नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को अंतिम लीग मैच हुए। इसमें जेएमएस वर्ल्ड स्कूल और राधा गोविंद पब्लिक स्कूल की टीम ने मैच जीते। वहीं, जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ और रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल के बीच शनिवार को टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच होगा।
शुक्रवार को पहले लीग मैच में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 179 रन बनाए। इसमें रिहान ने 44, अभिजीत ने 42, विपुल ने 40, प्रिंस ने 22 रन बनाए। गेंदबाजी में अहम ने दो, पुनित ने दो, मितांशु ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राधा गोविंद पब्लिक स्कूल की टीम 19.1 ओवर में 144 रन ही बना सकी। टीम की ओर से मितांशु ने 40, अर्नव ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में सुभान ने तीन, कुश ने दो, अखिल ने दो, प्रिंस ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच सुभान रहे।
दूसरे मैच में दीवान पब्लिक स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। इसमें समीर ने 66, दक्ष ने 56, धैर्य ने 39 रन बनाए। गेंदबाजी में पुनित ने दो, पुलकित, अरहम ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राधा गोविंद पब्लिक स्कूल की टीम ने 18.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए और 8 विकेट से मैच जीता। टीम की ओर से तन्मय ने 68, प्रांजल ने 80, अहम ने 60 रन बनाए। गेंदबाजी में शौर्य ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच प्रांजल रहे।
मैच के बाद दीवान और राधा गोविंद पब्लिक स्कूल की टीम के खिलाड़ियों को प्रधानाचार्य गोपाल दीक्षित व उप प्रधानाचार्या प्रभा राव ने प्रमाण पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि शनिवार को पहला सेमीफाइनल मैच जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ और रुद्रा इंटरनेशनल के बीच होगा। दूसरा सेमीफाइनल मैच डीपीएस और ऋषभ स्कूल के बीच रविवार को खेला जाएगा।


