Home Blog Page 74

आईसीआईसीआई लाइफ बीएसई 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड लॉन्च, ग्राहकों को क्वालिटी कंपनियों के साथ लगातार शेयर-प्राइस ग्रोथ देगा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस ने आईसीआईसीआई लाइफ बीएसई 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड लॉन्च किया है। यह नया इक्विटी निवेश विकल्प कंपनी की ज्यादातर यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (यूलिप) के साथ उपलब्ध होगा। इस फंड के माध्यम से निवेशकों को मजबूत वित्तीय स्थिति और शेयर की कीमतों में सकारात्मक रुझान वाली कंपनियों में निवेश करने का अवसर मिलेगा। यह इंडेक्स फंड निवेशकों को लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न दिलाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके तहत बीएसई 500 की सूची में शामिल 50 ऐसे शेयरों का विविध पोर्टफोलियो बनाया जाएगा, जो दो प्रमुख मानकों- मोमेंटम और क्वालिटी पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं।

फंड के लॉन्च पर आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर मनीष कुमार ने कहा, “आईसीआईसीआई लाइफ बीएसई 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड निवेशकों को मजबूत कारोबारी मॉडल, कमाई की बेहतर संभावनाओं और शेयर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी वाली कंपनियों में निवेश के माध्यम से लंबी अवधि में संपत्ति बनाने का प्रभावी अवसर देता है। खास बात यह है कि निवेशकों को ऐसी कंपनियों के पोर्टफोलियो में निवेश का मौका मिलेगा, जिनकी वित्तीय स्थिति मजबूत है। कंपनियों का चयन रिटर्न ऑन इक्विटी, डेट टू इक्विटी और प्रति शेयर आय (ईपीएस) जैसे वित्तीय मानकों के आधार पर किया जाता है। साथ ही, इन कंपनियों के शेयरों की कीमतों में पिछले 12 महीनों के दौरान अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।” उन्होंने कहा, “यह इंडेक्स फंड बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहकों को लंबी अवधि के निवेश से मिलने वाले कंपाउंडिंग के लाभ का फायदा उठाने में सक्षम बनाने की कंपनी की रणनीति के अनुरूप है। इसके माध्यम से ग्राहकों को एक व्यवस्थित निवेश विकल्प मिलेगा, जो लगातार होने वाली वृद्धि को उनके परिवार की दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा में बदलने में मदद करेगा।” 30 सितंबर, 2026 तक बीएसई 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स ने सात साल की अवधि में 23.7% तक का रिटर्न दिया है। इसका मतलब है कि सात साल पहले निवेश किए गए एक लाख रुपए की कीमत आज बढ़कर 4.4 लाख रुपए हो गई होती। इसके अलावा, कारोबार के बुनियादी पहलुओं और बाजार के अवसरों में बदलाव के अनुसार फंड के पोर्टफोलियो को हर तिमाही में रीबैलेंस किया जाता है।

गौरतलब है कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में 99.3% का क्लेम सेटलमेंट रेशियो दर्ज किया है। वहीं, बिना जाँच वाले दावों के निपटारे में औसतन 1.1 दिन का समय लगा। ये आँकड़ें जरूरत के समय ग्राहकों और उनके परिवारों के साथ खड़े रहने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। आईसीआईसीआई लाइफ बीएसई 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड कंपनी की ज्यादातर यूलिप योजनाओं के साथ उपलब्ध होगा। इनमें आईसीआईसीआई लाइफ प्रोटेक्ट एन गेन, आईसीआईसीआई लाइफ सिग्नेचर एश्योर, आईसीआईसीआई लाइफ सिग्नेचर, आईसीआईसीआई लाइफ प्लेटिनम और आईसीआईसीआई लाइफ वेल्थ एलीट प्रो शामिल हैं। इन योजनाओं में लाइफ कवर का लाभ भी मिलेगा। अधिक जानकारी के लिए ग्राहक कंपनी की वेबसाइट www.icicilife.com पर जा सकते हैं।

इंदौर भाजपा कार्यालय में दीपोत्सव, धूमधाम से हुई लक्ष्मीपूजा, भजन पर थिरके नेता और कार्यकर्ता

फोटो जर्नलिस्ट नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। दीपावली के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी इंदौर महानगर कार्यालय में भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आलोक दुबे की उपस्थिति में उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ दीपोत्सव मनाया गया।

भाजपा कार्यालय में पंडित की उपस्थिति में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ कोषाध्यक्ष सचिन बंसल व सह कोषाध्यक्ष हेमराज वाडिया ने मां लक्ष्मी, भगवान गणेश एवं भगवान श्रीराम की पूजन-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भाजपा नगर अध्यक्ष मिश्रा ने कन्या पादपूजन भी किया। इसके पश्चात भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान कार्यालय परिसर में उत्सव का विशेष माहौल देखने को मिला। बैंड पर मधुर भजनों की धुनों पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। मेरे घर राम आए है। नगरी हो अयोध्या सी,,,अवध में राम आए हैं जैसे भजनों पर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, शंकर लालवानी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आलोक दुबे सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने नाचते-गाते हुए दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

वहीं, आतिशबाजी के बीच दीपावली की खुशियां और भी दोगुनी हो गईं। भाजपा नगर अध्यक्ष मिश्रा ने कार्यालय पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं एवं उपस्थितजनों को मिठाई वितरित कर उनका मुंह मीठा कराया और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया।

पूरे आयोजन के दौरान भाजपा कार्यालय में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। दीपों की रोशनी, आतिशबाजी, बैंड की धुन और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने दीपावली के पर्व को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करता है। इस दिवाली पर हम सब संकल्प ले कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को लेकर काम कर रहे हैं, हम सब उनके संकल्प में सहभागी बनते हुए भारत को 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर देश बनाने में जुट जाए।

इस अवसर पर कमल वाघेला, सुधीर कोल्हे, महेश कुकरेजा, कैलाश पिपले, नगर उपाध्यक्ष हरप्रीत सिंह बक्शी, राकेश शर्मा, दीप्ति हाडा, स्वाति काशीद, ज्योति तोमर, अशोक अधिकारी, घनश्याम शेर, गोपाल गोयल, नेहा शर्मा, कंचन गिदवानी, इंदु श्रीवास्तव, विशाल यादव, वरुण पाल, रितेश शर्मा, नितिन शर्मा, राजा कोठारी, सौरभ खण्डेलवाल, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इंदौर के गौतमपुरा में दीपावली के दूसरे दिन सदियों पुरानी परंपरा ‘हिंगोट युद्ध’ का आयोजन

सपना सी.पी. साहू

इंदौर के गौतमपुरा में दीपावली के दूसरे दिन (धोक पड़वा) सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए पारंपरिक ‘हिंगोट युद्ध’ का आयोजन किया गया।

बरसों से चली आ रही इस अनूठी परंपरा में दो प्रमुख दल—’तुर्रा’ (गौतमपुरा के योद्धा) और ‘कलंगी’ (रुणजी गांव के योद्धा)—आमने-सामने होते हैं। युद्ध की शुरुआत से पहले दोनों दलों के प्रतिभागी एक-दूसरे से गले मिलकर आपसी भाईचारे के साथ खेल भावना का परिचय देते हैं। इसके बाद जलते हुए हिंगोट (हिंगोरिया फल के सख्त खोल में बारूद भरकर बनाए गए प्राकृतिक देसी राकेट) एक-दूसरे पर फेंके जाते हैं।

इस दौरान कई योद्धा और दर्शक घायल भी होते हैं, जिसके मद्देनजर प्रशासन द्वारा मौके पर एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और सुरक्षा बल की पुख्ता व्यवस्था की जाती है।

