नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। देश में हर साल 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन 1966 में भारतीय प्रेस परिषद ने औपचारिक रूप से अपना कामकाज शुरू किया था। प्रेस परिषद का मुख्य कार्य पत्रकारिता के उच्च मानकों को बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि प्रेस किसी बाहरी दबाव या प्रभाव से मुक्त रहे। यह वक्तव्य चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित गोष्ठी में विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने दिया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे किसी भी विषय पर एक पक्ष की बात सुनकर अपनी राय न बनाएं, बल्कि उस विषय पर खूब अध्ययन करके और सभी पक्षों को जानकर ही किसी निर्णय पर पहुंचे। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि 4 जुलाई 1966 को भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना हुई थी, लेकिन इसने 16 नवंबर 1966 से विधिवत कार्य करना प्रारंभ किया। यह दिन लोकतंत्र में एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार मीडिया की भूमिका और महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने विभिन्न देशों का उदाहरण देते हुए भारत में प्रेस की स्वतंत्रता की स्थिति के बारे में बताया।
गोष्ठी के दूसरे वक्ता लव कुमार सिंह ने कहा कि प्रेस परिषद एक अर्ध न्यायिक निकाय है। इसे सिविल कोर्ट की तरह शक्तियां प्राप्त हैं, लेकिन इसे दंड सुनाने का अधिकार नहीं है। इसका दंड नैतिक होता है। यह अन्याय की स्थिति में पत्रकारिता के लिए और पत्रकारिता के खिलाफ, दोनों रूपों में काम करता है। प्रेस परिषद के निर्णय को किसी कोर्ट में चुनौती नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि पत्रकार को समाचार पक्ष और विचार पक्ष की दृष्टि रखते हुए कार्य करना चाहिए। सामान्य समाचार में अपनी राय नहीं शामिल करनी चाहिए। लेख आदि में पत्रकार अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र है। समाचार में अधूरे तथ्य न देकर सभी तथ्यों का समावेश करना चाहिए जिससे पाठक के सामने पूरी तस्वीर प्रस्तुत हो और वह किसी निर्णय पर पहुंच सके। गोष्ठी में डॉ. दीपिका वर्मा, निधि शर्मा, शोधार्थी निशांत, कपिल कुमार, तनीषा माथुर और पत्रकारिता के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


