
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेरठ पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम ने जम्मू-कश्मीर में भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों और एयरबेस पर आत्मघाती (फिदायीन) हमले की साजिश रचने के में 22 वर्षीय संदिग्ध आतंकी उजैद कुरैशी उर्फ जुबैर को गिरफ्तार किया है।
मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बनियापाड़ा निवासी उजैद अपने पिता के साथ कपड़ों का कारोबार करता था। जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से वांछित घोषित किए जाने के बाद वह लंबे समय से फरार चल रहा था और इससे पहले जनवरी तथा फरवरी 2026 में जम्मू पुलिस की दबिश के दौरान भी वह हाथ नहीं आया था।

इस आतंकी नेटवर्क का खुलासा 24 नवंबर 2025 को जम्मू के बाहु फोर्ट थाने में दर्ज एक मुकदमे की जांच के दौरान हुआ था। 27 नवंबर 2025 को जम्मू पुलिस ने रियासी निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद साजिद को गिरफ्तार किया था, जिससे हुई पूछताछ और बरामद डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मेरठ के उजैद उर्फ जुबैर की संलिप्तता सामने आई।
जांच एजेंसियों के अनुसार, उजैद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, सिग्नल और सेशन ऐप के माध्यम से मोहम्मद साजिद तथा पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर्स के सीधे संपर्क में था।
एक सोशल मीडिया ग्रुप में सैन्य ठिकाने पर आत्मघाती हमले की चर्चा के दौरान उजैद ने “हम भी तैयार हैं” लिखकर अपनी सहमति जताई थी, जिसके बाद से वह सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ गया।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उसके तार पाकिस्तानी गैंगस्टर व आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी तथा पीओके और पाकिस्तान में सक्रिय संदिग्धों अमीर हमजा और अबू मुसाब से जुड़े थे। इस साजिश के तहत मोहम्मद साजिद को रेकी करने और उजैद को गुरेज वैली के रास्ते हथियार व विस्फोटक जैकेट जुटाकर सैन्य कैंप या काफिले पर हमले को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि उजैद इंस्टाग्राम पर ‘Ibneaadam99’ आईडी और अन्य एन्क्रिप्टेड ऐप्स पर ‘Tuition-40’, ‘Brigade’ और ‘Al-Muzzahid’ जैसे ग्रुप संचालित कर रहा था। वह मौलाना मसूद अजहर और अन्य कट्टरपंथियों के भड़काऊ ऑडियो-वीडियो भेजकर 14 से 18 वर्ष के किशोरों का ब्रेनवॉश करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। फिलहाल उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और स्थानीय पुलिस की टीमें उजैद से गहन पूछताछ कर रही हैं तथा इस पूरे मॉड्यूल से जुड़े अन्य स्थानीय और बाहरी संपर्कों की तलाश जारी है।


