Home Blog Page 79

दीपावली पर निर्बाध बिजली के लिए एमडी का औचक निरीक्षण, 24X7 अलर्ट रहने के निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दीपावली, भाई दूज एवं छठ पूजा के दृष्टिगत प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सिविल लाइन, मेरठ का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सब-स्टेशन के उपकरणों, पावर ट्रांसफार्मर, पैनल एवं फीडरों की कार्यशीलता का जायजा लिया। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं को दीपावली एवं आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि सभी 14 जनपदों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए 24X7 विशेष टीमों को पूरी तरह अलर्ट और मुस्तैद रखा जाए। पर्व के दौरान अनावश्यक शटडाउन पर सख्त रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी बिजलीघरों के पैनल और फीडर सुचारू अवस्था में रखे जाएं। आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्युत व्यवधान होने पर त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

लाइनों पर कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन, पर्याप्त मरम्मत गैंग और ट्रॉली ट्रांसफार्मर की पूर्व व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में सक्रिय रहकर सतत निगरानी करेंगे। उपभोक्ता विद्युत संबंधी किसी भी समस्या के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-419-1912 पर संपर्क कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता (11 केवी) प्रशांत सोनी, अधिशासी अभियंता (33 केवी) मृत्युंजय शाही सहित उपखंड अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

14 नवंबर से होगा ऑल इंडिया इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्कूली क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सीनियर वर्ग का आयोजन 14 नवंबर से किया जाएगा। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में होने वाले इस टूर्नामेंट में 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

गुरु तेग बहादुर क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल नौ स्कूलों की टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पहले टूर्नामेंट के प्रथम वर्ग (10 से 13 वर्ष) और द्वितीय वर्ग (14 से 16 वर्ष) का सफल आयोजन किया जा चुका है। अब सीनियर वर्ग के मुकाबले कराए जाएंगे।

आयोजन सचिव एवं क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि नौ टीमों को दो पूल में बांटा गया है। प्रत्येक टीम तीन लीग मैच खेलेगी। एक पूल में चार और दूसरे पूल में पांच टीमें रहेंगी। प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच चुना जाएगा। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ सभी टीमों को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

टूर्नामेंट का उद्घाटन 14 नवंबर को सुबह 11 बजे जिला वाइस प्रेसिडेंट राष्ट्रीय लोकदल गाजियाबाद एवं जाट महासभा गाजियाबाद के मनोज राठी करेंगे। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. गोपाल दीक्षित, यश करण सिंह सालवान, प्रभा राव और गुरु तेग बहादुर का विशेष योगदान मिल रहा है।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील सरधना में संपन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

  • सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापरक निस्तारण करें सुनिश्चित-जिलाधिकारी

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। तहसील सरधना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह ने तहसील दिवस में अधिकारियो को प्राप्त शिकायतों का समय सीमा के अंदर गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देष दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 38 शिकायती/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 04 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा शेष के समय सीमा के अन्तर्गत निस्तारण के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिये गये।

तदोपरांत जिलाधिकारी व एसएसपी द्वारा सरधना क्षेत्रान्तर्गत कस्बा सरधना स्थित चर्च में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया गया। तहसील सरधना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह ने कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में है। सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर प्राप्त शिकायतों में चकरोड पर अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाईश कराने, पेंशन की मांग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग, चकंबदी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 38 शिकायती/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिनमें से 04 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा शेष के समय सीमा के अन्तर्गत निस्तारण के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिये गये।

जिलाधिकारी ने सभी को आश्वस्त किया कि उनके प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करायी जायेगी। इस अवसर पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा0 राम प्रसाद, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, तहसील के अधिकारी, कर्मचारी व आमजन उपस्थित रहे।

एमआईईटी की टीम ने जीता 30वां स्टूडेंट मैनेजमेंट गेम्स, राष्ट्रीय स्तर पर बनाई जगह

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। एमआईईटी बिजनेस स्कूल की ओर से ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (एआईएमए) के सहयोग से आयोजित 30वें स्टूडेंट मैनेजमेंट गेम्स (एसएमजी)-2026 का समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों के प्रबंधन के विद्यार्थियों ने बिजनेस सिमुलेशन के जरिए अपनी व्यावसायिक समझ, रणनीतिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में एमआईईटी बिजनेस स्कूल की नैना धीमान और निपुण गर्ग की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। एसआरएमएस सीईटी, बरेली की टीम प्रथम उपविजेता रही, जबकि एमआईईटी की ही भाव्या जिंदल, दिव्या रानी, दिविज और दिव्यम मित्तल की टीम ने दूसरा उपविजेता स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों ने एआईएमए स्टूडेंट मैनेजमेंट गेम्स के राष्ट्रीय चरण के लिए भी क्वालीफाई किया है। अब ये टीमें राष्ट्रीय स्तर पर अपने-अपने संस्थानों का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस दौरान चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ संजय कुमार सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ संजीव सिंह,हेड बिज़नेस स्कूल डॉ मधुबाला शर्मा ने बधाई दी।

एमआईईटी स्कूल में बच्चों ने रामायण का मंचन कर दिया संस्कृति और संस्कारों का संदेश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ।  एमआईईटी पब्लिक स्कूल, जागृति विहार में कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने कक्षा प्रस्तुति के दौरान नृत्य, नाटक और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रामायण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें बच्चों ने राम, सीता और लक्ष्मण सहित प्रमुख पात्रों का मंचन कर सत्य, धर्म, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय चैयरमेन विष्णु शरण , मैनेजर बरखा अग्रवाल और प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने नैतिक कहानियों के माध्यम से अंग्रेजी संवाद कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि अबेकस गतिविधि में अपनी गणना क्षमता और एकाग्रता का परिचय दिया। दीपावली पर आधारित डांडिया नृत्य ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

रामायण के विभिन्न प्रसंगों के मंचन के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों को प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों को अभिभावकों ने सराहा। विद्यालय चेयरमैन विष्णु शरण  ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उनके आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम का संचालन कोऑर्डिनेटर शिखा सचदेवा, कक्षा अध्यापिकाओं साक्षी और शैली शर्मा सहित शिक्षकों के सहयोग से किया गया।