Home Blog Page 107

केवी पब्लिक स्कूल किला में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता शुरू

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़ / मेरठ। परीक्षितगढ़ स्थित केवी पब्लिक स्कूल, किला में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता परीक्षितगढ़ स्कूल गेम्स एमेच्योर एसोसिएशन मेरठ द्वारा, स्कूल गेम्स एमेच्योर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश से संबद्धता के अंतर्गत आयोजित की गई है।

प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, रस्साकशी एवं एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित हो रही हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोहित बालाजी और विशिष्ट अतिथि दुष्यंत त्यागी रहे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राहुल भाटी, जिला सचिव मोन्टी भाई, जिला चेयरमैन आशीष त्यागी और जिला खेल प्रशिक्षक जॉनी कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

विद्यालय के निदेशक Er. Aseem Gupta ने कहा कि खेल नेतृत्व क्षमता और संघर्ष का जज्बा विकसित करते हैं, वहीं प्रधानाचार्य डॉ. विनय गुप्ता ने कहा कि खेल बच्चों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करते हैं।

मैक्स हॉस्पिटल, पटपड़गंज, के डॉक्टरों ने हार्ट अटैक और हार्ट की तीनों मेन आर्टरीज़ में गंभीर ब्लॉकेज से पीड़ित 37-वर्षीय युवक का किया सफल उपचार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ।  मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज के डॉक्टरों ने हार्ट अटैक और तीनों कोरोनरी आर्टरीज़ में गंभीर ब्लॉकेज से पीड़ित 37-वर्षीय युवक का सफल उपचार किया, मरीज को ट्रिपल वेसल कोरोनरी आर्टरी डिजीज थी, जिसमें हार्ट को ब्लड सप्लाई करने वाली तीनों मेन आर्टरीज़ ब्लॉक्ड हो जाती हैं। इसके अलावा, मरीज के हार्ट की पंपिंग क्षमता भी काफी कम हो गई थी और उसे पहले से डायबिटीज होने का पता नहीं था। इन कॉम्प्लीकेशन्स को देखते हुए हार्ट तक ब्लड सप्लाई रीस्टोर करने के लिए तत्काल कोरोनरी आर्टरी बाईपास ग्राफ्टिंग (CABG) सर्जरी की आवश्यकता पड़ी।   

सौरभ वार्ष्णेय, जो एक युवा कामकाजी व्यक्ति हैं, सीने में हाल ही में शुरू हुए दर्द की शिकायत के साथ मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज पहुंचे। इससे पहले उनका एक अन्य चिकित्सा केंद्र में परीक्षण किया गया था, जहां उन्हें एक्यूट कोरोनरी सिंड्रोम का पता चला। यह हार्ट की मांसपेशियों तक ब्लड सप्लाई कम होने के कारण होने वाली एक गंभीर स्थिति है, जिसमें हार्ट अटैक भी शामिल है। एक अन्य स्थानीय हॉस्पिटल में की गई कोरोनरी एंजियोग्राफी में हार्ट की तीनों मेन आर्टरीज़ में गंभीर ब्लॉकेज की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल बाईपास सर्जरी कराने की सलाह दी गई और बेहतर उपचार के लिए मैक्स हॉस्पिटल, पटपड़गंज की कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) टीम के अंतर्गत भर्ती किया गया।

इस मामले पर बात करते हुए मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज के कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) विभाग के प्रिंसिपल डायरेक्टर – डॉ. वैभव मिश्रा, ने कहा, “यह मामला दर्शाता है कि कम उम्र में भी कोरोनरी आर्टरी डिजीज कितनी गंभीर हो सकती है। मरीज के हार्ट की तीनों मेन आर्टरीज़ में गंभीर ब्लॉकेज थे, हार्ट की पंपिंग क्षमता काफी कम हो गई थी और डायबिटीज अनियंत्रित था। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल सर्जरी करना आवश्यक था। डायबिटीज हार्ट रोग का एक प्रमुख जोखिम कारक है और कई बार इसके कारण हार्ट संबंधी समस्याओं के सामान्य लक्षण भी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आते। 

सर्जरी के दौरान डॉक्टरों की टीम ने कोरोनरी आर्टरी बाईपास ग्राफ्टिंग (CABG) प्रक्रिया के तहत तीन ग्राफ्ट का इस्तेमाल कर ब्लॉक्ड आर्टरीज़ के आसपास रक्त प्रवाह के लिए वैकल्पिक रास्ते बनाए। मरीज के हार्ट की पंपिंग क्षमता काफी कम होने और सर्जरी के दौरान रक्त संचार की स्थिति अस्थिर होने के कारण यह प्रक्रिया कार्डियोपल्मोनरी बाईपास सपोर्ट की मदद से की गई। हार्ट की कार्यक्षमता को सहारा देने के लिए मरीज में इंट्रा-एओर्टिक बैलून पंप (IABP) भी लगाया गया। सर्जरी के बाद मरीज को गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया और रक्त में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण उसे श्वसन संबंधी सहायता भी दी गई।

डॉ. मिश्रा ने आगे कहा, “बाईपास सर्जरी के बाद लंबे समय तक बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं का नियमित सेवन, समय-समय पर फॉलो-अप और डायबिटीज तथा बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल जैसे जोखिम कारकों पर प्रभावी नियंत्रण बेहद महत्वपूर्ण है। 

सर्जरी के आठवें दिन मरीज को स्थिर स्थिति में हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। उसे नियमित दवाएं लेने, डायबिटीज को नियंत्रित रखने और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई।

यह मामला दर्शाता है कि गंभीर कोरोनरी आर्टरी डिजीज का समय पर निदान और उचित उपचार कम उम्र के लोगों के लिए भी कितना महत्वपूर्ण है। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज में कॉम्प्लेक्स हार्ट रोगों से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए कार्डियक सर्जरी और विशेष गहन चिकित्सा सेवाओं सहित व्यापक हार्ट देखभाल सुविधाएं उपलब्ध हैं।

एनसीआरटीसी निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए नमो भारत कॉरिडोर के साथ ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट ग्रोथ हब विकसित करने की संभावनाएं रहा तलाश

  • एनसीआरटीसी ने एनसीआरपीबी के साथ मिलकर आयोजित की कंसल्टेटिव वर्कशॉप; प्रमुख डेवलपर्स, वैश्विक सलाहकार और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधिकारी हुए शामिल, क्षेत्रीय टीओडी के लिए जरूरी नियामक ढांचे और निवेश मॉडल पर हुई चर्चा

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) नमो भारत रीजनल रेल कॉरिडोर्स के साथ मिश्रित उपयोग वाले ट्रांजिट-ओरिएंटेड ग्रोथ नोड्स विकसित करने की संभावनाएं तलाश रहा है। इनमें पहले से परिचालित दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के साथ-साथ प्रस्तावित दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी-अलवर और दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य हाई-स्पीड क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का लाभ उठाकर नियोजित शहरी केंद्रों का निर्माण करना है, साथ ही कमर्शियल, आवासीय और इंस्टीट्यूशनल विकास में निजी निवेश को आकर्षित करना है।

एनसीआरटीसी और नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (एनसीआरपीबी) द्वारा आयोजित एक कंसल्टेटिव वर्कशॉप में इन विकास कार्यों की व्यवहार्यता और नीतिगत आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। इस वर्कशॉप में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, रियल एस्टेट डेवलपर्स, सलाहकार और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) को व्यावहारिक और क्रियान्वित करने योग्य बनाने के लिए जरूरी योजना, नियामक और वित्तीय ढांचे पर विचार-विमर्श किया।

आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राजधानी विकास विभाग की सचिव, श्रीमती डी. तारा, एनसीआरपीबी के सदस्य सचिव, श्री गुलज़ार नटराजन और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के उपाध्यक्ष, श्री एन. सरवण कुमार ने इस कार्यशाला में भाग लिया। उन्होंने इस दिशा में सरकार द्वारा की गई पहलों और ऐसे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की भावी रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक, श्री शलभ गोयल ने एनसीआरटीसी के निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अतिथियों का स्वागत किया।

चर्चा का एक प्रमुख विषय टीओडी ज़ोन में निजी डेवलपर्स के निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक नीतिगत एवं संस्थागत सहयोग रहा। डेवलपर्स ने ऐसे विकास कार्यों में विभिन्न उपयोगों के मिश्रण को बाजार की मांग के अनुरूप तय करने की स्वतंत्रता, उच्च फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर), अधिक ग्राउंड कवरेज, विकास एवं परियोजना क्रियान्वयन के लचीले मॉडल, भूमि पर दीर्घकालिक अधिकारों की सुनिश्चितता, भूमि एकत्रीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा सिंगल-विंडो क्लीयरेंस जैसी सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। चर्चाओं में लैंड पूलिंग, सरकारी जमीन के मुद्रीकरण और ऐसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) ढाँचों पर भी विचार किया गया जिनमें लंबी रियायत अवधि (कंसेशन पीरियड) के दौरान जोखिमों को न्यायसंगत रूप से बांटा जा सके।

सराय काले खां पर पुनर्विकास परियोजना चर्चा का एक प्रमुख केंद्र रही। यहाँ नमो भारत, दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेल और अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के बीच मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इस एकीकृत कनेक्टिविटी का लाभ उठाकर क्षेत्र को रोजगार-आधारित वाणिज्यिक, खुदरा एवं संस्थागत गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएँ हैं। इससे सराय काले खाँ की पहचान केवल एक परिवहन इंटरचेंज तक सीमित न रहकर एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय गंतव्य के रूप में स्थापित हो सकती है।

प्रस्तावित टीओडी फ्रेमवर्क का उद्देश्य परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर को भूमि उपयोग नियोजन के साथ एकीकृत करना है, ताकि आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत गतिविधियों का विकास ट्रांजिट स्टेशनों के आसपास हो सके। इसके तहत ऐसे सघन एवं उच्च घनत्व वाले शहरी केंद्रों की परिकल्पना की गई है, जहाँ पैदल चलने के अनुकूल सड़कें, सुरक्षित पैदल यात्री अवसंरचना, फीडर सेवाएँ और सुलभ सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हों। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दैनिक जरूरतों से जुड़ी सुविधाएँ स्टेशन से पाँच से दस मिनट की पैदल दूरी के भीतर स्थित हों। चर्चा में नमो भारत नेटवर्क के साथ विकसित हो रहे नए शहरी केंद्रों, जिनमें मेरठ भी शामिल है, की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया, जहाँ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी अधिक सुनियोजित विकास को गति दे सकती है। इसके अलावा, परिचालित दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर स्थित गाजियाबाद और दुहाई जैसे क्षेत्रों में भी टीओडी के विकास की व्यापक संभावनाएँ हैं।

वर्कशॉप के दौरान, श्रीमती तारा ने एनसीआरटीसी के प्रकाशन ‘पोजीशन योर ब्रांड एट द गेटवे ऑफ टुमारो’ का भी अनावरण किया, जिसमें दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के आसपास उपलब्ध वाणिज्यिक विकास की संभावनाओं और अवसरों को रेखांकित किया गया है। 

इस कार्यशाला में परिवहन, स्वास्थ्य, अनुसंधान एवं कूटनीतिक क्षेत्रों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें चेन्नई मेट्रो के प्रबंध निदेशक, श्री आशीष चैटर्जी, एम्स के अपर निदेशक, श्री अंशुल मिश्रा, नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (एनसीएईआर) के सेंटर फॉर इकोनॉमिक ग्रोथ के निदेशक, श्री राणा हसन तथा जापान दूतावास के प्रतिनिधि शामिल रहे। इसके अलावा, जेएलएल, नाइट फ्रैंक और एनारॉक जैसी प्रमुख सलाहकार कंपनियों ने भी अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।

इन परामर्शों से एनसीआर में टीओडी के लिए भविष्य की नीतियों के निर्माण और उनके क्रियान्वयन की दिशा को आकार मिलने की उम्मीद है। एनसीआरटीसी और एनसीआरपीबी ऐसे विकास मॉडलों पर विचार कर रहे हैं, जो रीजनल ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को सुनियोजित शहरीकरण और दीर्घकालिक आर्थिक विकास से जोड़ते हुए एनसीआर के शहरी परिदृश्य में व्यापक बदलाव ला सकें

दयालेश्वर मंदिर से मूर्ति चोरी का 30 घंटे में खुलासा, एक गिरफ्तार, नाबालिग हिरासत में

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मोहनपुरी स्थित दयालेश्वर मंदिर में हुई मूर्ति चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र 30 घंटे में सफल अनावरण कर दिया है।

थाना सिविल लाइन पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्त गौरव कुमार पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम स्याल, थाना भावनपुर को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक किशोर को संरक्षण में लिया गया है। एसएसपी मेरठ के आदेश पर एसपी सिटी के निर्देशन में पुलिस टीम ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। दिनांक 01.11.2026 को पुलिस ने घेराबंदी की तो अभियुक्तों ने पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान मोटरसाइकिल फिसलने से अभियुक्त गौरव घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने अपने साथी रोहित कुमार निवासी स्याल के साथ मिलकर मंदिर से मूर्तियां चोरी की थीं और बेचने ले जा रहे थे। फरार अभियुक्त रोहित की तलाश जारी है।

बरामदगी:
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई 5 मूर्तियां (2 सफेद धातु, 3 पीली धातु), घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा .315 बोर मय कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महारैली में जाने से रोके गए सपा कार्यकर्ता, हिरासत में लिए गए

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दिल्ली के रामलीला मैदान में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल होने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक कर हिरासत में ले लिया।

आज सैकड़ों कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष हाजी आदिल चौधरी के नेतृत्व में महानगर कैंप कार्यालय से गाड़ियों के काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे। तभी थाना कोतवाली और लिसाड़ी गेट पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई और रैली में जाने से मना कर दिया।

कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो थाना प्रभारी कोतवाली एवं सीओ कोतवाली के निर्देश पर सभी को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली ले जाया गया। थाने में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर सरकार के तौर पर काम करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष हाजी आदिल चौधरी, बाबर कस्सार, जफर चौधरी, अफजाल सैफी, आस मोहम्मद, ताहिर अब्बासी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।