Home Blog Page 80

दीवाली: सिर्फ रोशनी का त्योहार नहीं, आत्म-मंथन का अवसर

नित्य संदेश। दीवाली आते ही बाजारों में रौनक बढ़ जाती है, घरों में सफाई शुरू हो जाती है और आसमान आतिशबाजी से जगमगा उठता है। लेकिन क्या दीवाली सिर्फ इतनी ही है? अगर हम ठहरकर सोचें, तो यह त्योहार हर साल हमें एक ही सवाल पूछता है — क्या हमने अपने भीतर का अंधेरा दूर किया?

राम के अयोध्या लौटने की कथा हम सब जानते हैं। चौदह साल के वनवास के बाद जब अयोध्या में दीप जले, तो वह सिर्फ एक राजा के स्वागत का उत्सव नहीं था, वह अन्याय पर न्याय की, अहंकार पर विनम्रता की और अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक था। आज भी दीवाली का असली अर्थ वही है।

आज की दीवाली थोड़ी बदल गई है। पहले दीपक मिट्टी के होते थे, अब लाइटें चीन से आती हैं। पहले मिठाई घर पर बनती थी, अब ऑनलाइन ऑर्डर होती है। पहले पड़ोसी के घर जाकर शुभकामनाएं दी जाती थीं, अब व्हाट्सऐप पर एक फॉरवर्डेड मैसेज भेज दिया जाता है। सुविधा बढ़ी है, लेकिन आत्मीयता कहीं पीछे छूट गई है।

सबसे बड़ा सवाल पर्यावरण का है। एक रात की आतिशबाजी के लिए हम पूरे साल की हवा खराब कर देते हैं। जिन दीपों से हमें रोशनी फैलानी थी, उन्हीं के धुएं में हमारे बच्चे सांस नहीं ले पाते। क्या यही लक्ष्मी का स्वागत है? धन की देवी उसी घर में बसती हैं, जहां स्वच्छता हो, शांति हो और सबके लिए जगह हो। पटाखों के शोर में न बुजुर्ग सो पाते हैं, न जानवर चैन से रह पाते हैं।

दीवाली का दूसरा अर्थ है — सफाई। हम घर तो साफ कर लेते हैं, लेकिन मन का कचरा? ईर्ष्या, लालच, गुस्सा, पुरानी रंजिशें — ये साल भर जमा होती रहती हैं। दीवाली हमें मौका देती है कि हम इन्हें भी बाहर निकाल फेंकें। किसी से मनमुटाव है तो जाकर गले मिल लें। किसी का कर्ज है तो चुका दें। किसी को माफ करना है तो कर दें। यही सच्ची लक्ष्मी पूजा है।

इस बार की दीवाली को थोड़ा अलग मनाकर देखिए।

एक दीपक अपने घर के लिए, एक दीपक उस पड़ोसी के लिए जो अकेला रहता है। एक मिठाई का डिब्बा अपने लिए, एक किसी जरूरतमंद बच्चे के लिए। पटाखों पर खर्च होने वाले पैसों से किसी गरीब की पढ़ाई में मदद कर दीजिए। यकीन मानिए, उस बच्चे की मुस्कान किसी भी रॉकेट से ज्यादा रोशन होगी।

व्यापारियों के लिए भी दीवाली सिर्फ मुनाफे का मौसम नहीं है। यह भरोसे का त्योहार है। ग्राहक को सही दाम पर सही चीज देना भी एक तरह की पूजा ही है।

दीवाली हमें याद दिलाती है कि अंधेरा कितना भी गहरा क्यों न हो, एक छोटा सा दीपक उसे हरा सकता है। जरूरत है तो बस दीपक जलाने की हिम्मत की।

इस दीवाली, आइए हम सिर्फ घर नहीं, मन भी रोशन करें। सिर्फ बाहर नहीं, भीतर भी उजाला करें।

सपना सीपी साहू

समाचार संपादक

चाइनीज उत्पादों पर भारी पड़ रहा महिलाओं का हुनर

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दीपावली की खरीदारी में अब चाइनीज उत्पादों के बजाय स्थानीय कारीगरों के हाथों से बने स्वदेशी सामान को प्राथमिकता मिल रही है। सरकार की वोकल फॉर लोकल मुहिम को माटीकला मेले में लगे महिला उद्यमियों के स्टॉल मजबूती दे रहे हैं। यहां मिट्टी के दीये और सजावटी सामान के साथ रसोई में इस्तेमाल होने वाले कुकर, तवा, चम्मच, प्लेट और सुराही तक उपलब्ध हैं।

