Homeउत्तर प्रदेशमेरठतकनीक से सशक्त होंगे युवा, ज्ञान और नवाचार के नए अवसर खोलेगा...

तकनीक से सशक्त होंगे युवा, ज्ञान और नवाचार के नए अवसर खोलेगा टैबलेट : डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी टैबलेट वितरण योजना के अंतर्गत 19 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान करते हुए कहा कि वर्तमान समय तकनीक और डिजिटल ज्ञान का युग है। आज वही व्यक्ति आगे बढ़ रहा है, जो समय के साथ नई तकनीकों को सीखने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने के लिए तत्पर है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे टैबलेट केवल एक डिजिटल उपकरण नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना, उनकी शैक्षणिक क्षमता को विकसित करना और उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है। पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए तकनीक का विशेष महत्व है, क्योंकि आज मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। डिजिटल पत्रकारिता, सोशल मीडिया, ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई संचार तकनीकों ने इस क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं पैदा की हैं।

डॉ. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा दिए गए टैबलेट का सदुपयोग अपनी पढ़ाई, शोध, रचनात्मकता और ज्ञानवर्धन के लिए करें। इंटरनेट पर उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री, ई-बुक्स, ऑनलाइन व्याख्यान और विभिन्न डिजिटल संसाधनों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही उपयोग व्यक्ति को न केवल बेहतर विद्यार्थी बनाता है, बल्कि उसे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर सीखना, समय के साथ स्वयं को अपडेट रखना और अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप से लागू करना बेहद आवश्यक है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखारें और भविष्य में पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित करें। कार्यक्रम में डॉ. दीपिका वर्मा, लव कुमार, निधि शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular