नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश ने थाना कोतवाली देहात जनपद सहारनपुर क्षेत्र में अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की फैक्ट्री डालकर तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन व निर्माण सामग्री बरामद हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्त भूरा पुत्र एहसान, निवासी ग्राम कुंडा कला, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर है। गिरफ्तारी 26 नवंबर 2026 को दोपहर 2:33 बजे मकान अनस, दानिश कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात से हुई।बरामदगी2981 बोतल ऑक्सीटोसिन भरी हुई (200 एमएल), 60 लीटर ऑक्सीटोसिन, 10 पैकेट नमक, एक बैग सिलाई मशीन, 02 धागा रोल, 07 बोतल कैप सीलिंग मशीन, खाली बोतल 100 एमएल, बोतल रबड़ ढक्कन, बोतल कैप सील ढक्कन एल्युमिनियम, खाली बोतल प्लास्टिक 200 एमएल, 20 प्लास्टिक ट्रे, 01 नीला ड्रम, 01 हाफ पीला ड्रम, 02 प्लास्टिक बाल्टी, 01 प्लास्टिक कीप और 02 मिजरिंग जग बरामद हुए।
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ बृजेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक संजय कुमार के निर्देशन में हेड कांस्टेबल जोशी कुमार, हेड कांस्टेबल सितम सिंह, हेड कांस्टेबल विवेक पंवार और हेड कांस्टेबल चालक विनय कुमार की टीम सहारनपुर में भ्रमणशील थी। सूचना पर टीम ने औषधि निरीक्षक सहारनपुर अनिल आनंद एवं स्थानीय पुलिस के साथ छापा मारा।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने 12वीं के साथ आईटीआई (इलेक्ट्रीशियन) किया है। उसका एक संगठित गिरोह है, जो सहारनपुर एवं आसपास के जनपदों में अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बनाकर सप्लाई करता है। गिरोह दिल्ली से अवैध तरीके से हाईडेनसिटी का ऑक्सीटोसिन मंगवाकर उसमें नमक, फिनायल, पानी एवं अन्य केमिकल मिलाकर इंजेक्शन तैयार करता है। इसका इस्तेमाल पशुओं के दूध निकालने, सब्जियों एवं फलों को कम समय में अधिक विकसित करने के लिए किया जाता है। नूरहसन व सोनू भी पहले यही काम करते थे और जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली देहात सहारनपुर पर मु.अ.सं. 595/2026 धारा 112(2), 276, 277, 318(4), 319(2), 325 बीएनएस पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इससे पहले थाना गंगोह में मु.अ.सं. 131/2025 धारा 125, 275, 318(4) बीएनएस व 18सी औषधि प्रसाधन सामग्री अधि. 1940 में मुकदमा दर्ज है।


