Homeउत्तर प्रदेशमेरठकार्तिक पूर्णिमा पर गगोल तीर्थ में उमड़ा आस्था का सैलाब

कार्तिक पूर्णिमा पर गगोल तीर्थ में उमड़ा आस्था का सैलाब

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मेरठ के ऐतिहासिक गगोल तीर्थ में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ऋषि विश्वामित्र की तपोभूमि पर स्थित गगोल तीर्थ में स्नान और दान करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ ही तीर्थ परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। पूरा तीर्थ परिसर भक्तिमय माहौल और श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठा।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही दूर-दराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गगोल तीर्थ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने तीर्थ के सरोवर में विधि-विधान के साथ आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया। लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र सरोवर में स्नान और दान करने का विशेष महत्व है। इसी आस्था के चलते सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

मेले में झूले और दुकानों पर उमड़ी भीड़

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गगोल तीर्थ परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए तरह-तरह के झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा खिलौनों, घरेलू सामान और खाने-पीने की दुकानें भी सजी हुई हैं। श्रद्धालुओं ने स्नान और पूजा-अर्चना के बाद मेले में खरीदारी की और बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। दुकानों पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ दिखाई दी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही अलर्ट

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। मेला परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पूरे क्षेत्र पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके साथ ही सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है, ताकि असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए मेला परिसर में बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया। पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालने में जुटे रहे, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान, पूजा-अर्चना और मेले में आने-जाने में परेशानी न हो। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गगोल तीर्थ में दिनभर धार्मिक उत्साह और मेले की रौनक बनी रही

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular