नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ की फुटबॉल टीम ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी सेंट्रल जोन फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। विश्वविद्यालय की टीम ने शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर को 3-2 से पराजित कर पहली बार प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ टीम ने विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
कानपुर में आयोजित सेंट्रल जोन प्रतियोगिता में देशभर के 52 विश्वविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। पूरे टूर्नामेंट में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल, अनुशासन, टीमवर्क और संघर्षशीलता का परिचय दिया। सेमीफाइनल में आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर के खिलाफ टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत हासिल की और फाइनल का टिकट पक्का किया। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। अब चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की टीम फाइनल मुकाबले में खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी। प्रतियोगिता का फाइनल कन्नूर, केरल में खेला जाएगा।
टीम के कप्तान अंकुर और उपकप्तान वंश के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में एकजुटता और खेल भावना का परिचय दिया। पहली बार फाइनल में पहुंचना विश्वविद्यालय के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, कुलसचिव अजय कृष्ण यादव, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र तथा रिसर्च डायरेक्टर प्रो. वीरपाल सिंह ने टीम के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए फाइनल मुकाबले में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाने और विजयी होकर लौटने की शुभकामनाएं दीं।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की फुटबॉल टीम की यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और प्रतिभा का परिणाम है, बल्कि विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में भी एक प्रेरणादायक कदम है।