आकर्षक डिजाइन, मजबूती और टिकाऊपन के चलते ये उत्पाद गृहणियों को पसंद आ रहे हैं। खास बात यह है कि स्थानीय महिलाएं पारंपरिक कला को आधुनिक जरूरतों से जोड़कर ऐसे उत्पाद तैयार कर रही हैं, जो चाइनीज बाजार के सामान का विकल्प बन रहे हैं। इससे दीपावली की खरीदारी के साथ स्थानीय कारोबार और महिला आत्मनिर्भरता को भी संबल मिल रहा है।

जत्तीवाड़ा निवासी रश्मि प्रजापति नौकरी के साथ पिता के माटीकला व्यवसाय में हाथ बंटाती हैं। नौकरी खत्म होने के बाद सीधे मेले में पहुंचकर उत्पादों की बिक्री करती हैं। वह बच्चों और उनके अभिभावकों को मिट्टी के बर्तन बनाने का प्रशिक्षण भी देती हैं, ताकि नई पीढ़ी पारंपरिक कला से जुड़ सके।

मेरठ निवासी नीना गुप्ता ने माटीकला का प्रशिक्षण लेकर अपने हुनर को कारोबार में बदला है। वह मिट्टी के आकर्षक और उपयोगी उत्पाद तैयार कर रही हैं। वहीं, गाजियाबाद की सीमा सागर ने माटीकला के उत्पादों के दम पर अपना सालाना कारोबार करीब 80 लाख रुपये तक पहुंचाया है। पल्लवी भी मिट्टी के बर्तनों के साथ आकर्षक डेकोरेटिव आइटम तैयार कर रही हैं। उनके उत्पादों में पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का मेल देखने को मिलता है।

कंकरखेड़ा निवासी इति सिक्का गाय के गोबर से दीपक और पूजा सामग्री तैयार कर रही हैं। उनका सालाना कारोबार करीब 50 लाख रुपये है। दीपावली पर उनके उत्पाद पर्यावरण अनुकूल विकल्प के रूप में ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। कृत्रिम सजावटी सामान के बजाय प्राकृतिक संसाधनों से बने उत्पादों की ओर लोगों का रुझान बढ़ रहा है। फाजलपुर निवासी राखी सिंह को कान्हा जी के कपड़े बनाने का शौक था। धीरे-धीरे यही शौक व्यवसाय बन गया। अब उनकी तैयार पोशाकों के साथ बच्चों के हाथ से बुने कपड़ों और सजावटी सामान की भी मांग है। वह अपनी रचनात्मकता से पारंपरिक हस्तकला को बाजार में नई पहचान दे रही हैं।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी का कहना है कि माटीकला मेले में महिला उद्यमियों के स्टॉल वोकल फॉर लोकल की अवधारणा को जमीन पर उतार रहे हैं। दीपावली की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को मिल रही प्राथमिकता से छोटे कारोबारियों और कारीगरों को आर्थिक मजबूती मिल रही है। महिलाओं की रचनात्मकता अब घरेलू हुनर तक सीमित नहीं, बल्कि रोजगार और बड़े कारोबार का आधार बन रही है। स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की यह पहल स्थानीय अर्थव्यवस्था और महिला आत्मनिर्भरता दोनों को नई दिशा दे रही है।

राष्ट्रीय कन्या इंटर कॉलेज मे दीपावली के पावन अवसर पर रंगोली एवं दीया प्रतियोगिता का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

लावड़। शुक्रवार को राष्ट्रीय कन्या इंटर कॉलेज कस्बा लावड़ में दीपावली के शुभ अवसर पर हर्षोल्लास के साथ रंगोली और दीया प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक मनमोहक रंगोलियां और दीये सजाए।
प्रतियोगिता का संचालन कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका कौशल रानी के मार्गदर्शन में और रेनू भारद्वाज के संरक्षण में संपन्न हुआ।प्रधानाध्यापिका ने छात्राओं की इस शानदार प्रतिभा को देखते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दिव्यांग बच्चों के हुनर से सजा दो दिवसीय दीपावली मेला, मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने किया शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं भारतीय विकलांग मित्र ट्रस्ट मेरठ द्वारा संचालित वाणी स्कूल एवं रिसर्च सेंटर पी-1 पल्लवपुरम फेज-2 मेरठ द्वारा दो दिवसीय दीपावली मेले का आयोजन किया गया।

मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि नरेन्द्र कश्यप, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा किया गया।मेले में दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाए गए दीये, सजावट का सामान, हाथ से बने थैले, लिफाफे, भगवान की पोशाक, भेलपुरी, पेटीज, चना चाट, गोल गप्पे आदि के स्टॉल लगाए गए। मेले में सभी आगंतुकों के लिए भोजन एवं जल-पान की व्यवस्था की गई।

दीपावली मेले में प्रीतिलता राजपूत, उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, मेरठ मण्डल मेरठ एवं सिद्धान्त शर्मा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, मेरठ, भारतीय विकलांग मित्र ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एस०पी० जैन, संजय जैन, प्रधानाचार्या, श्रीमती पूनम शर्मा एवं प्रबंधक संजय शर्मा आदि द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा दिव्यांग छात्र/छात्राओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रशंसा कर उनका अभिनंदन किया गया।

इसके अतिरिक्त मेले में मूक बधिर विद्यालय, रेसकोर्स रोड मेरठ, बचपन डे-केयर सेंटर गौतमबुद्धनगर, मानसिक मंदित आश्रय गृह सह-प्रशिक्षण केन्द्र, परतापुर मेरठ, राजबाला समेकित विद्यालय दतावली मेरठ, दिव्य ज्योति आश्रम शास्त्रीनगर मेरठ द्वारा सम्मिलित होकर दिव्यांग छात्र/छात्राओं द्वारा बनाए गए उत्पादों का स्टॉल लगाया गया।

दीपों से जगमगाया बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों ने दीपावली पर दी संस्कार और खेल की अनूठी मिसाल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दीपावली के शुभ अवसर पर एक अत्यंत मनोहारी और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला।

विद्यालय के बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपने बैडमिंटन कोर्ट को सैकड़ों दीपों से सजाकर पूरे विद्यालय परिसर को प्रकाशमय कर दिया। संध्या होते ही जैसे ही दीप प्रज्ज्वलित किए गए, पूरा कोर्ट दीपों की जगमगाहट से दमक उठा। दीपों की सुंदर कतारों से कोर्ट पर “शुभ दीपावली” की आकृति बनाई गई, जिसे देखकर सभी उपस्थितजन भावविभोर हो गए।खिलाड़ियों ने इस अवसर पर यह संकल्प भी लिया कि वे दीपावली को स्वदेशी दीपों से, स्वच्छता और पर्यावरण की रक्षा करते हुए मनाएंगे तथा पटाखों से होने वाले प्रदूषण से दूर रहेंगे।

इस पावन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता, पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा, बैडमिंटन कोच नीरज सोम, राजकुमार त्यागी एवं फिजिकल टीचर जॉनी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के साथ मिलकर स्वयं सैकड़ों दीपक लगाए और कोर्ट को सजाने में अपना सहयोग दिया। यह दृश्य विद्यालय में गुरु-शिष्य परंपरा और आपसी स्नेह का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा था।

इस अवसर पर बोलते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता जी ने सभी खिलाड़ियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “दीप अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का प्रतीक है। हमारे खिलाड़ियों ने कोर्ट को दीपों से सजाकर यह सिद्ध कर दिया है कि खेल केवल जीत-हार नहीं है, बल्कि संस्कार, अनुशासन और टीम भावना का संगम है। मैं सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।”

पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा ने भी खिलाड़ियों की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर की पहचान हमेशा से पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार और खेल रही है। आज बैडमिंटन के खिलाड़ियों ने दीपों से कोर्ट सजाकर खेल और संस्कृति का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया है।”

बैडमिंटन कोच नीरज सोम जी ने कहा कि जिस प्रकार बैडमिंटन में एकाग्रता, फुर्ती और धैर्य की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार जीवन में भी दीप की तरह स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देने की भावना होनी चाहिए। फिजिकल टीचर जॉनी चौधरी जी ने भी खिलाड़ियों को स्वस्थ रहने, नियमित अभ्यास करने और अनुशासन में रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक साथ दीप प्रज्ज्वलित कर देश की सुख-समृद्धि, विद्यालय की उन्नति और सभी के स्वस्थ एवं सफल जीवन की प्रार्थना की। दीपों की रोशनी और खिलाड़ियों के उत्साह से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय और आनंदमय वातावरण से भर गया।