- सीसीएसयू के उर्दू विभाग में आयोजित कलाकार प्रोत्साहन समारोह में बाल कलाकार सम्मानित
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थिएटर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमताओं को विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम है। सांस्कृतिक गतिविधियाँ बच्चों में न केवल उत्साह और साहस का संचार करती हैं, बल्कि ऐसे कार्यक्रमों में भागीदारी से उनमें एक नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भी पैदा होता है, जो उनकी सफलता का आधार बनता है। इसके लिए केवल मेहनत और लगन की आवश्यकता है।
ये विचार प्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक प्रो. असलम जमशेदपुरी ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के प्रेमचंद सेमिनार हॉल में आयोजित बाल कलाकार सम्मान समारोह की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहने चाहिए। ये बच्चों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
उल्लेखनीय है कि संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा हमकदम नाट्य संस्था, मेरठ के संयुक्त तत्वावधान में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 15 जुलाई 2026 को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के अटल ऑडिटोरियम में **’कुर्बानी 1857 – वंदे मातरम्’** नाटक का भव्य मंचन किया गया था। इस नाटक में भाग लेने वाले बाल कलाकारों का उत्साहवर्धन एवं उनकी प्रतिभा को सम्मानित करने के उद्देश्य से आज इस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा नाटक में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं स्कूल बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ अब्दुल हक ने पवित्र कुरआन की तिलावत से किया। फरहत अख्तर ने नात प्रस्तुत की, जबकि अब्दुल मलिक अंसारी ने अपनी शानदार ग़ज़ल से कार्यक्रम में समां बांध दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. असलम जमशेदपुरी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. राकेश कुमार शर्मा, डीन, शिक्षा संकाय, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में माछरा के मुख्य फार्मेसी अधिकारी डॉ. वारिस खान ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन हमकदम नाट्य संस्था के सचिव मोहम्मद आबिद सैफी ने किया।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रो. राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि छोटे बच्चों ने एक बड़ा और सराहनीय कार्य किया है। इतनी कम उम्र में ऐतिहासिक और देशभक्ति से जुड़े विषय पर नाटक प्रस्तुत करना वास्तव में प्रशंसनीय है। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास और उन्हें जीवन में सफल बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
डॉ. वारिस खान ने संगीत नाटक अकादमी और हमकदम नाट्य संस्था द्वारा प्रस्तुत नाटक **’कुर्बानी 1857 – वंदे मातरम्’** की सराहना की तथा संस्था के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।समारोह में डॉ. आसिफ, डॉ. शादाब अलीम, डॉ. इरशाद स्यानवी, मेराजुद्दीन अंसारी, अब्दुल हक, हेमंत गोयल, जितेंद्र सिंह राज, खुशनूद, गुलशन, अबू हसन, सईद अहमद और शमशाद अंसारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


