस्तकालय से लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. सगीर अफ़राहीम ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रभाव चाहे कितना ही बढ़ जाए, लेकिन पुस्तकालय का महत्त्व अपनी जगह हमेशा बना रहेगा। हम चाहे कितने ही आधुनिक क्यों न हो जाएँ, आने वाला कल पुस्तकों का ही होगा। प्रो. जमाल अहमद सिद्दीकी और प्रो. निशात फातिमा पुस्तकालय के क्षेत्र में अत्यंत व्यवस्थित एवं सराहनीय ढंग से अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। पुस्तकालय श्रद्धा और सम्मान के केंद्र हैं।

सैयदा मरियम इलाही ने **‘शिक्षा के प्रसार में पुस्तकालय की भूमिका’** विषय पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक ने पुस्तकालय की भूमिका को एक नया विस्तार दिया है। अब पुस्तकालय केवल किसी निश्चित भवन या पुस्तकों के संग्रह तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि वह वैश्विक स्तर पर ज्ञान के आदान-प्रदान का एक प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। उन्होंने आगे कहा कि भारत में नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए एक महत्त्वपूर्ण डिजिटल मंच है।

इसी प्रकार शोधगंगा, ई-शोध सिंधु और स्वयं ऑनलाइन शिक्षा के अवसरों को व्यापक बना रहे हैं। संक्षेप में कहा जा सकता है कि पुस्तकालय का महत्त्व केवल पुस्तकों की संख्या पर निर्भर नहीं करता, बल्कि उस ज्ञानवर्धक वातावरण पर आधारित होता है, जो वह समाज को प्रदान करता है। एक सक्रिय पुस्तकालय जागरूक पाठक, जिम्मेदार नागरिक, गंभीर शोधार्थी और ज्ञानप्रेमी समाज के निर्माण में आधारभूत भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम से डॉ. आसिफ अली, डॉ. शादाब अलीम, डॉ. अलका वशिष्ठ, मुहम्मद शमशाद, फरहत अख्तर, मुहम्मद ईसा राना सहित अनेक छात्र-छात्राएँ ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से जुड़े रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular