
सपना सी.पी. साहू
नित्य संदेश, इंदौर। वामा साहित्य मंच के निर्देशन में लेखिका उषा गुप्ता के प्रथम काव्य संग्रह ‘छू लो आसमां’ का गरिमामय लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती सुषमा शर्मा ‘श्रुति’ की सुमधुर सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात वामा साहित्य मंच की अध्यक्ष ज्योति जैन ने अतिथियों और श्रोताओं का स्वागत करते हुए लेखिका के सदा प्रसन्नचित्त रहने के स्वभाव की सराहना की, प्रथम संग्रह की बधाई दी और अपनी कविता ‘राह नदी की’ के माध्यम से स्त्री व नदी की समानता को रेखांकित किया। तत्पश्चात मंचासीन अतिथियों और परिवारजनों ने पुस्तक का विमोचन किया।
अपनी सृजन यात्रा साझा करते हुए लेखिका उषा गुप्ता ने बताया कि वे एक छोटे गांव के प्रतिष्ठित परिवार से हैं, जहां कोई लेखक नहीं था, फिर भी वे बचपन से सभी को बधाई संदेश लिखकर देती थीं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में उनके लेखन के बीज को पनपने का अवसर मिला और वामा साहित्य मंच से निरंतर प्रेरणा मिलती रही। उन्होंने यह संग्रह अपने चारों बच्चों को समर्पित किया, इसे जीवन के उत्तरार्ध में जन्मी संतान के समान बताया और पाठकों से इससे जुड़कर कमियों पर सुझाव देने का आग्रह किया। उन्होंने अपनी मार्मिक कविता ‘बुढ़े मां बाबा’ का पाठ भी किया।
इस अवसर पर कैलिफोर्निया में रह रहे उनके पुत्र अमोल गुप्ता का संदेश पढ़ा गया। नाती शिवांश और ध्वनित ने ‘कान्हा एक बार फिर आओ’ तथा भव्या मित्तल ने ‘सबके दिन की हो अच्छी शुरुआत’ कविता प्रस्तुत की। परिवार की ओर से पाती पढ़ते हुए कंगन गोयल ने कहा कि मां केवल जीवन ही नहीं देतीं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाती हैं। उन्होंने लेखिका की साहित्यिक यात्रा को सराहते हुए कहा कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती और बच्चों को अपनी मां की इस उपलब्धि पर गर्व है।
विशेष अतिथि श्रीमती ज्योति व्यास ने अपनी जीवन एवं साहित्यिक यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि लेखिका ने इस पुस्तक में मानो पूरा संसार समेट लिया है। उन्होंने उम्र को केवल एक संख्या बताते हुए निरंतर लेखन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि श्रीमती इंदु पाराशर ने संग्रह की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कृति आसमान छूने के सपने के साकार होने का प्रतीक है, जिसने दृढ़ संकल्प और जीवन दर्शन को शब्द दिए हैं। उन्होंने बताया कि 75 रचनाओं के इस संग्रह में जीवन के विविध रंग, सकारात्मकता, मानवीय मूल्य, रिश्ते, पर्यावरण संरक्षण, गौरैया और पिघलते ग्लेशियर जैसे संवेदनशील विषय आत्मीयता के साथ उभरे हैं। उन्होंने झरने और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी कविताओं को भी सराहा तथा ‘नारी तेरी क्या जाति’ कविता का वाचन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. प्रेम कुमारी नाहटा ने कहा कि उषा गुप्ता साहित्य के सागर से ‘छू लो आसमां’ जैसा अनमोल मोती लेकर आई हैं, जिसमें रोजमर्रा के विषयों को नई दृष्टि और संवेदना के साथ पिरोया गया है। उन्होंने लेखिका व वक्ता के रूप में उनकी सहजता की सराहना की।
अतिथियों का स्वागत मिकलेश गोयल, शोभा प्रजापति, कंगन गोयल, रूपाली पाटनी, स्वाति मित्तल, पद्मा राजन, गुंजन मित्तल और तनुजा चौबे ने किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सरस संचालन श्रीमती अमर कौर चड्ढा ने किया तथा अंत में मिकलेश गोयल ने आभार माना। आयोजन में गुप्ता परिवार सहित शहर के अनेक साहित्यकार, कलाप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


