स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, 500 से अधिक बच्चों ने लिया भाग
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। द्वितीय वर्ष 2026-27 में विज्ञान लोक लोकप्रियकरण एवं संचार कार्यक्रम के अंतर्गत 27 नवंबर 2026 को रघुनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज में ‘स्वास्थ्य एवं स्वच्छता’ विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित आहार, योग, मानसिक स्वास्थ्य और आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं स्वस्थ जीवनशैली की समझ विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ हुआ। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में श्रद्धा, अरुणा कन्नौजिया, लता, इंदु त्यागी एवं अनिता त्यागी सहित अन्य शिक्षिकाओं एवं सहयोगियों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंतर्गत सबसे पहले व्यक्तिगत स्वच्छता एवं हाथ धोने की सही विधि का प्रदर्शन किया गया।
अंजू वर्मा ने छात्राओं को हाथ, नाखून और दांतों की नियमित सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता की छोटी-छोटी आदतें कई संक्रामक बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। छात्राओं को सही तरीके से हाथ धोने की प्रक्रिया भी समझाई गई।इसके बाद किशोरावस्था एवं मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर संवाद आयोजित किया गया।
साक्षी ने छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों, मासिक धर्म से संबंधित आवश्यक सावधानियों और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने इस विषय पर खुलकर बात करने, भ्रांतियों से बचने और सही जानकारी अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पोषण संबंधी सत्र में सुषमा ने स्वस्थ रहने के लिए भोजन में पोषक तत्वों की भूमिका एवं संतुलित आहार के महत्व को समझाया। उन्होंने छात्राओं को बताया कि शरीर के समुचित विकास, ऊर्जा और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बनाए रखने के लिए भोजन में विभिन्न पोषक तत्वों का शामिल होना आवश्यक है। इसके पश्चात योग, व्यायाम एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं।
तरुणिका ने छात्राओं को योग एवं व्यायाम के महत्व से परिचित कराया और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और तनाव से बचने के उपायों पर भी चर्चा की गई।आत्मसुरक्षा एवं आत्मविश्वास गतिविधि के अंतर्गत छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने, विपरीत परिस्थितियों में समझदारी से निर्णय लेने तथा आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस सत्र में साक्षी एवं तरुणिका ने सहयोग किया। कार्यक्रम में छात्राओं की रचनात्मकता और विषय की समझ को प्रोत्साहित करने के लिए पोस्टर, स्लोगन, प्रश्नोत्तरी, भाषण, नाटक, रंगोली एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
व्यक्तिगत सुरक्षा विषय पर पोस्टर एवं नाटक के माध्यम से छात्राओं ने आत्मरक्षा और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किशोरावस्था एवं मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने अपनी जानकारी और विचार व्यक्त किए। पोषण एवं आत्मसुरक्षा विषय पर भी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।इसके अतिरिक्त छात्राओं ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्वच्छता के संदेश को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने के लिए रंगोली प्रतियोगिता तथा सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहे। इन गतिविधियों ने छात्राओं को सीखने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणामकार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
1. स्वास्थ्य विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता: प्रथम – अरुणा* द्वितीय – हिमांशी* तृतीय – अशिका
2. स्वच्छता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता: प्रथम – कामिनी* द्वितीय – फातिमा* तृतीय – आरुषि
3. स्लोगन प्रतियोगिता* प्रथम – छवि* द्वितीय – गुंजन* तृतीय – राधिका
4. प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता* प्रथम – रिया शर्मा* द्वितीय – संध्या* तृतीय – अंशुमिशा
5. भाषण प्रतियोगिता* प्रथम – अपर्णा एवं शोभा शर्मा* द्वितीय – आफरीन* तृतीय – वृंदा
6. आत्मसुरक्षा प्रतियोगिता* प्रथम – वारिशका* द्वितीय – खुशी
7. व्यक्तिगत सुरक्षा विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता* प्रथम – प्रिंका* द्वितीय – जिया* तृतीय – इवरा मरियम
8. व्यक्तिगत सुरक्षा विषय पर नाटक प्रतियोगिता* प्रथम – निधि* द्वितीय – कशिका* तृतीय – अहाना
9. किशोरावस्था एवं मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर भाषण प्रतियोगिता* प्रथम – पारुल* द्वितीय – ईशागिरी* तृतीय – नंदनी
10. स्वीप प्रतियोगिता ( रंगोली) * प्रथम – निर्माण* द्वितीय – स्पर्श* तृतीय – वैष्णवी एवं कशिश
11. पोषण विषय पर प्रतियोगिता* प्रथम – शायनी* द्वितीय – रिया* तृतीय – अनन्या
कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के संचालन में अरुणा, अलका, दीप्ति, कमलेश, इंदु त्यागी सहित अन्य शिक्षिकाओं एवं सहयोगियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साह और रचनात्मकता के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य और स्वच्छता केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण का आधार हैं। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में वैज्ञानिक सोच, स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) पारुल वर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और स्वच्छता एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और स्वच्छता को केवल एक दिन की गतिविधि न मानकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य और आत्मसुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि सही जानकारी और अच्छी आदतें अपनाकर अनेक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है।मुख्य अतिथि पारुल वर्मा ने कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं द्वारा तैयार की गई रंगोलियों एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं की कल्पनाशीलता, मेहनत और विषय के अनुरूप दिए गए जागरूकता संदेशों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को किसी विषय को केवल पढ़ने के बजाय उसे समझने और रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर देती हैं।
रघुनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अंजू रानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि छात्राओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार बनाना भी है। स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और आत्मसुरक्षा जैसे विषय प्रत्येक छात्रा के जीवन से जुड़े हैं।
उन्होंने छात्राओं से कार्यक्रम में सीखी गई बातों को अपने व्यवहार में अपनाने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक दीपक शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विज्ञान लोक लोकप्रियकरण एवं संचार कार्यक्रम के महत्व को समझाया। उन्होंने छात्राओं को SWEEP (स्वीप) गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि इनके माध्यम से विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों को आयोजित कर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उसे दैनिक जीवन से जोड़ना आवश्यक है। स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और आत्मसुरक्षा जैसे विषयों पर वैज्ञानिक समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं को कार्यक्रम में सीखी गई बातों को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, शिक्षिकाओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।


