- आरओपी पर बनेगी रणनीति, 29 नवंबर को मेरठ में जुटेंगे आंख विशेषज्ञ
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। समय से पहले जन्मे बच्चों में अंधत्व की रोकथाम के लिए 29 नवंबर को मेरठ में ‘आरोहण-अवेयरनेस विद एक्शन’ कार्यक्रम होगा। इसमें चिकित्सा विशेषज्ञ, सामाजिक संगठन और आम नागरिक बच्चों की आंखों की सुरक्षा पर मंथन करेंगे।
गढ़ रोड स्थित सम्राट स्वीट्स पर प्रेसवार्ता में AARONYA Foundation for People की अध्यक्ष डॉ. कीर्ति जैन ने बताया कि बच्चों की रोशनी बचाना केवल डॉक्टरों का काम नहीं, इसमें परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है। जागरूकता और समय पर जांच से कई बच्चों को जीवनभर के अंधेरे से बचाया जा सकता है। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण फाउंडेशन का फ्लैगशिप प्रोजेक्ट ‘नन्ही आंखें’ रहेगा। इसके तहत समय से पहले जन्मे बच्चों में होने वाली रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (आरओपी) की शुरुआती पहचान कर अंधत्व का खतरा रोकने पर काम किया जा रहा है। अस्पतालों, गांवों और जन्म केंद्रों तक पहुंचकर जोखिम वाले नवजातों की पहचान की जा रही है।
‘जीरो ब्लाइंडनेस, हेल्दी नेशन’ विजन
डॉ. जैन ने बताया कि ग्रामीण और दूरदराज का कोई भी बच्चा जानकारी की कमी या देरी के कारण जांच और उपचार से वंचित न रहे, इसके लिए अभिभावकों, स्वास्थ्यकर्मियों और संगठनों को जोड़ा जा रहा है। फाउंडेशन का विजन ‘जीरो ब्लाइंडनेस, हेल्दी नेशन’ है।


