- संयुक्त शोध, नवाचार, उद्यमिता एवं अकादमिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम; दोनों विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग के नए अवसर होंगे विकसित
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ ने उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहचान रखने वाले संस्थान हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय कानपुर के साथ शैक्षणिक, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आपसी सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौते का प्रमुख उद्देश्य दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहित करना तथा ज्ञान, विशेषज्ञता और संसाधनों के पारस्परिक आदान-प्रदान के माध्यम से संस्थागत विकास को नई दिशा प्रदान करना है। इस सहयोग के अंतर्गत संयुक्त शोध परियोजनाओं, अकादमिक कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, सम्मेलनों, शोध मार्गदर्शन तथा संयुक्त शोध प्रकाशनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही दोनों संस्थान नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता के अनुकूल वातावरण विकसित करने की दिशा में भी मिलकर कार्य करेंगे, जिससे विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नए अवसर प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर एचबीटीयू, कानपुर की ओर से कुलपति प्रो. शमशेर, कुलसचिव श्री अमित कुमार राठौर, डीन, स्कूल ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी प्रो. पी.के.एस. यादव सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ की ओर से विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वी.के. त्यागी एवं कुलसचिव डॉ. पंकज राणा ने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
कुलपति प्रो. वी.के. त्यागी ने इस अवसर पर कहा कि, “एचबीटीयू, कानपुर जैसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान के साथ यह समझौता दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा। हमारा प्रयास है कि इस साझेदारी के माध्यम से संयुक्त अनुसंधान, नवाचार, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा विद्यार्थियों के लिए उद्योग एवं अकादमिक जगत से जुड़े नए अवसरों का सृजन हो।
यह पहल गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगीयह समझौता केवल दो शैक्षणिक संस्थानों के बीच औपचारिक सहयोग नहीं, बल्कि ज्ञान-आधारित समाज के निर्माण, गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, अनुसंधान संस्कृति और युवाओं की नवाचार क्षमता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ का यह प्रयास राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान उत्कृष्टता और युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।


