नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के डॉ. बी.आर. अम्बेडकर छात्रावास में शोधार्थियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर स्वच्छता अभियान चलाया। छात्रावास में लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल थी। शिकायतों के बाद भी सुधार नहीं हुआ।
28 नवंबर को कुलाधिपति का विश्वविद्यालय में आगमन प्रस्तावित है। शोधार्थियों ने कहा, विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए उन्होंने स्वयं पहल की। शोधार्थियों ने कहा कि स्वच्छता केवल 2 अक्टूबर या किसी अतिथि के आगमन तक सीमित नहीं होनी चाहिए। यह प्रतिदिन निभाया जाने वाला दायित्व है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि छात्रावास में प्रतिदिन नियमित सफाई हो, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी हो, गलियारों, शौचालयों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई सुनिश्चित हो और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई हो।
शोधार्थियों ने कहा, सवाल यह नहीं है कि उन्होंने झाड़ू क्यों उठाई, सवाल यह है कि उन्हें झाड़ू उठाने की नौबत क्यों आई? यह भी विचारणीय है कि NAAC A++ ग्रेड प्राप्त चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के छात्रावास में यदि नियमित साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधा भी सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है।


