नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पूर्व सैनिकों एवं शहीद व दिवंगत सैनिकों की पत्नियों तथा उनके आश्रितों की समस्याओं के निस्तारण के लिए जिला सैनिक बंधु की नवंबर माह की मासिक बैठक सोमवार 16 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (नगर) आदित्य कुमार प्रजापति ने की।
बैठक में भूमि संबंधी शिकायतों, विवादों तथा पुलिस से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। बैठक में भूतपूर्व सैनिक की पत्नी अनिता नेहरा के पड़ोसी से विवाद, जसवंत सिंह की कृषि भूमि की मेड़ काटने, सुखबीर सिंह की भूमि पैमाइश, जशवंत सिंह तोमर के नाली के मोड़, अबरीशा खातून के घर के सामने से बिजली का खंभा हटाने तथा कार्यरत सैनिकों के लंबित मामलों पर चर्चा की गई। सैनिक कल्याण निदेशालय लखनऊ से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा हुई।
शहीदों के नाम पर सड़कों के नामकरण का कार्य न बढ़ने पर भी चर्चा हुई। इस विषय पर लोक निर्माण विभाग की शिकायत आख्या अभी लंबित है। अपर जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।


