नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 3 दिसंबर को मेरठ दौरे पर आएंगे। परतापुर स्थित शताब्दी नगर सेक्टर-4-सी में अध्ययन स्कूल के पीछे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मेरठ, हापुड़ और बागपत के करीब 1200 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और टैबलेट वितरित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर काम शुरू हो गया है। मैदान को तैयार करने के साथ ही आसपास की सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सड़क किनारे खराब पड़ी लाइटों को बदलने, टूटे डिवाइडरों की मरम्मत और रंगाई-पुताई का काम भी जोर-शोर से चल रहा है।
अधिकारियों की निगरानी में व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने की कवायद की जा रही है, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री के दौरे को केवल छात्र कार्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत योगी आदित्यनाथ भाजपा कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।
एयरपोर्ट के माध्यम से कुंज परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा और रणनीति तैयार किए जाने की भी संभावना है।


