नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता (आईएएस) ने कार्तिक गढ़ गंगा मेला-2026 के मद्देनजर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति और विद्युत सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और उपभोक्ताओं को सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और लाइन स्टाफ को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया।
मेले को लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी करने और पूरे मेला क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल हापुड़, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड गढ़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


