नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जमीयत उलेमा शहर मेरठ की ओर से मक्तब इमाम आजम अबू हनीफा, मोमिन नगर में तर्बियतुल उलमा वल आइम्मा प्रशिक्षण सभा हुई। इसमें करीब 300 उलमा, इमामों और शिक्षकों ने भाग लिया।
सभा में दारुल उलूम देवबंद के उस्ताद-ए-हदीस मौलाना मुहम्मद सलमान बिजनौरी ने संबोधन किया। उन्होंने कहा कि उलमा-ए-रब्बानियीन की पहचान इल्मी परिपक्वता, सुन्नत से जुड़ाव, तक़वा, इखलास, सब्र, यकीन और हिकमत से होती है। मौलाना ने कहा कि दीनी सेवा शोहरत और पद का माध्यम नहीं, बल्कि त्याग और इखलास का रास्ता है। उलमा को ईर्ष्या, द्वेष और धन के मोह से बचना चाहिए। वास्तविक बरकत हलाल रोजी, कनाअत और अल्लाह पर भरोसे में है।
सभा का शुभारंभ कारी इनायतुर्रहमान की तिलावत से हुआ। संचालन मुफ्ती मुहम्मद सरताज ने किया। महासचिव मुफ्ती मुहम्मद अरशद कासमी ने प्रशिक्षण श्रृंखला के उद्देश्य बताए। आयोजन शोबा-ए-इस्लाह-ए-मुआशरा के कन्वीनर मुफ्ती मुहम्मद शोएब की निगरानी में हुआ। अंत में मौलाना सलमान बिजनौरी को निशान-ए-अकीदत भेंट किया गया।


