नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 16 नवंबर से शुरू प्रदेशव्यापी ज्ञापन दो अभियान 21 नवंबर को भी जारी रहा। अभियान के तहत विभिन्न जनपदों में जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर मार्च 2023 के आंदोलन और निजीकरण विरोधी आंदोलन के दौरान बिजली कर्मियों के विरुद्ध की गई सभी उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस लेने की मांग की गई।
मऊ में नेता विरोधी दल विधान परिषद जासमीर अंसारी को ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सूर्यदेव पाण्डेय ने किया। मेरठ में सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद तथा मेरठ विधायक रफीक अंसारी को आलोक त्रिपाठी, कपिल देव गौतम और प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपा। देवरिया में विधायक शलभ मणि त्रिपाठी को शुभम और अन्य प्रतिनिधियों ने ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में तत्कालीन ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के साथ हुए समझौते के अनुपालन, लंबित दंडात्मक कार्यवाहियां, दर्ज एफआईआर, स्टेट विजिलेंस की जांच वापस लेने, बर्खास्त संविदा कर्मियों को पुनः सेवायोजित करने तथा मनमाने स्थानांतरण निरस्त कर कर्मियों को पूर्व तैनाती पर बहाल करने की मांग की गई।


