Homeउत्तर प्रदेशमेरठराष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में सुभारती में जुटीं देशभर की विधि टीमें,...

राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में सुभारती में जुटीं देशभर की विधि टीमें, सोनीपत ने जीता खिताब

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के सरदार पटेल सुभारती विधि संस्थान की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता-2026 का भव्य एवं सफल समापन हुआ।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के विधि संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी विधिक समझ, शोध क्षमता, तार्किक विश्लेषण और न्यायालयीन वाद-विवाद कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में डॉ. बी.आर. अम्बेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, सोनीपत की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि वनस्थली विद्यापीठ, राजस्थान की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता का आयोजन सुभारती विधि संस्थान की संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रीना बिश्नोई के मार्गदर्शन में किया गया।

प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण 3 एवं 4 नवंबर 2026 को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किए गए, जिनमें तमिलनाडु, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड तथा दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न हिस्सों के विधि संस्थानों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। व्यापक सहभागिता ने प्रतियोगिता की राष्ट्रीय पहचान और शैक्षणिक महत्व को दर्शाया। प्रारंभिक चरणों के बाद 6 नवंबर को ऑनलाइन क्वार्टर फाइनल राउंड आयोजित किया गया, जिसमें आठ चयनित टीमों ने अगले चरण में पहुंचने के लिए प्रतिस्पर्धा की। इसके बाद 20 नवंबर 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में ऑफलाइन सेमीफाइनल एवं फाइनल राउंड आयोजित किए गए।

सेमीफाइनल में डॉ. बी.आर. अम्बेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, सोनीपत, वनस्थली विद्यापीठ, राजस्थान, विधि केंद्र-प्रथम, दिल्ली विश्वविद्यालय तथा विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली की टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में डॉ. बी.आर. अम्बेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, सोनीपत की टीम को विजेता घोषित किया गया।

वहीं, वनस्थली विद्यापीठ, राजस्थान की टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति राजेश चंद्र तथा उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति वीरेंद्र कुमार त्यागी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति की ओर से पार्थ मल्होत्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागी टीमों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं, फाइनल राउंड एवं समापन समारोह के पश्चात फैकल्टी कन्वीनर एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अफरीन अलमास ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों तथा मूट कोर्ट एसोसिएशन के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। सभी सदस्यों ने आपसी समन्वय, समर्पण और सक्रिय सहभागिता से आयोजन को सफल बनाया। प्रतियोगिता का समापन विधिक ज्ञान, स्वस्थ अकादमिक प्रतिस्पर्धा और व्यावसायिक उत्कृष्टता के संदेश के साथ हुआ।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular