Home Blog Page 141

​के.वी. पब्लिक स्कूल में श्रद्धा व धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती

नित्य संदेश ब्यूरो

परीक्षितगढ़। किशन विहार स्थित के.वी. पब्लिक स्कूल मे आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती श्रद्धा, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई।

​कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रांगण में महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर नमन करने के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और उनके द्वारा रचित अमर महाकाव्य ‘रामायण’ के आदर्शों पर प्रकाश डाला।

​विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन हमें सिखाता है कि दृढ़ संकल्प और सत्य के मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। उनका दिया हुआ ज्ञान और आदर्श समाज को समरसता, सद्भाव तथा सत्य व धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। विद्यार्थियों ने भी उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी का मेरठ-बुलंदशहर में तेजी से हो रहा निर्माण

  • मेरठ खादी महोत्सव और उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल टरेड शो से मिली पहचान

लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश, मेरठ। कभी पूर्वी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की पहचान मानी जाने वाली ब्लैक पॉटरी अब पश्चिमी यूपी में भी कारोबार का नया आधार बन रही है। मेरठ और बुलंदशहर में इस पारंपरिक कला का उत्पादन बढ़ रहा है।

बुलंदशहर के हितेश, बबुपुर के भीम प्रजापति और मेरठ से शिव प्रजापति मिट्टी आर्ट गैलरी के कारीगर श्याम सुंदर जैसे दर्जन भर से अधिक कारीगर काली मिट्टी के हुनर को बाजार की मांग से जोड़कर आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता और मेलों-प्रदर्शनियों के जरिए बाजार तक पहुंचने के अवसर इस कारोबार को विस्तार देने में मददगार बन रहे हैं। बुलंदशहर के बबुपुर गांव निवासी भीम प्रजापति की कहानी इस बदलाव की तस्वीर पेश करती है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें हाईस्कूल के बाद पढ़ाई छोड़कर पुश्तैनी काम संभालना पड़ा। हुनर था, लेकिन कारोबार बढ़ाने के लिए पूंजी नहीं थी। वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत तीन लाख रुपये का ऋण मिलने के बाद उन्होंने ब्लैक पॉटरी का निर्माण शुरू किया था। अपनी सफलता के दम पर वर्ष 2025 में उन्होंने मंडलीय माटीकला प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार हासिल किया था। ब्लैक पॉटरी व्यवसाय से जुडे़ हर कारीगर की कुछ ऐसी ही कहानी है।

मेरठ के जत्तीवाडा में ब्लैक पॉटरी व्यवसाय से जुडे़ शिव प्रजापति मिट्टी आर्ट गैलरी के कारीगर श्याम सुंदर ने भी अपने व्यवसाय को बढ़ाकर अच्छा मुनाफा कमाया है। वही, हितेश कुमार का कहना है कि उनके कारोबार का मासिक टर्नओवर करीब एक लाख रुपये है। परिवार के पांच सदस्यों के साथ तीन महिलाओं और दो पुरुषों को भी नियमित रोजगार मिला है। ब्लैक पॉटरी के तहत कढ़ाई, फ्राईपैन, केतली, तवा, जग, कप-प्लेट, शोपीस और सजावटी गमलों सहित कई उत्पाद तैयार कर रहे हैं।

ऋण से लेकर ट्रेड शो तक, कारीगरों को बाजार का सहारा

मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत पात्र कारीगरों को स्वरोजगार शुरू करने और कारोबार बढ़ाने के लिए ऋण के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। पारंपरिक कारीगरों के सामने केवल उत्पादन करना ही चुनौती नहीं है; अपने उत्पादों के लिए नियमित खरीदार जुटाना और बाजार में पहचान बनाना भी जरूरी है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा विभिन्न मेले, प्रदर्शनियां और उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे आयोजन उन्हें अपने उत्पाद प्रदर्शित करने, खरीदारों से जुड़ने और नए बाजार तलाशने का मंच प्रदान हो रहे हैं। पश्चिमी यूपी में उत्पादन बढ़ने से एनसीआर के कारोबारियों को स्थानीय स्तर पर आपूर्ति का विकल्प उपलब्ध हो रहा है।

धुएं और नियंत्रित आंच से मिलता है काला रंग

ब्लैक पॉटरी की पहचान उसका गहरा काला रंग और बारीक नक्काशी है। इसे बनाने के लिए मिट्टी को आकार देकर पहले बर्तन पकाए जाते हैं। इसके बाद चावल की भूसी और कंडों के धुएं वाले नियंत्रित वातावरण में दोबारा पकाने से बर्तनों की सतह काली हो जाती है। इस प्रक्रिया में ऑक्सीजन की आपूर्ति सीमित रखी जाती है। इसके बाद बर्तनों पर बारीक डिजाइन उकेरे जाते हैं, जो उनकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। परंपरागत लाल मिट्टी के बर्तनों में पकाने के दौरान ऑक्सीकरण से लालिमा आती है, जबकि ब्लैक पॉटरी में नियंत्रित धुएं और कम ऑक्सीजन वाला वातावरण काला रंग विकसित करने में अहम होता है। यही अंतर इसे विशिष्ट पहचान देता है।

सजावट से रसोई तक, उत्पादों की बढ़ी विविधता

ब्लैक पॉटरी अब केवल शोपीस और सजावटी गमलों तक सीमित नहीं है। कारीगर इससे कप, प्लेट, जग, केतली, तवा और फ्राईपैन जैसे उत्पाद भी तैयार कर रहे हैं। इसका आकर्षक रंग, पारंपरिक शिल्प और विशिष्ट डिजाइन इसे घर की सजावट तथा उपहार के लिए उपयोगी बनाते हैं। हालांकि, खाना पकाने और खाद्य पदार्थ रखने के लिए बने उत्पादों की सुरक्षा उनकी सामग्री, फिनिशिंग और निर्माण गुणवत्ता पर निर्भर करती है।

परिक्षेत्रीय ग्राामोद्योग अधिकारी ने ये कहा

मेरठ मंडल की परिक्षेत्रीय ग्राामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी का कहना है कि आजमगढ़ की पारंपरिक कला का पश्चिमी यूपी में विस्तार इस बात का संकेत है कि स्थानीय हुनर को पूंजी, बाजार और नए उत्पादों से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। मेरठ और बुलंदशहर के कारीगर अब इसी विरासत को कारोबार में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

डायलिसिस के नाम पर गलत इलाज से मौत, एफआईआर के आदेश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-10 मेरठ ने थाना सिविल लाइन को FIR दर्ज कर जांच का आदेश दिया है। आदेश न्यायमूर्ति अंजू सैनी ने 30 सितंबर 2026 को वाद संख्या 2130/2026 मारूफ अली बनाम पुनीत गुप्ता में दिया।

मारूफ अली के अनुसार, उनके बहनोई मोहम्मद अमन गुर्दा रोग से पीड़ित थे। आरोप है कि 25 अप्रेल 2024 को रेजिडेंशियल लैब में क्रिएटिनिन 0.6 और यूरिया 30.2 सामान्य होने के बावजूद डॉक्टरों ने डायलिसिस जारी रखी। 09 अप्रैल से 28 अप्रैल 2024 के बीच रिपोर्ट सामान्य होने पर भी डायलिसिस करने से मरीज की हालत बिगड़ी और 01 मई 2024 को मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।

मारूफ ने पुलिस, मुख्यमंत्री पोर्टल और एसएसपी, डीएम को शिकायत दी, पर कार्रवाई नहीं हुई। इस पर कोर्ट में धारा 173(4) BNSS के तहत प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया अपराध बनता है और पुलिस विवेचना जरूरी है। थानाध्यक्ष सिविल लाइन को FIR दर्ज कर तय समय में आख्या न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए हैं।

एमएलसी मतगणना से पहले मतगणना स्थल का प्रशासन ने किया निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मोदीपुरम। आगामी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य निर्वाचन की मतगणना मंगलवार को होनी है। इसके दृष्टिगत सोमवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मतगणना स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।

मंडलायुक्त मेरठ, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मतगणना स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मतगणना स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जागृति विहार वार्ड 45 में सी.सी. सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। वार्ड 45 जागृति विहार में विकास कार्यों के क्रम में सेक्टर-2 स्थित चारू बुक डिपो से मकान संख्या 368 अनुराग त्यागी जी के मकान तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ स्थानीय नागरिकों के साथ किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और कहा कि सड़क बनने से आवागमन में हो रही परेशानी से निजात मिलेगी। लंबे समय से इस सड़क की मांग की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क के निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।