Home Blog Page 81

त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी जोन मेरठ भानु भास्कर ने किया फुट पेट्रोलिंग, व्यापारियों व बच्चों से की वार्ता

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत एडीजी जोन मेरठ भानु भास्कर द्वारा एसपी सिटी मेरठ एवं अन्य पुलिस बल के साथ जनपद मेरठ के थाना देहली गेट क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

फुट पेट्रोलिंग वैली बाजार से शुरू होकर सर्राफा बाजार, कागजी बाजार, लाला का बाजार, घंटाघर से देहली गेट थाने तक की गई। इस दौरान एडीजी जोन ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं सीसीटीवी आदि व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।पेट्रोलिंग के दौरान एडीजी जोन ने व्यापारियों व बच्चों से वार्ता की।

उन्होंने व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा त्योहारों के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बच्चों से भी संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर एडीजी जोन ने सर्व-संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एक साहित्यकार, आलोचक और कहानीकार के साथ-साथ एक अच्छे इंसान भी हमसे बिछड़ गए : प्रो. इर्तिज़ा करीम

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। एक साहित्यकार, आलोचक और कहानीकार के साथ-साथ एक अच्छे इंसान भी हमसे बिछड़ गए। सबा इकराम के साथ साहित्य के प्रति समर्पित लोगों का एक पूरा समूह जुड़ा हुआ था। दोनों देशों के साहित्यकारों के लिए यह बड़े दुख की बात है कि हम आसानी से एक-दूसरे से मिल नहीं सकते। हम पड़ोसी देश के साहित्यकारों और शायरों की पुस्तकें पढ़ते रहते हैं। सबा इकराम जैसे लोग, जो निरंतर साहित्य की सेवा करते रहे, उनके निधन से दुख होना स्वाभाविक है। गोपीचंद नारंग, शम्सुर्रहमान फारूकी और कमर रईस आदि से उनके अच्छे संबंध थे। आर्ट काउंसिल के कार्यक्रम में उन्होंने हमारी बहुत सहायता की थी।

ये विचार प्रसिद्ध शोधकर्ता एवं आलोचक प्रो. इर्तिज़ा करीम ने आयोसा और उर्दू विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सबा इकराम : श्रद्धांजलि सभा’ में अपने संबोधन के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने आगे कहा कि मैं अपनी ओर से, आयोसा की ओर से तथा आप सभी की ओर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ। ईश्वर हमारे सबा इकराम को जन्नतुल फिरदौस में स्थान प्रदान करे।कार्यक्रम का शुभारंभ सईद अहमद सहारनपुरी ने पवित्र कुरआन के पाठ से किया। कार्यक्रम की संरक्षकता प्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक प्रो. असलम जमशेदपुरी ने की तथा अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक प्रो. सगीर इफराहीम ने की।

कार्यक्रम में अतिथि वक्ताओं के रूप में प्रो. इर्तिज़ा करीम (पूर्व डीन, कला संकाय एवं अध्यक्ष, उर्दू विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय), प्रो. ज़ैन रामिश (डीन, कला संकाय एवं अध्यक्ष, उर्दू विभाग, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग, बिहार), प्रो. नसीम अंजुम (प्रसिद्ध कथाकार एवं स्तंभकार, कराची), फहीमुल इस्लाम अंसारी (उपाध्यक्ष, इदारा यादगार-ए-गालिब, कराची), जै़ब अज़कार हसन (प्रसिद्ध पत्रकार, कथाकार एवं शायर, कराची) तथा प्रो. रेशमा परवीन (अध्यक्ष, आयुसा, लखनऊ) ने ऑनलाइन सहभागिता की। परिचयात्मक वक्तव्य डॉ. इरशाद स्यानवी ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन इरफान आरिफ (शोधार्थी, उर्दू विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ) ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उर्दू विभाग की छात्रा नायाब ने प्रस्तुत किया।

सबा इकराम का परिचय देते हुए डॉ. इरशाद सियानवी ने कहा कि सबा इकराम शायर होने के साथ-साथ आलोचक, कहानीकार और उपन्यासकार भी थे। स्तंभ लेखन के क्षेत्र में भी उन्होंने लोकप्रियता प्राप्त की। उनका जन्म 1945 में हजारीबाग में हुआ था। उनकी रचनाओं में उनके संघर्ष और जीवन के अनुभवों की झलक दिखाई देती है। ‘सूरज की सलीब’, ‘आईना का आदमी’, ‘जदीद अफसाना : चंद सूरतें’, ‘एतिराफ़ व इंकार’ तथा ‘शहज़ाद मंज़र : फन और शख्सियत’ उनकी प्रमुख पुस्तकें हैं। मैं उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।

प्रो. असलम जमशेदपुरी ने कहा कि आधुनिक आलोचना के क्षेत्र में सबा इकराम की पुस्तकें हमारे लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं। वे हमें अनेक साहित्यिक पत्रिकाएँ भी भेजा करते थे। उनकी शायरी और रचनात्मक पुस्तकों में भारतीयता का रंग दिखाई देता है। वे सभी का ध्यान रखते थे, विशेष रूप से छोटे और नए लोगों का भी बहुत ख्याल करते थे। हमें इस बात का दुख है कि ऐसी प्रतिष्ठित साहित्यिक हस्ती आज हमसे बिछड़ गई।

फहीमुल इस्लाम अंसारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सबा इकराम ‘शबखून’ से जुड़े रहे। शम्सुर्रहमान फारूकी उन्हें एक बड़ा शायर मानते थे। साहित्य के प्रति उनका लगाव बहुत गहरा था। मैंने उनकी एक कविता भी अपनी पत्रिका में प्रकाशित की थी। सबा इकराम साहित्य प्रेमी और बेबाक शायर थे।

प्रो. ज़ैन रामिश ने कहा कि सबा इकराम को आलोचक, साहित्यकार अथवा एक श्रेष्ठ इंसान के रूप में देखा जाए, तो वे अनेक विशेषताओं के धनी थे। उनका जन्म जून 1945 में हजारीबाग में हुआ था। उनका परिवार 1857 के आसपास हिजरत करके हजारीबाग आया था। उनके परदादा ने वहीं निवास किया और सबा इकराम की शिक्षा-दीक्षा भी हजारीबाग में ही हुई। उनके पिता इनामुल हसन जेल अधीक्षक थे। देश के विभाजन के समय उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने अंग्रेजी विषय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की और बाद में कराची चले गए, जहाँ कराची विश्वविद्यालय से एम.बी.ए. किया। इसके बाद वे अतीत की कड़वाहटों से बाहर निकल सके। उनकी अनेक पुस्तकें प्रकाशित हुईं। उन्होंने कथा-साहित्य की आलोचना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

ज़ैब अज़कार हसन ने कहा कि सबा इकराम से मेरा संबंध अपने परिजनों जैसा था। साहित्यिक सभाओं में मैं प्रायः उनके साथ रहता था। उनकी पुस्तक ‘जदीद अफसाना : चंद सूरतें’ ऐसी महत्वपूर्ण कृति है, जिसमें कहानीकारों के विषय में तर्कपूर्ण चर्चा की गई है। इसी दौर में मज़हर जमील की पुस्तक भी प्रकाशित हुई थी। सबा इकराम के कथा-साहित्य, ग़ज़लों और कविताओं में मनोविज्ञान, सच्चाई, वास्तविकता और बिखरते हुए समाज के चित्र देखने को मिलते हैं। उनकी कविता ‘मशविरा’ में समाज के जीवंत चित्र दिखाई देते हैं।

प्रो. नसीम अंजुम ने अपना शोधपत्र प्रस्तुत करते हुए कहा कि सबा इकराम एक शिष्ट, सुसंस्कृत और सम्मानित व्यक्ति थे। उनके ज्ञान और शालीनता के बारे में अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए हैं। सबा इकराम मूल रूप से शायर थे।

प्रो. सगीर अफराहीम ने कहा कि कराची के वरिष्ठ साहित्यकारों के बीच सबा इकराम का बहुत सम्मान था। साहित्यिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। आर्ट काउंसिल कराची के साहित्यिक कार्यक्रमों में वे हमेशा सक्रिय रहते थे। वे कभी किसी की बुराई नहीं करते थे। सबा इकराम की साहित्य जगत में भी अपनी विशिष्ट पहचान थी। हम उनके लिए ईश्वर से क्षमादान और शांति की प्रार्थना करते हैं। वे एक बड़े साहित्यकार थे, इसीलिए आज हम सभी उनका नाम पूरे सम्मान के साथ ले रहे हैं। सबा इकराम जैसे इंसान को खोना हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।

कार्यक्रम से डॉ. आसिफ अली, डॉ. शादाब अलीम, डॉ. अलका वशिष्ठ, सैयदा मरियम इलाही, मोहम्मद शमशाद, फरहत अख्तर, मोहम्मद ईसा राना, महविश तथा अनेक छात्र-छात्राएँ ऑनलाइन एवं ऑफलाइन जुड़े रहे।

ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में मनाया गया दीपोत्सव, बच्चों ने जलाए दीपक

0

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में शुक्रवार को दीपोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर क्रिकेट कोच अतहर अली ने सभी खिलाड़ियों और बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने दीपक जलाकर और आतिशबाजी कर दीपावली का पर्व मनाया। इस दौरान एकेडमी का माहौल उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कोच अतहर अली ने सभी बच्चों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दिल्ली पब्लिक स्कूल में संस्थापक श्री एम.पी. सिंह जी के स्मृति दिवस पर हवन एवं सम्मान समारोह का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दिल्ली पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को विद्यालय के संस्थापक एवं प्रेरणास्रोत स्वर्गीय एम.पी. सिंह जी की पावन स्मृति में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ स्मृति दिवस समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर का वातावरण भक्तिमय एवं भावपूर्ण रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत हवन के साथ हुआ। हवन के माध्यम से समस्त वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मकता से परिपूर्ण हो गया। उपस्थित अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने आहुतियाँ अर्पित कर संस्थापक महोदय के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत श्लोक-पाठ, सामूहिक गायन एवं बैंड की मधुर प्रस्तुतियों ने समारोह को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों का सुंदर संदेश दिया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष सेक्सरिया ने स्वर्गीय एम.पी. सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि संस्थापक महोदय द्वारा देखा गया शिक्षा का स्वप्न, उनके द्वारा स्थापित आदर्श और समाज के प्रति उनका योगदान सदैव हमारा पथ आलोकित करता रहेगा।समस्त विद्यालय परिवार की तरफ से विद्यालय की उपप्रधानाचार्या डॉ. वर्षा भारद्वाज जी ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी शिक्षकों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

विद्यालय की प्रो वाइस चेयर पर्सन शशि सिंह ने स्वर्गीय एम.पी. सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर याद किया। डायरेक्टर श्वेता सिंह, अनुमेहा सिंह एवं प्रबंधक अतुल कुमार सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिक्षकगण एवं कर्मचारियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सभी स्टाफ सदस्यों को दीपावली उपहार भेंट किए गए तथा उनके लिए स्नेहपूर्ण सामूहिक भोज की व्यवस्था भी की गई।

समारोह के दौरान विद्यालय के प्रति दीर्घकालीन सेवाएँ देने वाले समर्पित कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्री-प्राइमरी पुस्तकों के प्रकाशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों, कक्षा 10 एवं 12 में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों में योगदान देने वाले शिक्षकों तथा प्रवेश प्रक्रिया में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहन राशि दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों के लिए सुव्यवस्थित सामूहिक भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। इस आत्मीय आतिथ्य एवं उत्कृष्ट व्यवस्था के माध्यम से विद्यालय प्रबंधन ने यह संदेश दिया कि डीपीएस मेरठ केवल एक शिक्षण संस्थान ही नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार है, जहाँ प्रत्येक सदस्य का सम्मान और अपनत्व सर्वोपरि है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट: बिना नोटिस दुकान गिराने और हटाने पर लगाई रोक

  • मेरठ नगर निगम से 24 घंटे में मांगा जवाब

नित्य संदेश ब्यूरो

प्रयागराज: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मेरठ में एक दुकानदार को बिना लिखित नोटिस दिए या सुनवाई का मौका दिए उसकी दुकान को ढहाने और बेदखल करने की धमकियों पर कड़ा रुख अपनाया है।

याचिकाकर्ता बृजमोहन निवासी प्रगति नगर साकेत मेरठ की ओर से अधिवक्ता सुनील चौधरी एवं विपुल सिंघल ने न्यायालय के समक्ष पक्ष रखा और प्रभावी बहस की। उनकी दलीलों को सुनने के बाद न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर और न्यायमूर्ति विवेक सरन की खंडपीठ ने आगामी सुनवाई तक याचिकाकर्ता को उसकी दुकान से बेदखल करने और दुकान को ध्वस्त करने पर अंतरिम रोक लगा दी है।

अधिवक्ताओं ने बहस में क्या बताया?

याचिकाकर्ता के वकीलों ने अदालत को अवगत कराया कि बृजमोहन मेरठ में सुशीला जसवंत राय अस्पताल के सामने और मांगलिक मेडिकल स्टोर के पास स्थित एक दुकान/कियोस्क का वैध लाइसेंसी आवंटी है।

बहस के दौरान उन्होंने मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदु रखे:•

प्रशासन द्वारा याचिकाकर्ता को बिना किसी पूर्व लिखित नोटिस या सुनवाई का कानूनी अवसर दिए उसकी दुकान को जबरन तोड़ने और उसे वहां से हटाने की धमकी दी जा रही है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।

• याचिकाकर्ता को इस कार्रवाई के बदले कोई वैकल्पिक स्थान (Alternate Site) भी आवंटित नहीं किया गया है, जिससे उसकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है।

हाई कोर्ट के कड़े निर्देश:

• ध्वस्तीकरण और बेदखली पर अंतरिम रोक: कोर्ट ने साफ किया है कि अगली सुनवाई तक याचिकाकर्ता की दुकान को न तो गिराया जाएगा और न ही उसे वहां से बेदखल किया जाएगा।

• 24 घंटे के भीतर सूचना देने का आदेश: अदालत ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM), मेरठ को निर्देशित किया है कि इस आदेश की प्रति 24 घंटे के भीतर चेयरमैन (नगर निगम, मेरठ) और उप संपत्ति अधिकारी (मेरठ) को अनिवार्य रूप से तामील कराई जाए।

• जवाब और निर्देश: कोर्ट ने सरकारी वकील (Standing Counsel) और प्रतिवादी संख्या 2 व 3 के वकील को संबंधित विभागों से इस मामले में निर्देश व जानकारी प्राप्त कर अदालत के सामने प्रस्तुत करने को कहा है।

इस मामले की अगली सुनवाई अब 18 नवंबर 2026 को तय की गई है, तब तक के लिए पीड़ित दुकानदार को कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है।