हिंगोट युद्ध का ऐतिहासिक कारण

इस युद्ध को लेकर दो मुख्य ऐतिहासिक मान्यताएं प्रचलित हैं:

मराठा काल और मुगलों का मुकाबला: स्थानीय इतिहासकारों और मान्यताओं के अनुसार, मध्यकाल (17वीं-18वीं शताब्दी) में जब यह क्षेत्र मराठा साम्राज्य के अधीन था, तब मुगलों के आक्रमण और घुसपैठ को रोकने के लिए तैनात सिपाही हिंगोट के गोलों का उपयोग करते थे। वे हिंगोरिया फल के खोल में बारूद भरकर दुश्मनों पर फेंकते थे। इस तरह के गुरिल्ला युद्ध (छापामार नीति) से मुगलों को खदेड़ा जाता था। बाद में इसे शौर्य, स्वाभिमान और आत्मरक्षा की याद के रूप में एक पारंपरिक खेल का रूप दे दिया गया।

रियासतकालीन रक्षा परंपरा: गौतमपुरा की सीमा रक्षा के लिए रियासतकाल में तैनात सैनिक अपने सैन्य अभ्यास (मॉक ड्रिल) के लिए बारूद भरे हिंगोट का इस्तेमाल करते थे। समय के साथ यह अभ्यास स्थानीय संस्कृति का अटूट हिस्सा बन गया और हर साल दीपावली के अगले दिन शौर्य प्रदर्शन के रूप में खेला जाने लगा।

फोटो जर्नलिस्ट नवीन मौर्य

दीपावली पर राधिका और तनिष्का ने बनाई आकर्षक रंगोली व गोवर्धन कृति

नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मोहकमपुर स्थित KITE इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 7वीं की छात्रा राधिका सैन और उनकी बड़ी बहन तनिष्का सैन ने दीपावली के पावन पर्व पर अपनी कलात्मक प्रतिभा का सुंदर परिचय दिया।

दोनों बहनों ने मिलकर त्योहार के अवसर पर खूबसूरत रंगोली सजाई, साथ ही गोवर्धन पूजा के लिए गोमयकला से गोवर्धन महाराज की आकर्षक कृति निर्मित की।

छात्रा कलाकृतियों की विद्यालय व स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को मिलेगा मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार

  • 10 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन, स्ववित्तपोषित विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक 30 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए योगी सरकार की ओर से मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 में स्ववित्तपोषित विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होगी। जिले के पात्र अभ्यर्थी 30 नवंबर तक माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस पुरस्कार के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, बेहतर शैक्षिक परिणाम और उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षिक उपलब्धियों और उत्कृष्ट कार्यों का विवरण देना होगा। इसके साथ ही पांच मिनट का वीडियो भी अपलोड करना अनिवार्य होगा, जिसमें उन्हें अपने कार्यों और उपलब्धियों को प्रस्तुत करना होगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल ने इस संबंध में जिले के सभी स्ववित्तपोषित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन की डाउनलोड प्रति सभी आवश्यक संलग्नकों के साथ एक दिसंबर को शाम चार बजे तक संस्थाधिकारी के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करनी होगी।

सेवा अवधि के मानक भी निर्धारित

मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की सेवा अवधि के अलग-अलग मानक तय किए गए हैं। प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों के लिए कुल 15 वर्ष की सेवा अवधि अनिवार्य होगी। साथ ही प्रधानाचार्य या प्रधानाध्यापक के पद पर कम से कम तीन वर्ष की नियमित सेवा पूरी होना जरूरी है। वहीं, शिक्षक वर्ग में आवेदन के लिए न्यूनतम 10 वर्ष की सेवा अवधि निर्धारित की गई है। सेवा अवधि की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। इसके अलावा अभ्यर्थी की नियुक्ति निर्धारित प्रक्रिया और शासन के प्रावधानों के अनुसार हुई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के माध्यम से उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देने की सरकार की नीति को आगे बढ़ाया जा रहा है।