नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने आज रिजर्व पुलिस लाइन मेरठ में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड में सलामी ग्रहण की और परेड का निरीक्षण किया।
परेड के दौरान एसएसपी ने सम्मिलित पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, कदमताल और परेड की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने जवानों को अनुशासन, चुस्ती-दुरुस्ती और बेहतर कार्यक्षमता बनाए रखने के निर्देश दिए।इस दौरान क्वार्टर गार्ड पर उत्कृष्ट सलामी व कमाण्ड प्रस्तुत करने वाले गार्ड कमांडर मुख्य आरक्षी इलम चंद को एसएसपी ने 1,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।

परेड निरीक्षण के बाद एसएसपी ने डॉग स्क्वाड का निरीक्षण किया और उसकी कार्यप्रणाली व तैयारियों का जायजा लिया। डॉग स्क्वाड द्वारा इस दौरान सलामी भी प्रस्तुत की गई।इसके बाद उन्होंने डायल-112 के चार पहिया और दोपहिया वाहनों का निरीक्षण किया। एसएसपी ने स्वयं दोपहिया वाहन चलाकर उसकी कार्यक्षमता परखी और वाहनों के समुचित रखरखाव व नियमित चेकिंग के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घुड़सवार पुलिस के घोड़ों का भी निरीक्षण कर उनकी स्थिति और तैयारियों का जायजा लिया।

इसके बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित बैरकों, मैस, स्टोर सहित विभिन्न मदों का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के आवास, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।अंत में आदेश कक्ष में अर्दली रूम आयोजित कर पुलिस लाइन की विभिन्न मदों से संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया गया।
एसएसपी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, नियमित अद्यतन और निर्धारित दायित्वों के समयबद्ध निर्वहन के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस लाइन की समस्त व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने, संसाधनों के समुचित उपयोग और पुलिसकर्मियों की कार्यदक्षता व अनुशासन में निरंतर सुधार पर जोर दिया।


