नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय मेरठ के प्रयासों तथा आईसीआईसीआई बैंक के साथ प्रभावी समन्वय के फलस्वरूप स्वर्गीय हवलदार देवेन्द्र, 194 मीडियम रेजिमेंट के परिवार को 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि का भुगतान रिकॉर्ड समय में सुनिश्चित किया गया।
हवलदार देवेन्द्र का 08 मई 2026 को निधन हो गया था। परिवार को आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ने बैंक के साथ समन्वय कर बीमा दावे की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया। मात्र 18 दिनों के रिकॉर्ड समय में बीमा दावे का निस्तारण किया गया तथा 26 मई 2026 को नामित लाभार्थी को 1 करोड़ रुपये की संपूर्ण बीमा राशि का भुगतान कर दिया गया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर द्वारा लाभार्थी को 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।


