Homeसाहित्यसलिला बाल साहित्य अलंकरण-2026 की घोषणा

सलिला बाल साहित्य अलंकरण-2026 की घोषणा

डॉ. विकास दवे को शिरोमणि सम्मान, प्रो. सुरेंद्र विक्रम एवं दिनेश कुमार माली को शिखर सम्मान तथा नीलिमा टिक्कू को संपादक श्री सम्मान

नित्य संदेश, सलूम्बर (राजस्थान)। बाल साहित्य के सृजन के साथ-साथ उसके शोध, समीक्षा, आलोचनात्मक मूल्यांकन और वैचारिक विमर्श को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सक्रिय सलिला संस्था, सलूम्बर की अध्यक्ष डॉ. विमला भंडारी ने वर्ष 2026 के लिए अखिल भारतीय स्तर पर प्रदान किए जाने वाले विभिन्न सलिला बाल साहित्य अलंकरणों की घोषणा की है।

इस वर्ष का सर्वोच्च सलिला बाल साहित्य शिरोमणि सम्मान मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी, भोपाल के निदेशक डॉ. विकास दवे को उनकी दीर्घकालीन साहित्यिक सेवाओं एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। शोध एवं समीक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट अकादमिक अवदान के लिए प्रो. सुरेंद्र विक्रम, लखनऊ तथा दिनेश कुमार माली, ओडिशा को सलिला शिखर सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।

देशभर की 50 से अधिक महिला साहित्यकारों पर केंद्रित विशेषांकों के संपादन एवं प्रकाशन के माध्यम से साहित्यिक जगत में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली जयपुर की स्पंदन संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष नीलिमा टिक्कू को संपादक श्री सम्मान प्रदान किया जाएगा। उनका यह कार्य महिला साहित्यकारों के सृजनात्मक अवदान के दस्तावेजीकरण और साहित्यिक पहचान को व्यापक बनाने की दृष्टि से उल्लेखनीय है।

सलिला संस्था ने इस वर्ष अपने अलंकरणों की शृंखला में एक महत्वपूर्ण अकादमिक पहल करते हुए सलिला बाल साहित्य चिंतक श्री सम्मान प्रारंभ किया है। आगामी 12-13 दिसंबर 2026 को उदयपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महिला बाल साहित्यकार सम्मेलन का केंद्रीय विषय ‘बाल साहित्य पर शोध और समीक्षा के सोपान’ इसी वैचारिक पहल की पृष्ठभूमि में निर्धारित किया गया है। संस्था का मानना है कि बाल साहित्य की समृद्धि का आकलन केवल सृजनात्मक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके गंभीर अध्ययन, अनुसंधान, आलोचनात्मक विवेचन और मूल्यांकन से भी किया जाना आवश्यक है।

सलिला संस्था द्वारा पिछले सोलह वर्षों में आयोजित राष्ट्रीय बाल साहित्यकार सम्मेलनों में प्रस्तुत पत्रवाचन, शोध आलेखों, वार्ताओं एवं बीज वक्तव्यों के माध्यम से बाल साहित्य के चिंतन और समीक्षा परंपरा को समृद्ध करने वाले विशेषज्ञों को इस प्रथम अलंकरण के लिए चयनित किया गया है। इनमें रजनीकांत शुक्ल, गाजियाबाद; डॉ. सतीश कुमार, किशनगढ़; सुमन बाजपेयी, दिल्ली; डॉ. रश्मि वार्ष्णेय, मुंबई; डॉ. पूनम अग्रवाल, दिल्ली; डॉ. प्रभा पंत, हल्द्वानी; डॉ. लता अग्रवाल ‘तुजला’, भोपाल; प्रकाश तातेड़, उदयपुर; डॉ. शील कौशिक, सिरसा तथा कुमुद वर्मा, अहमदाबाद सम्मिलित हैं।

उक्त सभी अलंकरण आगामी 12-13 दिसंबर 2026 को उदयपुर, राजस्थान में आयोजित राष्ट्रीय महिला बाल साहित्यकार सम्मेलन के समारोह में प्रदान किए जाएंगे। सम्मेलन में नवीन पुस्तकों के लोकार्पण, पुस्तक समीक्षाओं, बाल साहित्य विषयक शोधपत्रों के वाचन तथा विषय विशेषज्ञों के अकादमिक व्याख्यानों पर केंद्रित विभिन्न सत्र आयोजित होंगे। देश के सात राज्यों तथा राजस्थान के दस जिलों से बाल साहित्यकार एवं साहित्य चिंतक इसमें सहभागिता करेंगे।

सम्मेलन के अवसर पर तीन महत्वपूर्ण साहित्यिक प्रकाशनों का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इनमें सलिला संस्था की पुस्तक ‘समकालीन बाल साहित्य चिंतन’, दिनेश कुमार माली द्वारा लिखित ‘विमला भंडारी की रचनाधर्मिता एवं ‘साहित्य समर्था’ पत्रिका का डॉ. विमला भंडारी केंद्रित विशेषांक शामिल हैं। ये प्रकाशन बाल साहित्य के समकालीन स्वरूप, रचनात्मक उपलब्धियों, आलोचनात्मक दृष्टि तथा साहित्यकारों के अवदान के अध्ययन और मूल्यांकन की दिशा में महत्वपूर्ण सामग्री प्रस्तुत करते हैं।

डॉ. विमला भंडारी के अनुसार, सलिला संस्था की यह पहल बाल साहित्य को केवल रचनात्मक अभिव्यक्ति तक सीमित न रखकर उसे एक गंभीर अध्ययन-अनुशासन के रूप में विकसित करने की दिशा में सार्थक प्रयास है। संस्था का सतत प्रयास रहा है कि बाल साहित्य के सृजनकर्ताओं के साथ-साथ उसके शोधकर्ताओं, समीक्षकों, संपादकों और चिंतकों के योगदान को भी समुचित साहित्यिक मान्यता प्राप्त हो। वर्ष 2026 के अलंकरण इसी व्यापक साहित्यिक दृष्टि और वैचारिक प्रतिबद्धता के परिचायक हैं।

डॉ. विमला भंडारी
अध्यक्ष, सलिला संस्था, सलूम्बर-राजस्थान

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular