नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग की ओर से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल से दक्ष बनाने के उद्देश्य से ‘पाइथन एवं ओपनसीवी के साथ कंप्यूटर विजन’ (Computer Vision with Python & OpenCV) विषय पर छह दिवसीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को कंप्यूटर विजन, इमेज प्रोसेसिंग, ऑब्जेक्ट डिटेक्शन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली तकनीकों का वास्तविक अनुभव प्रदान करना रहा, ताकि वे आधुनिक तकनीक का उपयोग कर वास्तविक जीवन की समस्याओं के प्रभावी समाधान विकसित कर सकें।
कार्यशाला का आयोजन फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन प्रो. (डॉ.) मनोज कपिल तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार गर्ग के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला में मुख्य विशेषज्ञ के रूप में सीईपीटीए (CEPTA) नोएडा के कंप्यूटर विजन एवं पाइथन ट्रेनर श्री लखविंदर सिंह ने प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाइथन प्रोग्रामिंग की मूलभूत जानकारी, ओपनसीवी की स्थापना एवं उपयोग तथा इमेज रीडिंग, डिस्प्ले और सेविंग जैसी तकनीकों का अभ्यास कराया।

कार्यशाला में बीटेक, एमटेक, एमसीए एवं बीसीए के विद्यार्थियों सहित अन्य इच्छुक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रोग्रामिंग और विभिन्न तकनीकी प्रयोगों के माध्यम से अपनी दक्षता को निखारा। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कंप्यूटर विजन के वास्तविक जीवन में उपयोग और उनकी संभावनाओं को भी समझा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की कौशल आधारित कार्यशालाएं विद्यार्थियों के तकनीकी एवं व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कंप्यूटर विजन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसी उभरती तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के साथ रोजगार एवं करियर के नए अवसर प्रदान करने में सहायक होगा। कार्यशाला के सफल समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।


