नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना मुंडाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करने वाले युवक को त्वरित सहायता एवं काउंसलिंग प्रदान कर उसकी जान बचाई।
21 नवंबर को मेटा कंपनी द्वारा थाना मुंडाली पुलिस को सूचना दी गई कि एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आत्महत्या करने संबंधी पोस्ट साझा की है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल युवक की पहचान एवं लोकेशन की जानकारी प्राप्त कर कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के दिशा-निर्देश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी किठौर के पर्यवेक्षण में थाना मुंडाली पुलिस ने युवक के निवास स्थान पर पहुंचकर उसे आत्मघाती कदम उठाने से रोका। टीम ने संवाद कर समझाया तथा काउंसलिंग के माध्यम से मानसिक संबल प्रदान किया। पुलिस ने युवक एवं परिजनों को आवश्यक सहायता एवं परामर्श दिया। परिजनों एवं ग्रामवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की। सहायता प्रदान करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक शिवदत्त मिश्रा, हेड कांस्टेबल रजनेश कुमार, कांस्टेबल प्रियांशु, कांस्टेबल अंशुमान शामिल रहे।


